जमशेदपुर/रांची
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को झारखंड के खूंटी में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा- पहले चरण के मतदान से तीन बातें स्पष्ट हुई हैं। लोकतंत्र को मजबूत करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान के प्रति झारखंड के लोगों की आस्था अभूतपूर्व है। भाजपा सरकार ने नक्सलवाद की कमर तोड़ी है। उसे बहुत छोटे इलाके तक समेट दिया है। उससे डर का माहौल कम हुआ है। विकास का माहौल बना है।
मोदी ने कहा- प्रधानमंत्री बनने के बाद खूंटी में यह मेरा दूसरा दौरा
- ‘पहले फेज में जिस प्रकार झारखंड के लोग मतदान करने पहुंचे मतदान किया उस प्रथम चरण के मतदान के लिए मैं झारखंड के मतदाताओं का अभिनंदन करता हूं। हालांकि 30 नवंबर को निराशा में डूबे लोगों ने ऐसे लोगों ने जिन्हें झारखंड की जनता नकार चुकी है। पहले चरण के मतदान के समय यहां माहौल खराब करने की कोशिश हुई। पूरे देश ने देखा है, लेकिन झारखंड के लोगों ने कोशिशों को नाकाम कर दिया है।’
- ‘पहले चरण के मतदान के बाद तीसरी बात ये स्पष्ट हुई है कि झारखंड के लोगों में भाजपा सरकार के प्रति एक विश्वास की भावना जगी है। झारखडं का विकास अगर कोई दल कर सकता है तो वो सिर्फ भाजपा ही कर सकती है। यही भावना मुझे खूंटी में दिखाई दे रही है।’
- ‘झारखंड के लोग देख रहे हैं कि दिल्ली और रांची में डबल इंजन लगाने से विकास की गति तेज और स्थाई होती है। अर्जुन मुंडा ने सही कहा दिल्ली ने राज्य में गांव तक विकास पहुंचाया और राज्य सरकार ने इसे जिम्मेदारी से निभाया। यहां की जनता कह रही है। झारखंड पुकारा भाजपा दोबारा।’
- ‘आपके पड़ोस में जहां भाजपा की सरकार नहीं वहां की स्थिति देख लीजिए। किसानों, पिछड़ों, आदिवासियों के साथ कांग्रेस ने झूठे वादे कर सरकार तो बना ली। लेकिन वादे को पूरा करने से दूर भाग रही है। लोगों को सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। झारखंड जानता है कि कांग्रेस और झामुमो की राजनीति छल और स्वार्थ की राजनीति है।’
मोदी ने जमशेदपुर में चुनावी सभाओं को संबोधित किया
- उन्होंने कहा- यहां आने का मुझे कई बार सौभाग्य मिला है। पीएम बनने के बाद भी मेरा यहां दूसरा कार्यक्रम है। 2016 में जब पंचायती राज्य के कार्यक्रम में आपके बीच आया था, तब मैंने कहा था कि हमारी सरकार दिल्ली में समिट करने वाली नहीं है। हम एसी कमरों में चैन से सोने वाले नहीं हैं। भाजपा सरकार ने केंद्र सरकार को दिल्ली से निकालकर देश के कोने-कोने तक पहुंचाया है।
- इस साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का कार्यक्रम भी रांची में किया गया। झारखंड को दुनिया में नई पहचान दिलाने का श्रेय आप सभी को है। कांग्रेस और झामुमो के राज में यहां से भ्रष्टाचार की खबरें, लूट की खबरें आती थी। इन दलों के अनेक नेताओं पर आज भी भ्रष्टाचार के केस अदालतों में चल रहे हैं। अपने स्वार्थ के लिए भ्रष्टाचार के लिए इन्होंने मुख्यमंत्री पद के कुर्सी का सौदा कर दिया था।
- 15 साल में झारखंड ने 10 बार मुख्यमंत्रियों को बदलते देखा है। 15 साल में 10, मैं 13 साल अकेला मुख्यमंत्री था। उस स्थिरता का परिणाम है, गुजरात कहां से कहां पहुंच गया। यानी जितनी तेजी से झारखंड का मौसम नहीं बदलता था उतनी तेजी से मुख्यमंत्री बदल जाते थे। अस्थिरता के लिए कांग्रेस और झामुमो का निजी स्वार्थ जिम्मेदार है।
- भाजपा ने अस्थिरता के दौर पर रोक लगाई और पहली बार पांच साल तक एक ही मुख्यमंत्री झारखंड को दिया। इसी स्थिरता का परिणाम है कि नक्सलवाद पर प्रभावी कार्रवाई हो रही है। बिजनेस के लिए अनुकुल माहौल बना है। इसे बनाए रखने के लिए झारखंड पुकार रहा है भाजपा सरकार दोबारा।
- पांच साल में झारखंड के विकास के लिए दिल्ली और रांची में भाजपा सरकार के डबल इंजन ने मिलकर काम किया। भाजपा के डबल इंजन का झारखंड को कैसे लाभ हुआ है इसका हिसाब जानना जरुरी है। 2014 से पहले जो कांग्रेस की सरकार केंद्र में थी उसने झारखंड के लिए जितने रुपए दिए उसका कई गुना बजट झारखंड को दिल्ली की भाजपा सरकार ने दिया।
- दिल्ली में जो कांग्रेस की सरकार रही जिसमें झामुमो की भागीदारी रही। उसने समस्याओं को उलझाया है हमने समस्याओं को सुलझाया है। उन्होंने देश को लूटा है हमने देश को लौटाया है। इसलिए झारखंड की गंभीर पुरानी समस्याओं को सुलझाने का काम भाजपा ही कर सकती है।
- देश आजाद हुआ तब से भारत के हर कोने में जम्मू की चर्चा 370 की चर्चा चल रही थी। एक टोली टेंम्परेरी को परमानेंट बनाने में लगी थी। लेकिन देश की जनता ने मोदी को इसके लिए दि्लली नहीं भेजा है। देश की जनता ने मोदी को कठोर फैसले लेने के लिए भेजा है। लटका हुआ 370 हटा दिया गया।
- राम जन्मभूमि विवाद हमारे बाद पैदा हुआ क्या? ये विवाद सुलझना जरुरी था। पहले षड़यंत्र कर इस विवाद को टाला गया। रोका गया। कांग्रेस ने उसे उलझाया। अपनी वोट बैंक के लिए उपयोग किया। इतना बड़ा मसला आज शांति से निपट गया।
- हमारी मुस्लिम बहनों के साथ घोर अन्याय होता था। तीन तलाक जिंदगी तबाह कर देता था। कई बहन-बेटियां शादी कर सपने लेकर जाती थी तबाह होकर लौटती थी। ये अन्याय सिर्फ तलाकशुदा मुस्लिम महिलाओं को नहीं था। सच ये है कि तीन तलाक के कारण मुस्लिम पुरुष भी दुखी था। मुसलमान समाज का हर वर्ग दुखी थी क्योंकि हर मुसलमान बाप को चिंता रहती थी कि बेटी को शादी के बाद भेज तो रहा हूं लेकिन तीन तलाक के चलते वापस न आना पड़े। आज तीन तलाक के खिलाफ कानून लाकर हमने मुस्लमान भाइयाों माताओं बहनों की इज्जत की जिंदगी को रक्षा करने का काम किया है। कांग्रेस सहयोगियों ने रोड़े अटकाए।
दूसरे चरण की 20 विधानसभा सीटों पर 7 दिसंबर को मतदान
राज्य में दूसरे चरण की 20 विधानसभा सीटों पर 7 दिसंबर को मतदान होना है। जमशेदपुर पूर्वी सीट से मुख्यमंत्री रघुवर दास चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुख्य मुकाबला भाजपा के बागी और रघुवर कैबिनेट में मंत्री रहे सरयू राय से माना जा रहा है। सरयू राय इस सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, कांग्रेस ने गौरव वल्लभ को मैदान में उतारा है।
7 दिसंबर को 20 विधानसभा सीटों पर मतदान
झारखंड में दूसरे चरण में 7 दिसंबर को 20 विधानसभा सीटों पर मतदान हैं। इनमें जमशेदपुर पूर्वी और खूंटी विधानसभा शामिल हैं। इसके अलावा, बहरागोड़ा, घाटशिला, पोटका, जुगसलाई, जमशेदपुर पश्चिमी, सरायकेला, चाईबासा, मझगांव, जगन्नाथपुर, मनोहरपुर, चक्रधरपुर, खरसांवा, तमाड़, तोरपा, मान्डर, सिसई, सिमडेगा, कोलेबिरा सीट है। इससे पहले 13 विधानसभा सीटों के लिए 30 नवंबर को वोट डाले गए थे। राज्य में कुल पांच चरणों में चुनाव होना है। परिणाम 23 दिसंबर को आएंगे।