नई दिल्ली/गुवाहटी/ अगरतला/ कोलकाता
असम समेत पूर्वोत्तर भारत में नागरिकता (संशोधन) विधेयक का विरोध जारी है। मेघालय और त्रिपुरा में तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं और जगह जगह प्रदर्शन हो रहे हैं। असम के अलावा दूसरे राज्यों के शहरों में भी बंद के हालात हैं। असम के गुवाहाटी और डिब्रूगढ़ में पहले से अधिक शांति है पर तनाव बना हुआ है। गुवाहाटी में आज सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई है।
महराष्ट्र के मुंबई में रहने वाले असम के लोगों ने नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ शहर के आजाद मैदान में प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में अभिनेता दीपान्निता शर्मा ने भी हिस्सा लिया।
कर्नाटक में बांग्ला कैंप में रहने वाले बांग्लादेश के हिंदू शरणार्थियों ने रंगों के साथ होली खेलकर खुशी जाहिर की। यह सभा रायचूड़ जिले के सिंधानूर तालुक में रहते हैं।
भारतीय सेना ने पूर्वोत्तर में अपनी कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ संदिग्ध लोगों द्वारा फैलाई जा रही फर्जी खबरों से लोगों को सावधान रहने की अपील की है।
डिब्रूगढ़ में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक कर्फ्यू में छूट दी गई है: डिब्रूगढ़ के उपायुक्त पल्लव गोपाल झा ने बताया कि डिब्रूगढ़ में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक कर्फ्यू में छूट दी गई है।
गुवाहाटी में सुबह नौ से शाम चार बजे तक कर्फ्यू में ढील
गुवाहाटी में लगाए गए कर्फ्यू में सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक ढील दी गई है। दिसपुर, उजान बाजार, चांदमारी, सिलपुखुरी और जू रोड सहित कई स्थानों पर दुकानों के बाहर लंबी कतारें नजर आईं। ऑटो-रिक्शा और साइकिल-रिक्शा सड़कों पर नजर आएं लेकिन बसें अब भी नदारद रहीं। शहर में पेट्रोल पंप भी खोल दिए गए हैं, जहां वाहनों की लंबी कतारें दिखीं।