- नागरिकता कानून: सिद्धारमैया को कर्नाटक पुलिस का नोटिस, असम हिंसा की एसआईटी करेगी जांच
- आरजेडी का बिहार बंद, भैंस लेकर सड़क पर उतरे कार्यकर्ता, कई जिलों में हिंसा
- दरियागंज हिंसा में 10 गिरफ्तार, चंद्रशेखर आजाद हिरासत में, सभी मेट्रो खुले
लखनऊ
नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ चल रहा उग्र विरोध-प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हुए हिंसक प्रदर्शन में 13 लोगों की मौत हो गई, जिसमें एक आठ साल का बच्चा भी शामिल है। जानकारी के अनुसार मेरठ में चार, बिजनौर, कानपुर, संभल में दो-दो, मुजफ्फरनगर, फिरोजाबाद व वाराणसी में एक-एक की जान गई है। हालांकि आईजी कानून व्यवस्था ने आठ की मौत की पुष्टि की है। आज स्कूल कॉलेज बंद हैं। कई जिलों में इंटरनेट ठप है।
पॉलीटेक्निक की आज की विशेष बैक परीक्षा स्थगित
शनिवार को होने वाली पॉलीटेक्निक की विशेष बैक परीक्षा भी स्थगित कर दी गयी है। देर रात इसका निर्णय किया गया। प्रविधिक शिक्षा परिषद के सचिव संजीव सिंह ने बताया कि अपरिहार्य कारणों से परीक्षा स्थगित की गई है। जल्द ही इसकी तिथि जारी कर सूचित कर दिया जाएगा। इससे पहले शुक्रवार की भी परीक्षा स्थगित कर दी गयी थी।
प्रदेश में सभी स्कूल आज बंद रहेंगे
प्रदेश के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में शनिवार को अवकाश रहेगा। प्रदेश सरकार ने बुधवार को ठंड और शीत लहर के चलते बृहस्पतिवार और शुक्रवार को स्कूलों में अवकाश घोषित किया था। सरकार ने इस अवकाश को शनिवार तक बढ़ाया है। माध्यमिक शिक्षा विभाग की प्रमुख सचिव अराधना शुक्ला ने बताया कि शनिवार को सभी शिक्षण संस्थाएं बंद रहेगी।
भैंसे के साथ नेशनल हाइवे पर प्रदर्शन
बिहार के हाजीपुर में आरजेडी कार्यकर्ता नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। बंद समर्थकों ने हाजीपुर मुज्जफ्फरपुर एनएच-22 को भगवानपुर में बंद करा दिया है। आरजेडी कार्यकर्ता भैंसो के साथ नेशनल हाईवे पर आ गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने भैंसों के ऊपर पोस्टर टांग रखी है, जिस पर लिखा है ‘काला कानून नहीं चलेगा. मैं भारतीय हूं।’ नेशनल हाई वे पर कई जगहों पर टायर जला दिया गया है।
तेजस्वी ने कहा-शांतिपूर्ण प्रदर्शन होगा
तेजस्वी यादव ने खुद को गांधीवादी बताते हुए बंद के शांतिपूर्ण रहने का दावा किया है। उन्होंने प्रशासन को चेताया है कि हमें शांतिपूर्ण विरोध करना है, फिर भी पुलिस ने अगर बल प्रयोग किया या आरजेडी समर्थकों को नुकसान पहुंचाया तो अंजाम बुरा होगा।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करने का सबको अधिकार है। सत्ता में बैठे लोगों को तय करना है कि वे कैसे प्रबंध करते हैं। तेजस्वी ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून असंवैधानिक और मानवता के खिलाफ है। इसने भारतीय जनता पार्टी के विभाजनकारी चरित्र को उजागर किया है।
बिहार में नहीं लागू होगा एनआरसी लागू: नीतीश कुमार
असम की तर्ज पर पूरे देश में राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) लागू कराने की तैयारी कर रही केंद्र सरकार में भाजपा के सहयोगी दल भी इससे सहमत नहीं हैं। कई मुद्दों पर केंद्र सरकार से अलग रुख दिखा चुकी जदयू भी शुक्रवार को एनआरसी का विरोध करने वालों की सूची में शामिल हो गई। बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू अध्यक्ष नीतिश कुमार ने स्पष्ट तौर पर कहा कि वह अपने यहां एनआरसी को लागू नहीं कराएंगे।
नीतिश ने यहां मीडिया से कहा, काहे का एनआरसी? बिल्कुल लागू नहीं होगा। उन्होंने यह बात इंडिया रोड कांग्रेस के 80वें वार्षिक सत्र से बाहर निकलने के बाद अपने वाहन की तरफ जाते समय कही। नीतिश कुमार एनडीए के पहले मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने पूरे देश में तनाव और प्रदर्शनों का कारण बन रही एनआरसी को लेकर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है।