- दिल्ली में सीजन की सबसे सर्द सुबह; पारा 2.4° पर पहुंचा, 2 दिन राहत के आसार नहीं
TIO भोपाल।
मध्य प्रदेश में तेज शीतलहर का कहर जारी है। कई इलाकों में तापमान इतना कम हो गया है कि पेड़-पौधों पर बर्फ जमने लगी है। प्रदेश में आज सुबह सबसे कम तापमान टीकमगढ़ में 1डिग्री दर्ज किया गया। उधर कई शहरों में पारा 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया। ग्वालियर-चंबल अंचल में ठंड का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। ग्वालियर शहर में ही तापमान 4.3 डिग्री दर्ज किया गया। इंदौर में पारा 6.6 डिग्री दर्ज हुआ। बालाघाट में ठंड का असर बढ़ता जा रहा है, प्रदेश के कई इलाकों में ठंड की वजह से फसलों पर पाला पड़ने का खतरा बढ़ गया है।
इंदौर में पारा 6.6 डिग्री पर
इंदौर शहर में तापमान 6.6 डिग्री दर्ज किया गया है। आने वाले दिनों में पारे की गिरावट जारी रहेगी। मावठा भी गिर सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड की आशंका है। 31 दिसंबर और एक जनवरी को बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तरपश्चिम की ओर से चलने वाली ठंडी हवा नीचे की तरफ बह रही है। इसके चलते प्रदेश में तापमान में अचानक से गिरावट आई है।
1936 में 1.1 डिग्री तक पहुंचा था पारा : इंदौर शहर में अब तक का सबसे कम तापमान करीब 83 साल पहले 1936 में दर्ज हुआ था। 27 दिसंबर 1936 को न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। पिछले दस साल में दिसंबर माह में सबसे कम तापमान 2014 में दर्ज हुआ था। 17 दिसंबर 2014 को पारा 5 डिग्री तक पहुंच गया था।
शहर और तापमान
टीकमगढ़ – 1
छिंदवाड़ा – 4.8
शिवपुरी – 5.0
खंडवा – 7.0
ग्वालियर – 4.3
गुना – 5.2
शाजापुर – 5.0
राजगढ़ – 5.5
उज्जैन – 5.0
रतलाम – 5.2
सागर – 4.0
रायसेन – 3.2
दमोह – 2.5
नौगांव – 3.1
इंदौर – 6.6
होशंगाबाद – 8.4
बैतूल – 2.8
पचमढ़ी – 1.2
खरगोन – 3.7
धार – 5.2
उमरिया – 1.9
सिवनी – 5.0
नरसिंहपुर – 7.4
देश के उत्तरी और पूर्वी हिस्से में सर्दी का कहर जारी है। दिल्ली में शनिवार सुबह 6:10 बजे तापमान 2.4° सेल्सियस पहुंच गया, जबकि शुक्रवार सुबह दिल्ली का तापमान 4.2° सेल्सियस दर्ज किया गया था। शुक्रवार को श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -5.6° रहा, जो सीजन की सबसे ठंडी रात रही। शीतलहर से यूपी में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है।
मैदानी इलाकों में सबसे कम तापमान राजस्थान के चुरू में माइनस 0.6° दर्ज किया गया। हरियाणा के हिसार में 0.3° और यूपी के कई जिलों में तापमान 6° सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में सतह पर मौजूद पानी जमने की संभावना भी जताई है।
‘सीवियर कोल्ड डे’ और ‘कोल्ड डे’ की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगण और दिल्ली समेत उत्तरी राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी शीतलहर बरकरार रहने की संभावना है। वहीं, बिहार और पश्चिमी मध्यप्रदेश में ‘सीवियर कोल्ड डे’ की चेतावनी जारी की गई है। यहां तापमान सामान्य से 5-8° सेल्सियस तक गिर सकता है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम के हिमालय की तराई में आने वाले क्षेत्र, पूर्वी मध्यप्रदेश, झारखंड और ओडिशा में ‘कोल्ड डे’ रहने के आसार हैं।
घने कोहरे से यातायात पर असर हो सकता है
सर्दी के साथ उत्तर और पूर्वी भारत में घने कोहरे की चेतावनी भी जारी की गई है। 30 दिसंबर के बाद अगले 4-5 दिनों तक दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, उत्तरी मध्यप्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर कोहरे के चलते यातायात प्रभावित हो सकता है।
तटीय इलाकों में बारिश की संभावना
31 दिसंबर से 1 जनवरी तक उत्तर पूर्वी और मध्य भारत में बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी अफगानिस्तान के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। यह सिस्टम 30 दिसंबर से पश्चिमी हिमालय पर असर डालेगा। पूर्वी असम में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दिखाई दे रहा है। इससे तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, ओडिशा उत्तर पूर्वी राज्यों में बारिश हो सकती है।

