कोरोना के छह संक्रमित मरीज, आज होगी उच्चस्तरीय बैठक

0
249

नई दिल्ली

देश में अब तक कोरोनावायरस के छह पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें तीन केरल के थे, जिन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया गया। तीन मरीज दिल्ली, जयपुर और तेलंगाना में मिले हैं, जिनका इलाज चल रहा है। वहीं, जयपुर में मिले इटली के संक्रमित मरीज की पत्नी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। सभी की हालत फिलहाल स्थिर है। दिल्ली के संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए आगरा के एक ही परिवार के छह लोगों में कोरोनावायरस के लक्षण मिले हैं।

नोएडा में छह लोगों की रिपोर्ट निगेटिव

नोएडा में कोरोना वायरस के संदेह में तीन बच्चों समेत जिन छह लोगों के नमूने लिए गए थे, उनकी जांच निगेटिव पाई गई है। हालांकि सभी छह लोगों को अगले 14 दिन के लिए अपने-अपने घर में अलग-थलग रहने को कहा गया है। अधिकारियों ने बताया कि अगर उनमें कोविड-19 के लक्षण नजर आते हैं तो उनके नमूनों की फिर से जांच की जाएगी। नोएडा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक मंगलवार को जिन लोगों के नमूने लिए थे उनमें एक दंपति और 12 वर्ष का उनका बेटा, एक महिला और उसके दो बच्चे शामिल थे। ये छह लोग दिल्ली के एक व्यक्ति द्वारा दी गई पार्टी के दौरान उसके संपर्क में आ गए थे। इस व्यक्ति में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई थी। प्रशासन ने आज फिर साफ किया है कि स्कूल बंद करने के संबंध में कोई आदेश नहीं दिया गया है।

आज होगी उच्चस्तरीय बैठक

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन आज कोरोनावयरस के फैलते कहर को लेकर प्रबंधन और तैयारियों के लिए दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

तिब्बती स्कूलों में आठवीं कक्षा तक दो महीने का अवकाश घोषित

कोरोनावायरस के खौफ के चलते निर्वासित तिब्बत सरकार की ओर से संचालित तिब्बती चिल्ड्रन विलेज्स (टीसीवी) ने अपने देश भर में संचालित सभी स्कूलों में आठवीं कक्षा तक के बच्चों को दो महीने की छुट्टी दे दी है। सर्दियों की दो माह की छुट्टियों के बाद मंगलवार को टीसीवी के स्कूल खुलने थे। निर्वासित तिब्बत सरकार के कल्याण अधिकारी कुंगा सेरिंग ने बताया कि इन छुट्टियों में बच्चे तिब्बत, भूटान, थाइलैंड समेत कई देशों में चले जाते हैं ऐसे में एहतियात के तौर पर यह निर्णय लिया गया है। हिमाचल में टीसीवी के पांच स्कूल हैं। चार कांगड़ा जिले और एक मंडी के चौंतड़ा में है।

अमेरिका में अब तक नौ लोगों की मौत

अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में कोरोनावायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। वहीं 27 लोग इससे संक्रमित है और 236 लोगों को निगरानी में रखा गया है। मरने वालों में सबसे ज्यादा किंग काउंटी शहर से हैं यहां आठ लोगों की मौत हुई है।

विश्व बैंक समूह करेगा मदद

विश्व बैंक समूह कोरोनावायरस (covid19) प्रकोप के कारण स्वास्थ्य और आर्थिक प्रभावों का सामना करने वाले देशों के लिए तत्काल सहायता में 12 बिलियन डॉलर  प्रदान करेगा। इस पैकेज में आपातकालीन वित्तपोषण, नीति सलाह और तकनीकी सहायता भी शामिल होगी।

ईरान ने कोरोना के खिलाफ उतारी फौज, आठ फीसदी सांसद चपेट में

ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामनेई ने मंगलवार को कहा कि कोरोनावायरस को फैलने से रोकने में सशस्त्र सेनाओं की मदद ली जाएगी। खामनेई ने कहा कि सेना स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ काम करेगी और इस वायरस को दूसरे लोगों में पहुंचने से रोकने की कोशिश करेगी। सरकार की योजना है कि तीन लाख सैनिकों और स्वयंसेवकों को इस काम पर लगाने की है। यहां की 290 सदस्यीय संसद मजलिस में 23 या आठ फीसदी सांसद वायरस की चपेट में हैं।

ब्रिटेन में भी सेना तैयार

ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन ने कहा कि किसी भी खराब स्थिति में, लोक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सेना, पुलिस की मदद करने के लिए तैयार है। सरकार ने वायरस को फैलने से रोकने के लिए अपनी एक खास योजना तैयार की है और इसे बैटल प्लान नाम दिया है। इस योजना में चेतावनी दी गई है कि यह हो सकता है कि देश के कर्मचारियों का कुल पांचवा हिस्सा कोरोना के चलते काम पर नहीं पहुंचे।