नई दिल्ली
केरल में शुक्रवार को कोरोनावायरस से संक्रमण के 17 नए मामले सामने आए। इनमें 5 ब्रिटिश नागरिक शामिल हैं। मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने बताया कि राज्य में संक्रमितों की संख्या 40 हो गई है। राज्य में 7 विदेशी भी संक्रमित हैं। इसके साथ देश में संक्रमण के मामले 242 हो गए हैं। इससे पहले राजस्थान में 8 मामलों की पुष्टि हुई। उधर, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में सभी मॉल बंद कर दिए गए। दिल्ली में ग्रॉसरी, मेडिकल और वेजिटेबल शॉप खुली रहेंगी। रविवार को जनता कर्फ्यू के तहत दिल्ली मेट्रो और हरियाणा में बस सर्विस बंद रहेगी। वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र के चार शहरों मुंबई, पुणे, नागपुर और पिंपरी चिंचवड़ को लॉकडाउन कर दिया गया है।
हालांकि, महाराष्ट्र में जरूरी सामान मिलता रहेगा। देश में इस संक्रमण के कारण पहली बार लॉकडाउन किया गया है। यहां पहली से आठवीं तक की परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। सभी को जनरल प्रमोशन दिया जाएगा। सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवने ने कोविड-19 से निपटने की सुरक्षाबलों की तैयारियों की समीक्षा की। आर्मी की एडवाइजरी के अनुसार, 35% अधिकारी और 50% जवान 23 मार्च से एक सप्ताह तक घर से काम करेंगे। 30 मार्च को दूसरा समूह वर्क फ्रॉम होम करेगा।
सेना की एडवाइजरी की अहम बातें
- सभी कॉन्फ्रेंस और सेमिनार 15 अप्रैल तक टाले गए।
- एनुअल मेडिकल एग्जामिनेशन (एएमई) और पीरियोडिक मेडिकल एग्जामिनेशन (पीएमई) 15 अप्रैल तक टाले गए।
- जो जवान छुट्टी पर हैं उनकी छुट्टी 15 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है।
- सभी अफसरों और जवानों की पोस्टिंग स्थगित कर दी गई है।
- 15 अप्रैल तक अधिकारियों को किसी भी असाइनमेंट के लिए विदेश जाने पर रोक।
लंदन से लौटा युवक तेलंगाना में संक्रमित मिला
गुजरात में आज संक्रमण के दो केस सामने आए। यहां कुल मामले सात हो गए हैं। वहीं, तेलंगाना के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि हैदराबाद में लंदन से लौटे युवक में कोरोनावायरस से संक्रमण का मामला सामने आया है। राज्य में अब 17 मामले हो गए हैं। कोरोनावायरस के चलते हरियाणा में धारा-144 लगा दिया गया है। राज्य सरकार ने लोगों की भीड़ न जुटे इसकी वजह से यह फैसला लिया है। उधर, तुर्की से लौटे हरियाणा के जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने खुद को क्वारैंटाइन कर लिया है। टोक्यो ओलिंपिक्स के लिए क्वॉलिफाई कर चुके जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा कोरोनावायरस की वजह से भारत लौट आए हैं।
सिंगर कनिका कपूर संक्रमित, लंदन से लौटकर 500 लोगों को पार्टी भी दी थी
बेबी डॉल और चिटियां कलाइयां जैसे हिट गीत गाने वाले सिंगर कनिका कपूर को भी संक्रमित पाया गया है। वे हाल ही में लंदन से लौटी थीं। खबर यह भी है कि उन्होंने वहां से लौटकर पार्टी दी थी, जिसमें करीब 500 मेहमान शामिल हुए थे। उधर, भाजपा नेता वसुंधरा राजे ने कहा कि लखनऊ में रहते हुए मैं अपने बेटे दुष्यंत और उसके ससुराल वालों के साथ एक पार्ट में शामिल हुई थी। इसमें कनिका कपूर भी थी। हालांकि, मेरे बेटे और मैंने अपने खुद को तत्काल सेल्फ क्वारैंटाइन कर लिया है।
राजस्थान में इटली के नागरिक की मौत, सरकार ने कहा- उनका संक्रमण ठीक हो गया था
राजस्थान में कोरोनावायरस से संक्रमित रहे 69 साल के इटली के नागरिक एंड्री कार्ली की शुक्रवार को मौत हो गई। वे अपनी पत्नी और 15 अन्य साथियों के समूह में भारत घूमने आए थे। एंड्री सबसे पहले विदेशी थे, जो देश में कोरोना संक्रमित पाए गए। इसके बाद उनकी पत्नी और बाकी साथियों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। एंड्री की पत्नी जयपुर में और समूह के बाकी 14 सदस्य हरियाणा के मानेसर में क्वारैंटाइन किए गए हैं। इस बीच केंद्र सरकार ने वॉट्सऐप पर हेल्पडेस्क शुरू की है। यह 24 घंटे काम करेगी।
वायरस से मरने वाले व्यक्तियों की उम्र 64 से ज्यादा: स्वास्थ्य विभाग
स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा- देश में संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आने वाले 6,700 से ज्यादा लोग निगरानी में हैं। अब तक कोरोनावायरस से देश में चार लोगों की मौत हुई है। वे सभी 64 साल से ज्यादा उम्र के थे। मैं सभी से अनुरोध करता हूं कि हमारे टोल फ्री नंबर 1075 का उपयोग करें। इसके माध्यम से सही जानकारी लें और गलत अफवाहों से बचे।
- राजस्थान: जयपुर में मेट्रो सर्विस 22 मार्च तक बंद किया गया। गुरुवार को जयपुर में एक दंपती में कोरोना का सैंपल पॉजिटिव मिला है। दोनों को आइसोलेशन में रखा गया है। ये 17 मार्च को स्पेन से दुबई होते हुए दिल्ली पहुंचे थे। इसके बाद दोनों 18 मार्च को टैक्सी से जयपुर पहुंचे। इनके साथ ही दो ड्राइवरों और होटल स्टाफ के 4 लोगों को भी होम आइसोलेशन में रखा गया है। भीलवाड़ा में शुक्रवार को कोरोना के 6 नए मरीज मिले हैं। राज्य में 50% सरकारी कर्मचारी घर से काम करेंगे।
- पंजाब: मोहाली के सिविल सर्जन मंजीत सिंह ने बताया कि 69 साल की महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। राज्य में संक्रमितों की संख्या तीन हो गई है। गुरुवार को संक्रमण से 70 साल के व्यक्ति की मौत हो गई थी। देश में यह कोरोनावायरस से मौत का चौथा मामला है। तीन अन्य मौतें दिल्ली, तेलंगाना और महाराष्ट्र में हुई हैं।
- गुजरात: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की प्रमुख सचिव जयंती रवि ने कहा कि गुजरात में तीन नए मरीज सामने आए। दो अहमदाबाद और एक वडोदरा में। अहमदाबाद में मिले संक्रमित फिनलैंड और न्यूयॉर्क से लौटे थे। वड़ोदरा में मिला संक्रमित स्पेन से आया था। उन्होंने कहा कि राजकोट में बुधवार को कोरोना पॉजिटिव पाया गया व्यक्ति विदेश से मुंबई लौटा था और ट्रेन से जामनगर लौटा था। राज्य में कुल पांच संक्रमित हो गए हैं।
- उत्तर प्रदेश: लखनऊ के सभी बार, कैफे, हेयर सलून और ब्यूटी पॉर्लर 31 मार्च तक बंद कर दिए गए हैं। शहर के मोहल्ला खुर्रम नगर, विकास नगर, अलीगंज, महानगर, गुडंबा और इंदिरा नगर में सभी ऑफिस, शॉप और इंस्टीटयूट 23 मार्च तक रोक दिए गए हैं। राज्य में मकान, जमीन जायदाद की रजिस्ट्री कराने पर रोक लगा दी गई है।
- दिल्ली: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में सभी मॉल्स, रेस्टोरेंट बंद कर दिए हैं। सरकार ने सलाह दी है कि राजधानी में स्थित सभी प्राइवेट ऑफिस में 31 मार्च तक कर्मचारियों से घर से काम करने की इजाजत दी जाए। साथ ही बुजुर्गों और बच्चों को घर में रहने की सलाह दी गई है। राजधानी में 31 मार्च तक रेस्टोरेंट भी बंद कर दिए गए हैं। टेक-अवे और होम डिलीवरी होती रहेगी। डीएमआरसी ने कहा- जनता कर्फ्यू के दिन ( रविवार 22 मार्च ) दिल्ली मेट्रो बंद रहेगी।
- संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने भी 23 मार्च से 3 अप्रैल तक होने वाले मुख्य परीक्षा 2019 के उम्मीदवारों का साक्षात्कार अगले आदेश तक टाल दिया है।
अन्य राज्यों में भी सख्ती: आंध्र प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि विशाखापट्टनम में एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया है, जो हाल ही में सऊदी अरब से लौटा था। राज्य में संक्रमितों की संख्या तीन हो गई है। तमिलनाडु के कोयंबटूर के कलेक्टर ने कहा है कि आज से तमिलनाडु की केरल से सटी सीमा बंद की जा रही है। असम में एक-एक दिन के अंतराल से 50-50 फीसदी कर्मचारियों को काम पर बुलाने का आदेश जारी किया गया है। सभी परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं।
दक्षिण पश्चिम रेलवे: एक महिला अफसर को सस्पेंड किया गया। उसने अपने बेटे के स्पेन से लौटने की जानकारी छिपाई थी। अफसरों को जानकारी मिलने के बाद उनके बेटे को आइसोलेशन में रखा गया है।
उत्तराखंड: स्वास्थ्य विभाग की महानिदेशक अमिता उपरेती ने कहा कि भारतीय वन सेवा के दो ट्रेनी अफसर कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके बाद इंदिरा गांधी नेशनल फॉरेस्ट एकेडमी और फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है।
प.बंगाल: कोलकाता में 22 साल का युवक संक्रमित मिला है। वह 13 मार्च को लंदन से लौटा था। 16 मार्च को उसे बेलियाघाटा के आईडी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। उसके परिवार के बाकी सदस्यों को भी घर पर क्वारैंटाइन किया गया है। राज्य में संक्रमण का यह दूसरा मामला है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि केंद्र सरकार से पर्याप्त मदद नहीं मिल रही है। राज्य सरकार संकट का सामना अपने दम पर कर रही है।
प्रधानमंत्री की अपील- इस रविवार घर से न निकलें: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से ऐसा भी लग रहा है जैसे हम संकट से बचे हुए हैं, सब कुछ ठीक है। वैश्विक महामारी कोरोना से निश्चिंत हो जाने की ये सोच सही नहीं है। पीएम ने लोगों से अपील की कि वे ‘जनता कर्फ्यू’ लगाएं। इसके तहत रविवार यानी 22 मार्च को सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक देशवासी जनता कर्फ्यू का पालन करें। इसका मतलब है कि जनता द्वारा खुद पर लगाया गया कर्फ्यू। उन्होंने कहा कि यह कोरोना जैसी लड़ाई के लिए भारत कितना तैयार है, यह देखने-परखने का भी प्रयास होगा। जनता कर्फ्यू की कामयाबी और इसके अनुभव हमें आने वाली चुनौतियों के लिए भी तैयार करेंगे। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि रविवार शाम 5 बजे अपने-अपने घरों में ताली बजाकर, थाली बजाकर, घंटी बजाकर एक दूसरे का आभार जताएं और इस वायरस से लड़ने के लिए एकजुटता दिखाएं।
कांग्रेस ने कहा- हम सरकार के साथ: मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन के बाद पार्टी प्रवक्ता अजय माकन ने कहा कि कोरोना से लड़ने के लिए हम मोदी सरकार के साथ हैं।