अब तक 724 मामले: भीलवाड़ा में कल जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिवार के 2 सदस्य पॉजिटिव; राजस्थान में अब 45 संक्रमित

0
634
  • 195 देशों में संक्रमण और 24,087 मौतें: अमेरिका में अब संक्रमितों की संख्या चीन से ज्यादा, जंगी जहाज रूजवेल्ट पर 25 नौसैनिक पॉजिटिव
  • अमेरिकी जंगी जहाज रूजवेल्ट पर दो दिन पहले तीन नौसैनिक संक्रमित मिले थे, अब पोत पर मौजूद सभी नौसैनिकों की जांच होगी
  • अमेरिका में 14 हजार नए पॉजिटिव केस सामने आए, यहां 30 लाख से ज्यादा लोगों ने बेरोजगार के तौर पर रजिस्ट्रेशन कराया
  • दुनियाभर में सबसे ज्यादा 8215 लोगों की मौत इटली में हुई, जबकि यहां संक्रमण के 80 हजार 598 मामले सामने आए

नई दिल्ली

कोरोनावायरस संक्रमण के मामले राजस्थान के भीलवाड़ा में तेजी से फैल रहा है। यहां कल जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिवार के दो और सदस्य संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 45 हो गई है। इनमें से अकेले भीलवाड़ा में ही 21 मरीज हैं। उधर, अंडमान-निकोबार में दूसरा कोरोना पॉजिटिव मिला है। इससे पहले गुरुवार को यहां चेन्नई से लौटे एक व्यक्ति को संक्रमित पाया गया था। देश में कोरोनावायरस संक्रमण के अब तक 724 मामले सामने आ चुके हैं। 19 लोगों की मौत हो चुकी है। गुरुवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 6 लोगों ने दम तोड़ा।

राज्यों के हाल

  • महाराष्ट्र: राज्य में 5 और संक्रमित मिले हैं। इनमें से 4 नागपुर में, 1 गोंदिया में पाया गया है। इस बीच, नागपुर के फार्मोसिस्ट का कहना है कि 13-14 रुपए में मास्क खरीदकर 10 रुपए में बेचना नामुमकिन है। बाजार में मास्क की कमी है। इसकी कालाबाजारी हो रही है। सरकार को कोई कानून बनाना चाहिए, ताकि यह आम लोगों को मुहैया हो सकें। हालांकि, सैनिटाइजर उपलब्ध है। यह सरकार की ओर से तय कीमत पर ही बेचा जा रहा है। उधर, जलगांव में पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। वह लॉकडाउन के दौरान बाइक चलाते हुए खुद का वीडियो बना रहा था। राज्य के शिवसेना सांसदों ने अपना एक महीने का वेतन प्रधानमंत्री राहत कोष में दान देने का ऐलान किया है।
  • उत्तरप्रदेश: गाजियाबाद में दूसरे प्रदेशों के दिहाड़ी मजदूरों का पलायन जारी है। राजस्थान के दौसा के ऐसे ही कुछ मजदूर अपने घरों के लिए पैदल ही निकल पड़े हैं। इनमें से एक रामलाल का कहना है, ‘‘हम दिहाड़ी मजदूर है। यहां खाने का कोई इंतजाम नहीं है। हम यहां एक पार्क में रहते थे। हमें दौसा पहुंचने में तीन दिन लगेंगे।’’
  • दिल्ली: सैनिटाइजेशन के काम में लगे दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों का कहना है कि हम आम दिनों की तरह ही अपनी ड्यूटी कर रहे हैं। हमें नगर निगम की ओर से मास्क और ग्लोव्ज उपलब्ध कराए गए हैं।
  • आंध्रप्रदेश: कृष्णा जिले के म्यलावरम में क्वारैंटाइन नियमों का उल्लंघन करने पर दो एनआरआई के खिलाफ केस दर्ज किया गया। दोनों 14 मार्च को अमेरिका से लौटे थे। शुक्रवार को वे घर पर नहीं मिले।
  • बिहार: राज्य में दो और कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से एक सिवान का रहने वाला है, जो हाल ही में दुबई से लौटा था। दूसरा नालंदा का है वह भी विदेश से आया था। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या 9 हो गई है।
  • केरल: कोल्लम के सब-कलेक्टर ने क्वारैंटाइन नियमों का उल्लंघन किया है। वे 19 मार्च को विदेश से लौटे थे, लेकिन क्वारैंटाइन किए जाने के बाद कानपुर चले गए। कलेक्टर का कहना है कि इस संबध में राज्य सरकार को चिट्‌ठी लिखी गई है।
  • तेलंगाना: राज्य में एक और कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। संक्रमित पाया गया व्यक्ति हाल ही में दिल्ली से लौटा था। उसकी हालत स्थिर है और उसे आइसोलेशन में रखा गया है। 27 मार्च सुबह 8 बजे तक राज्य में संक्रमितों की संख्या 45 हो गई है।

जुमे की नमाज घरों में पढ़ने की अपील

संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए देशभर में लगाए गए लॉकडाउन में लोग सहयोग कर रहे हैं। मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने अपील की है कि आज जुमे की नमाज मस्जिदों में पढ़ने की बजाय घरों पर ही पढ़ें।

अमृतसर में एक और पिंपरी चिंचवड़ में दो मरीज ठीक हुए
अमृतसर के डिप्टी कमिश्नर शिवदुलार सिंह ढिल्लन का कहना है कि यहां कोरोनावायरस संक्रमण के पहले मरीज की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्हें शुक्रवार को डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। उन्हें गुरुनानक देव हॉस्पिटल के आईसोलेशन वार्ड में रखा गया था। वे हाल ही में इटली से लौटे थे। महाराष्ट्र में पुणे जिले के पिंपरी चिंचवड़ में भी दो मरीज ठीक हुए हैं। उनकी भी आज छुट्‌टी होगी। पिंपरी चिंचवाड़ के नगरीय निकाय कमिश्नर श्रवण हार्डीकर ने कहा कि अब पुणे जिले में सिर्फ 32 पॉजिटिव हैं। 5 ठीक हो चुके हैं।