अब तक 4 हजार 397 मामले: आईसीएमआर को 2 दिन में 7 लाख एंटीबॉडी टेस्टिंग किट मिलेंगी, इससे ज्यादा संक्रमित इलाकों में जांच में मदद मिलेगी

0
345

TIO नई दिल्ली

 देश में कोरोनावायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 4 हजार 397 हो गई है। सोमवार को राजस्थान में 8 और झारखंड में संक्रमण का 1 नया मामला सामने आया है। रविवार को देश में सबसे ज्यादा 605 मामले सामने आए थे। महाराष्ट्र में 150 से ज्यादा, आंध्रप्रदेश में 34, गुजरात में 14, मध्यप्रदेश में 14, हिमाचल में 7, राजस्थान में 6, पंजाब में 3, कर्नाटक-ओडिशा में 2-2 और झारखंड में 1 मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के मुताबिक हैं। हालांकि, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, सोमवार सुबह 9 बजे तक संक्रमितों की संख्या 4 हजार 67 है। इनमें से 291 ठीक हो चुके हैं, जबकि 109 मरीजों की मौत हुई है। देशभर में कोरोना के चलते मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। भोपाल में सोमवार को कोरोना से पहली मौत हुई। तीन दिन पहले हॉस्पिटल में भर्ती 52 साल के नरेश खटीक की रविवार रात 12.30 बजे मौत हो गई। रविवार को ही उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। वहीं, राजस्थान के कोटा में रविवार रात 60 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई। उन्हें बुखार और निमोनिया की शिकायत के बाद शहर के एमबीएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। मौत के बाद सोमवार सुबह आई रिपोर्ट में उन्हें संक्रमण की पुष्टि हुई। देश में अब तक कोरोना से 130 लोगों की जान जा चुकी है।

इस बीच खबर है कि इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) को 8 अप्रैल तक विदेश से 7 लाख रैपिड एंटीबॉडी टेस्टिंग किट मिल जाएंगी। इनसे उन क्षेत्रों में कोरोना जांच में मदद मिलेगी, जहां संक्रमण के ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। आईसीएमआर को ये टेस्टिंग किट अलग-अलग खेप में मिलेंगी। उम्मीद है कि पहले फेस में 5 लाख किट आएंगी। न्यूज एजेंसी ने सरकारी सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। इस किट के जरिए खून की एक बूंद से 5 से 10 मिनट के अंदर कोराना टेस्ट किया जा सकता है।

तब्लीगी जमात प्रकरण से संक्रमण की रफ्तार दोगुनी हुई

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में तब्लीगी जमात का प्रकरण सामने आने के बाद संक्रमण के मामलों की रफ्तार करीब दोगुनी हो गई है। मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि तब्लीगी जमात का प्रकरण नहीं होता, तो देश में 7.4 दिनों में केस डबल होते, लेकिन अब ये संख्या 4.2 दिनों में दोगुनी हो रही है। उन्होंने बताया कि रविवार तक देश के 274 जिलों से कोरोना के मामले सामने आ चुके थे। बुधवार से उन जगहों पर रैपिड टेस्ट होगा, जहां संक्रमण के ज्यादा मामले सामने आए हैं।

26 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों में पहुंचा कोरोना

राज्य कितने संक्रमित कितनों की मौत कितने ठीक हुए
महाराष्ट्र 748 45 56
तमिलनाडु 571 5 8
दिल्ली 503 7 16
केरल 314 2 56
आंध्रप्रदेश 252 1 5
तेलंगाना 334 12 33
राजस्थान 274 5 25
उत्तरप्रदेश 278 2 21
कर्नाटक 251 4 11
मध्यप्रदेश 193 14 3
गुजरात 128 11 21
जम्मू-कश्मीर 106 2 4
प.बंगाल 80 6 10
हरियाणा 90 2 29
पंजाब 68 7 4
बिहार 32 1 3
चंडीगढ़ 18 1 5
असम 26 0 0
लद्दाख 14 0 3
अंडमान-निकोबार 10 0 0
उत्तराखंड 26 0 4
छत्तीसगढ़ 10 0 7
हिमाचल प्रदेश 13 2 1
गोवा 7 0 0
ओडिशा 39 0 2
पुडुचेरी 5 0 0
मणिपुर 2 0 0
झारखंड 3 0 0
मिजोरम 1 0 0
अरुणाचल प्रदेश 1 0 0

*ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट और राज्य सरकारों से मिले आंकड़ों के मुताबिक हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, सोमवार सुबह 9 बजे तक संक्रमितों की संख्या 4 हजार 67 है। इनमें से 291 ठीक हो चुके हैं, जबकि 109 मरीजों की मौत हुई है।

8 राज्य और 1 केंद्र शासित प्रदेश के हाल

  • मध्यप्रदेश; कुल संक्रमित- 193: भोपाल में रविवार रात 12:30 बजे कोरोना से पहली मौत हो गई है। उनकी उम्र 62 साल थी। मरीज को 4 दिन पहले सांस लेने तकलीफ के चलते एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था। रविवार को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। वे इब्राहिमगंज इलाके में रहते थे और बिट्‌टन मार्केट में गार्ड थे। भोपाल में रविवार को 23 नए कोरोना पॉजिटिव मिले, इनमें 12 जमाती और 11 स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं। सभी को एम्स में भर्ती कराया गया है। भोपाल में कुल संक्रमितों की संख्या 41 हो गई है। यहां एम्स में 39 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। 2 मरीजों की इलाज के बाद अस्पताल से छुट्‌टी हो चुकी है। भोपाल के अलावा इंदौर में 128, मुरैना में 12, जबलपुर में 9, उज्जैन में 7, खरगोन में 3, जबकि ग्वालियर, शिवपुरी और छिंदवाड़ा में 2-2 संक्रमण के मामले आ चुके हैं।
  • महाराष्ट्र; कुल संक्रमित- 748: यहां मंत्रालय में सभी कर्मचारियों, अधिकारियों और बाहर से आने वालों के लिए कुछ महीनों तक मास्क लगाना अनिवार्य किया गया है। मास्क बगैर आने पर यहां प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मुंबई में पूरे देश में सबसे ज्यादा 433 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। शहर में रविवार को 103 कोरोना संक्रमण के नए मामले आए। आठ संक्रमितों की जान गई। इसके साथ ही शहर में कुल मौतों का आंकड़ा 30 हो गया। रविवार को पुणे में 21, अहमदनगर में 3 और औरंगाबाद में 2 मरीज मिले।
  • उत्तरप्रदेश; कुल संक्रमित- 278: गायिका कनिका कपूर की छठी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें सोमवार सुबह अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।  टूरिस्ट वीजा नियमों का उल्लंघन करने पर यहां गाजियाबाद के साहिबाबाद में रविवार को 5 महिलाओं समेत 10 इंडोनियाई नागरिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इन सभी को क्वारैंटाइन में भेजा गया है। ये सभी पिछले महीने तब्लीगी जमात में शामिल हुए थे। एक स्थानीय गाइड और उन्हें ठहराने के वाले 4 अन्य लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य के कुल संक्रमितों में 94 तब्लीगी जमात से जुड़े हैं। अभी तक जमात से जुड़े 1 हजार 302 लोगों की पहचान हुई है। इनमें से 1 हजार को क्वारैंटाइन किया गया है।
  • राजस्थान; कुल संक्रमित- 274: राज्य के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक यहां सोमवार को 8 नए संक्रमित मिले। इनमें से झुुंझुनूं में 5, डूंगरपुर में 2, कोटा में 1 मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। झुुंझुनूं और कोटा में मिले 6 मरीज दिल्ली की तब्लीगी जमात से लौटे थे। रविवार को राज्य में कोरोना संक्रमण के 6 नए मामले सामने आए थे।
  • दिल्ली; कुल संक्रमित- 503: सरकार ने यहां होम क्वारैंटाइन का उल्लंघन करने पर 198 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। ये एफआईआर पड़ोसियों या परिवार के सदस्यों की ओर से की गई शिकायतों या फोन ट्रैकिंगे के आधार पर दर्ज की गई हैं। प्रशासन की ओर से यह जानकारी सोमवार को दी गई। इस बीच, भाजपा सांसद और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने अपनी सांसद निधि से दिल्ली सरकार को 50 लाख रुपए की राशि दी है। वे इस आपदा से निपटने के लिए पहले भी दिल्ली सरकार को 50 लाख रुपए दे चुके हैं।
  • गुजरात; कुल संक्रमित- 128: रविवार को यहां कोरोना संक्रमण के 14 नए मामले सामने आए। इससे पहले शनिवार को 13 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। राज्य में इस बीमारी से अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 लोग ठीक हुए हैं।