TIO नई दिल्ली
देशभर में आज से लॉकडाउन का तीसरा फेज शुरू हो गया है। सरकार ने यह प्रतिबंध दो हफ्ते के लिए बढ़ाया है। इसके साथ कई प्रदेशों में ग्रीन और ऑरेंज जोन में रियायतें भी मिलने लगी हैं। गोवा और आंध्रप्रदेश में सुबह से सलून खुल गए। वहीं, कर्नाटक में सरकार ने सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक शराब की दुकानें खोलने की अनुमति दी है। दिल्ली में भी स्टैंड अलॉन शॉप (अलग एक दुकान) से शराब बेची जा सकती है। इन जगहों पर सुबह से ही लोगों की लंबी कतार देखी गईं।
भोपाल. लॉकडाउन फेज-3 शुरू हो गया है। प्रदेश के ग्रीन और ऑरेंज जिलों में दुकानें खुलना शुरू हो गई हैं। दो सप्ताह के इस लॉकडाउन में केंद्र ने गाइडलाइन जारी करके कई तरह की रियायतें देने की बात कही है। लेकिन, हॉटस्पॉट में शामिल इंदौर, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, खंडवा, धार, बड़वानी और देवास को लेकर प्रशासन बहुत सतर्क है। अधिक छूट देने के बजाए सख्ती कर कोरोना की चेन तोड़ने और औद्योगिक गतिविधियां शुरू करने पर जोर दिया गया है। प्रशासन ने कंटेनमेंट एरिया में सख्ती और बाहर रियायत को भी खतरनाक माना है। लिहाजा, इन शहरों में एक जैसी सख्ती रहेगी।
महंगी पड़ सकती है छोटी से गलती
रविवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेशवासियों से अलर्ट रहने को कहा। उनके मुताबिक, “हमारी छोटी सी लापरवाही ग्रीन जोन ऑरेंज में और ऑरेंज से रेड जोन में बदल जाएगी। जो ढील मिली है, वह तुरंत बंद हो सकती है। कोरोना वैक्सीन अभी मिला नहीं है। हमें इसके साथ ही जीना सीखना पड़ेगा। लाइफ स्टाइल बदलें। हमें आयुर्वेदिक काढ़े के उपयोग से अपनी रोग-प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाना है। सरकार काढ़े के एक करोड़ नि:शुल्क पैकेट वितरित कर रही है।”
कलेक्टर तरुण पिथोड़े ने बताया कि प्राइवेट दफ्तर बंद रहेंगे। शहर के भीतर उद्योग नहीं खुलेंगे। शादियों, अंतिम यात्रा में 10 लोग ही जा सकेंगे। कंटेनमेंट क्षेत्र के बाहर निर्माण कार्य कर सकेंगे। कपड़े, शराब की दुकानें खोलने को लेकर फैसला सोमवार को होगा।
इंदौर: पूरे शहर में एक जैसी सख्ती
कलेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि स्थिति पहले से 80 फीसदी नियंत्रण में आ गई है। लेकिन, अभी 15 दिन तक सख्ती जरूरी है। घर से बेवजह निकलने की मंजूरी तो नहीं देंगे, दो सप्ताह बाद शहर की स्थिति को देखकर चरणबद्ध तरीके से आगे राहत मिलेगी। बेवजह निकले तो सीधे जेल भेजेंगे। थोक कारोबारियों को अनुमति दे रहे कि वह जिले के बाहर माल भेजें। 99% दाल, आटा, बेसन मिलों को खोलने की मंजूरी दी है। बाकी को एक-दो दिन में देंगे।
किस जिले में क्या होगा
- ऑरेंज: खरगोन, रायसेन, होशंगाबाद, रतलाम, आगर-मालवा, छिंदवाड़ा, बैतूल, श्योपुर, सागर, शाजापुर, टीकमगढ़, आलीराजपुर, डिंडोरी, शहडोल, हरदा, बुरहानपुर, मंदसौर, विदिशा, मुरैना।
- ये छूट : बसें नहीं चलेंगी। कंटेनमेंट के बाहर टैक्सी, कैब चलेंगी। गृह मंत्रालय की गाइडलाइन में जिन्हें छूट है, वही एक से दूसरे जिले में जा सकेंगे। सभी दुकानें, कृषि कार्य, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, एकल दुकानें, नगर वाहन सेवा, सभी उद्योग, निर्माण कार्य, मनरेगा कार्य शुरू होंगे।
- ग्रीन जोन: रीवा, राजगढ़, अनूपपुर, उमरिया, सीधी, सिंगरौली, बालाघाट, मंडला, कटनी, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, दमोह, सीहोर, झाबुआ, नीमच, दतिया, भिंड, अशोकनगर, गुना, सतना, सिवनी, नरसिंहपुर और शिवपुरी।
- ये छूट : सभी दुकानें, कृषि कार्य, एकल दुकानें, बिजली की दुकानें, ऑटो सेवा, नगर सेवा बसें, ग्रामीण क्षेत्र के उद्योग, निर्माण कार्य, वाहन शोरूम, उपकरण मरम्मत शॉप, वाहन सर्विसिंग, मनरेगा कार्य, निर्यात इकाइयां, औद्योगिक क्षेत्र, अत्यावश्यक वस्तु निर्माताओं की फैक्ट्रियां, 50% क्षमता से बसें, बस डिपो खुल जाएंगे।
- रेड जोन: इंदौर, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, खंडवा, धार, बड़वानी, देवास।
- ये छूट: कंटेनमेंट के बाहर दोपहिया, चारपहिया वाहन, विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र, अत्यावश्यक वस्तुओं की सेवा, निर्माण इकाइयां, सूचना प्रौद्योगिकी, हार्डवेयर निर्माण इकाइयां, जूट उद्योग, पैकेजिंग इकाइयां, निर्माण कार्य। ग्रामीण क्षेत्रों की दुकानें, ई-कॉमर्स, निजी कार्यस्थल (33%), सीमित संख्या में सरकारी दफ्तर दफ्तर आएंगे।
- ये सब तीनों में बंद: हवाई सेवा, रेल सेवा, अंतरराज्यीय बसें, सीमाएं, स्कूल, कॉलेज, कोचिंग, प्रशिक्षण संस्थान, सिनेमा हॉल, शॉपिंग मॉल, स्वीमिंग पूल, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, मनोरंजन पार्क, बार, ऑडिटोरियम, सामाजिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, धार्मिक गतिविधियां, पूजा स्थल।
43 जिलों में आज से दुकानें खुलेंगी
40 दिन से बंद प्रदेश का 70% हिस्सा सोमवार से सशर्त ढील के साथ खुल जाएगा। मुख्यमंत्री ने रविवार को सभी जिलों से फीडबैक लेने के बाद केंद्रीय गाइडलाइन के अनुरूप 17 मई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया। भोपाल, इंदौर समेत रेड जोन के सभी 9 जिलों में कंटेनमेंट क्षेत्र को छोड़कर मामूली छूट रहेगी। ग्रीन जोन के 24 और ऑरेज जोन के 19 जिलों में सभी दुकानें, कॉम्प्लेक्स, निर्माण गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। रेड जोन में शराब, भांग और गुटखा शॉप बंद रहेंगी। ग्रीन और ऑरेंज के लिए कलेक्टर क्राइसेस मैनेजमेंट ग्रुप से चर्चा कर फैसला लेंगे।”
पुडुचेरी में दुकान-रेस्टोरेंट खुले, शराब की दुकान पर फैसला नहीं
पुडुचेरी में सोमवार से फैक्ट्रियों में कामकाज शुरू कर दिया गया। इस केंद्र शासित प्रदेश में सुबह 5 से शाम 6 बजे तक सभी दुकानें और रेस्टोरेंट खोलने की अनुमति है। हालांक, रेस्टोरेंट से खाना सिर्फ पैक करवाया जा सकता है। यहां अभी शराब की दुकानें खोलने पर कोई निर्णय नहीं हुआ है। पुडुचेरी में 12 संक्रमित हैं। इनमें से 6 की इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी हो चुकी है।
42 हजार में से 13 हजार संक्रमित अकेले महाराष्ट्र में
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 42 हजार 628 हो गई है। अकेले महाराष्ट्र में करीब 13 हजार कोरोना पॉजिटिव हैं। यह कुल संक्रमितों का करीब 31% है। रविवार को महाराष्ट्र में 678, दिल्ली में 427, गुजरात में 374, पंजाब में 330, उत्तरप्रदेश में 158, राजस्थान में 114, मध्यप्रदेश में 49 समेत 2676 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। नए मरीजों की संख्या लगातार तीसरे दिन सबसे ज्यादा है। शनिवार को 2567 संक्रमित मिले थे।
ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कुल संक्रमित 42 हजार 537 हैं। 29 हजार 453 का इलाज चल रहा है। 11 हजार 706 ठीक हो चुके हैं और 1373 की मौत हुई है।
दिल्ली में बीएसएफ के 25 और जवान संक्रमित मिले
दिल्ली की जामा मस्जिद के पास तैनात रहे बीएसएफ के 25 जवान कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। दिल्ली में अब तक 42 और त्रिपुरा में 12 बीएसएफ जवान कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। वहीं, सीआरपीएफ मुख्यालय का एक ड्राइवर संक्रमित मिला। मुख्यालय को सैनिटाइज किया गया। सीआरपीएफ के 135 जवान पहले ही पॉजिटिव हो चुके हैं।
5 दिन जब संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले आए
दिन | मामले |
03 मई | 2676 |
02 मई | 2567 |
01 मई | 2396 |
28 अप्रैल | 1902 |
25 अप्रैल | 1835 |
26 राज्य, 6 केंद्र शासित प्रदेशों में फैला संक्रमण
कोरोनावायरस का संक्रमण देश के 26 राज्यों में फैला है। 6 केंद्र शासित प्रदेश भी इसकी चपेट में हैं। इनमें दिल्ली, चंडीगढ़, अंडमान-निकोबार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पुडुचेरी शामिल हैं।
राज्य | कितने संक्रमित | कितने ठीक हुए | कितनी मौत |
महाराष्ट्र | 12,974 | 2115 | 548 |
गुजरात | 5428 | 1042 | 290 |
दिल्ली | 4549 | 1362 | 64 |
मध्यप्रदेश | 2837 | 798 | 156 |
राजस्थान | 3009 | 1356 | 71 |
तमिलनाडु | 3023 | 1379 | 30 |
उत्तरप्रदेश | 2645 | 754 | 43 |
आंध्रप्रदेश | 1583 | 488 | 33 |
तेलंगाना | 1082 | 545 | 29 |
पश्चिम बंगाल | 922 | 151 | 50 |
जम्मू-कश्मीर | 701 | 287 | 8 |
कर्नाटक | 614 | 293 | 25 |
केरल | 500 | 401 | 4 |
पंजाब | 1102 | 117 | 21 |
हरियाणा | 442 | 245 | 5 |
बिहार | 517 | 117 | 4 |
ओडिशा | 162 | 60 | 1 |
झारखंड | 115 | 27 | 3 |
उत्तराखंड | 60 | 39 | 1 |
हिमाचल प्रदेश | 40 | 34 | 2 |
असम | 43 | 33 | 1 |
छत्तीसगढ़ | 57 | 36 | 0 |
चंडीगढ़ | 97 | 19 | 1 |
अंडमान-निकोबार | 33 | 26 | 0 |
लद्दाख | 42 | 17 | 0 |
मेघालय | 12 | 10 | 1 |
पुडुचेरी | 12 | 5 | 1 |
गोवा | 7 | 7 | 0 |
मणिपुर | 2 | 2 | 0 |
त्रिपुरा | 16 | 2 | 0 |
अरुणाचल प्रदेश | 1 | 1 | 0 |
मिजोरम | 1 | 0 | 0 |
ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कुल संक्रमित 42 हजार 537 हैं। 29 हजार 453 का इलाज चल रहा है। 11 हजार 706 ठीक हो चुके हैं और 1373 की मौत हुई है।