नई दिल्ली
देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 3561 नए मामले सामने आए हैं और 89 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 52,952 हो गई है, जिनमें 35,902 सक्रिय हैं, 15,267 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 1783 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, आज राजस्थान में 38 और ओडिशा में 20 नए मामले दर्ज किए गए हैं।
मध्यप्रदेश के जबलपुर में लॉकडाउन के कारण गुलाब की खेती करने वाले किसानों को काफी नुकसान हो रहा है। एक किसान ने बताया कि लॉकडाउन के कारण हमें न ही मजदूर मिल रहे हैं और न ही दवाइयां मिल रही है, इसलिए सारे फूल खराब हो गए हैं। इसमें साढ़े चार लाख का नुकसान हो गया है। इस सबको ठीक करने में करीब 3-4 महीने लग जाएंगे।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री बोले- लंबे समय तक रहेगा कोरोना
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली में अब तक कोरोना वायरस के कुल 5,532 मामले सामने आए हैं। जिनमें से 428 मामले बुधवार को सामने आए हैं। 3,925 सक्रिय मामले हैं उसमें से 84 लोग आईसीयू में हैं और 12 लोग वेंटिलेटर पर हैं। दिल्ली में डबलिंग रेट अभी 11 दिन है। कोरोना लंबे समय तक रहने वाला है।
मध्यप्रदेश में श्रम कानूनों में बदलाव की घोषणा
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज श्रम कानूनों में कुछ बदलाव की घोषणा की। जिसमें न्यूनतम प्रतिबंधों के साथ कारखानों में अधिकतम उत्पादन की अनुमति भी शामिल है। सरकार कारखानों में श्रमिकों के काम के घंटे बढ़ाने की अनुमति दे सकती है और सप्ताह में 72 घंटे तक ओवरटाइम की अनुमति दे सकती है।