TIO NEW DELHI
लद्दाख की गलवां घाटी में सोमवार रात चीनी सैनिकों के साथ हिंसक टकराव में सेना के सीओ रैंक के एक अधिकारी समेत 20 जवान शहीद हो गए। देर रात सेना से 20 जवानों के शहीद होने की पुष्टि की। सीमा पर हुए खूनी संघर्ष में चीन के 43 सैनिक हताहत हुए हैं। इनमें मृतक और गंभीर रूप से घायल चीनी सैनिक शामिल हैं।
चीनी सेना की नापाक हरकतों का जवाब देने के लिए भारतीय सेना को पूरी तरह से छूट दे दी गई है। सूत्रों के अनुसार सीसीएस की बैठक में इसका फैसला किया गया है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में सेना ने सतर्कता तथा चौकसी बढ़ा दी है। चीन सीमा पर 45 साल बाद इस तरह की हुई यह पहली घटना है। इससे पहले 1975 में अरुणाचल प्रदेश में तुलुंग ला में संघर्ष हुआ था जिसमें चार जवान शहीद हुए थे।
भारतीय और चीनी सेना के बीच पूर्वी लद्दाख में पैंगोंग झील, गलवान घाटी डेमचोक और दौलतबेग ओल्डी में तनाव चल रहा है। बड़ी संख्या में चीनी सैनिक वास्तविक सीमा पर पैंगोंग झील सहित कई भारतीय क्षेत्रों में घुस आए थे। भारत ने इसका कड़ा विरोध करते हुए चीनी सैनिकों को इलाके में शांति बहाल करने के लिए तुरंत पीछे हटने के लिए कहा। दोनों देशों के बीच इस विवाद को सुलझाने के लिए बीते कुछ दिनों में कई बार बातचीत
- सोमवार आधी रात : गलवां में भारतीय सैनिकों के साथ चीनी सैनिकों की हिंसक झड़प, जो तीन घंटे चली।
- मंगलवार दोपहर 12ः55 : करीब 10 घंटे बाद समाचार एजेंसी के जरिए देश को मालूम पड़ता है कि कर्नल समेत तीन सैनिक शहीद हो गए।
- करीब 1ः00 बजे : सेना इसकी पुष्टि करती है।
- 1ः25 : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सीडीएस बिपिन रावत के साथ बैठक की। तीनों सेनाओं के अध्यक्ष, विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी मौजूद रहे।
- 1ः36 : चीन का आरोप-भारतीय सैनिकों ने सीमा पार करके चीनी सैनिकों पर हमला किया।
- 1ः42 : भारतीय सेना का बयान-डी-एस्केलेशन प्रक्रिया के दौरान हिंसक झड़प में दोनों तरफ नुकसान हुआ।
- 2ः00 : ब्रिटिश अखबार द टेलीग्राफ ने दावा किया कि कम से कम 34 भारतीय सैनिक लापता हैं।
- 3ः00 : पीएम मोदी की मुख्यमंत्रियों से वर्चुअल बैठक। मुद्दा- कोरोना। इसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की।
- शाम 5ः25 : पीएम मोदी से मिलने पहुंचे विदेश मंत्री एस जयशंकर। राजनाथ ने पीएम से फोन पर बात की।
- शाम 5ः45 : रक्षा मंत्री के आवास पर फिर उच्चस्तरीय बैठक हुई।
- रात 8ः30 : सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति की भी बैठक हुई।
- रात करीब 9ः25 : 20 जवानों के मारे जाने की टीवी पर पहली खबर आई। समाचार एजेंसी ने संख्या 10 बताई।
- 9ः49 : सेना ने 20 जवानों की शहादत की पुष्टि की।
भारत-चीन सीमा विवाद पर बोले राहुल गांधी- पीएम मोदी चुप क्यों हैं, वे क्या छुपा रहे हैं
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी चुप क्यों हैं? वे क्या छुपा रहे हैं? अब बहुत हो गया है। हम जानना चाहते हैं कि आखिर क्या हुआ। चीन की हिम्मत कैसे हुई हमारे सैनिकों को मारने की? उनकी हिम्मत कैसे हुई हमारी जमीन हथियाने की?’
- कल शाम आई शहादत की खबर, आज सुबह बिहार के लाल ने फोन कर बताया- मैं जिंदा हूं
छपरा (chhapra news) के लाल सुनील राय के जिंदा होने की खबर आई है। सुनील राय के बारे में पहले खबर आई थी कि भारत-चीन सीमा पर दुश्मनों से लड़ते हुए शहीद हो गया लेकिन अब खबर आई है कि सुनील पूरी तरह ठीक है और उन्होंने अपने परिजनों से फोन के जरिए बात भी की है। सेना के अधिकारियों ने परिवार से बात करते हुए बताया है कि गलतफहमी के कारण ठीक जानकारी नहीं मिली। लद्दाख में सुनील पूरी तरह ठीक है जिसके बाद छपरा के परसा गांव में मातम का माहौल फिर से खुशी में तब्दील हो गया है। सुनील के भाई मिथिलेश राय ने फोन पर बात करने के बाद मीडिया को बताया कि उनके भाई पूरी तरह ठीक है और अधिकारियों ने कहा है कि गलतफहमी के कारण या गलत सूचना की वजह से ये सब हुआ और इसके लिए खेद भी जताया गया है।