TIO, New Delhi
महाराष्ट्र में अक्टूबर के पहले हफ्ते से रेस्टोरेंट खुल जाएंगे। यह जानकारी महाराष्ट्र टूरिज्म डिपार्टमेंट की प्रिंसिपल सेक्रेटरी वाल्सा आर. नायर ने दी। उन्होंने बताया कि इसके लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसिजर (एसओपी) तैयार किया जा रहा है। इससे पहले, मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने रेस्टोरेंट एसोसिएशन के साथ सोमवार को बैठक की और रेस्टोरेंट खोले जाने का आश्वासन दिया।
जानकारी के मुताबिक, होटलों में दो टेबल के बीच 6 फीट की दूरी बनाए रखने के लिए कहा जा सकता है। महाराष्ट्र सरकार अगले महीने भी लॉकडाउन बढ़ा सकती है। देश में अब तक 60.87 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं, 95,678 लोगों की मौत हो चुकी है।
भारत दुनिया का इकलौता देश, जहां 50 लाख मरीज ठीक हुए
देश में कोरोना संक्रमण को लेकर अच्छी और बुरी खबरें सामने आई हैं। अच्छी बात यह कि देश में संक्रमण से ठीक होने वालों का आंकड़ा रविवार को 50 लाख के पार कर गया। भारत दुनिया का इकलौता देश है, जहां इतने ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं। देश का रिकवरी रेट 82.74% हो चुका है। मतलब अब हर 100 मरीजों में 82 लोग ठीक हो रहे हैं।
बुरी खबर यह कि देश में पिछले 27 दिनों से एक हजार से ज्यादा मौतें हो रही हैं। 31 दिसंबर को 816 मरीजों ने दम तोड़ा था। इसके बाद एक से 27 सितंबर तक एक भी दिन ऐसा नहीं रहा, जब मौतें एक हजार से कम हुई हों। हालात ऐसे हैं कि रोजाना औसतन 1066 लोग की जान जा रही है।
यह दुनिया के सबसे संक्रमित देश अमेरिका (895) और ब्राजील (826) के रोजाना के एवरेज से ज्यादा है। देश में अब तक 60 लाख 73 हजार 348 केस हो चुके हैं। रविवार को 74 हजार 679 मरीज ठीक भी हुए। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं।
भाजपा के नए राष्ट्रीय सचिव के खिलाफ केस दर्ज
भाजपा के नए राष्ट्रीय सचिव अनुपम हाजरा ने कहा है कि अगर ममता बनर्जी कोरोना से संक्रमित होती हैं तो वो उन्हें गले से लगा लेंगे और उन्हें कोविड से प्रभावित परिवारों के दर्द का अहसास करवाएंगे। इस बयान के बाद उनके खिलाफ तृणमूल कांग्रेस ने सिलिगुड़ी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
मध्यप्रदेश
राज्य में रविवार को 2310 मरीज मिले। वहीं, राजधानी में 262 पॉजिटिव मिले। इस बीच, राजधानी में इलाज के लिए जल्द ही प्राइवेट डॉक्टर्स एक कॉल पर उपलब्ध हो सकेंगे। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की भोपाल शाखा यह सेवा शुरू कर रही है। इन्हें घर बुलाने के लिए 0755-2704201 या 1075 पर कॉल करना होगा। हर विजिट पर डॉक्टर 750 रु. परामर्श शुल्क लेंगे टेली कांफ्रेंसिंग से ही परामर्श दिया जा रहा है।