हाथरस कांड: पीड़ित परिवार से मिलने जाएंगे राहुल-प्रियंका, नोएडा सीमा पर रोकने की तैयारी

0
257
  • अब बलरामपुर में दोहराई गई हाथरस जैसी दरिंदगी, छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, पीड़िता ने तोड़ा दम

 

TIO NEW DELHI

उत्तर प्रदेश के हाथरस में सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता को इंसाफ दिलाने के लिए देशभर में गुस्सा है। पीड़िता की मौत के बाद उसका जबरन अंतिम संस्कार कर दिया गया। इसे लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। इस मामले पर सूबे की योगी आदित्यनाथ सरकार विपक्ष के निशाने पर है। इसी बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार को पीड़िता के परिवार से हाथरस में मुलाकात करेंगे। वहीं हाथरस के जिलाधिकारी का कहना है कि जिले की सीमाएं सील हैं और धारा 144 लागू कर दी गई है।

भाजपा का नारा ‘तथ्य छुपाओ, सत्ता बचाओ’ है: राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने योगी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा का नारा बेटी बचाओ नहीं, ‘तथ्य छुपाओ, सत्ता बचाओ’ है। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘ उत्तर प्रदेश के जंगलराज में बेटियों पर ज़ुल्म और सरकार की सीनाज़ोरी जारी है। कभी जीते-जी सम्मान नहीं दिया और अंतिम संस्कार की गरिमा भी छीन ली। भाजपा का नारा ‘बेटी बचाओ’ नहीं, ‘तथ्य छुपाओ, सत्ता बचाओ’ है।’
मायावती ने यूपी सरकार पर साधा निशाना
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने कहा, ‘हाथरस की घटना के बाद, मुझे उम्मीद थी कि यूपी सरकार महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। लेकिन बलरामपुर में एक दलित छात्रा के साथ ऐसा ही अपराध किया गया है। भाजपा की यूपी सरकार के तहत अपराधियों, माफियाओं और बलात्कारी खुले तौर पर घूम रहे हैं।’

हाथरस की सीमा हुई सील
हाथरस के जिलाधिकारी पी लश्कर ने कहा, ‘हाथरस की सीमाएं सील हैं। जिले में सीआरपीसी की धारा 144 लागू कर दी गई है, पांच से अधिक लोगों को इकट्ठा होने की अनुमति नहीं है। हमें प्रियंका गांधी की यात्रा के बारे में कोई जानकारी नहीं है। एसआईटी आज पीड़ित परिवार के सदस्यों से मुलाकात करेगी, मीडिया को अनुमति नहीं दी जाएगी।’

राहुल-प्रियंका को नोएडा सीमा पर रोकने की तैयारी
राहुल और प्रियंका सुबह 11 बजे हाथरस पीड़िता के परिवार से मिलने के लिए हाथरस जाएंगे। उन्हें नोएडा सीमा पर रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात कया गया है।

सफाई कर्मचारी कर रहे हैं प्रदर्शन
मुरादाबाद में दिल्ली लखनऊ राजमार्ग को जाम कर दिया गया है। यहां सफाईकर्मी प्रदर्शन कर रहे हैं। सफाईकर्मियों ने 24 घंटे का विरोध बुलाया है।

मीडिया को गांव में जाने की इजाजत नहीं
मीडिया को गांव में जाने की इजाजत नहीं है। उत्तर प्रदेश पुलिस ने कोरोना का हवाला देते हुए यह फैसला किया है। पुलिस ने कहा कि मीडिया एसआईटी जांच में बाधा डाल रही है।

डीएनडी पर बढ़ाई गई सुरक्षा
राहुल और प्रियंका आज पीड़िता के परिवार से मुलाकात करने के लिए हाथरस जाएंगे। हाथरस में जहां धारा 144 लागू है वहीं डीएनडी पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दोनों डीएनडी से होते हुए हाथरस जाएंगे। दोनों भाई-बहन सुबह 11 बजे रवाना होंगे।

हाथरस जाएंगे राहुल-प्रियंका
कांगेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और वायनाड से सांसद राहुल गांधी आज हाथरस जाएंगे। इससे पहले जब पीड़िता की मौत हुई थी, तब प्रियंका ने पीड़िता के परिवार से फोन पर बात की थी।

यूपी में फैले जंगलराज की हद नहीं: प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट कर कहा, ‘हाथरस जैसी वीभत्स घटना बलरामपुर में घटी। लड़की का बलात्कार कर पैर और कमर तोड़ दी गई। आजमगढ़, बागपत, बुलंदशहर में बच्चियों से दरिंदगी हुई। यूपी में फैले जंगलराज की हद नहीं। मार्केटिंग, भाषणों से कानून व्यवस्था नहीं चलती। ये मुख्यमंत्री की जवाबदेही का वक्त है। जनता को जवाब चाहिए।’

एसआईटी ने शुरू की अपनी जांच
प्रदेश सरकार द्वारा गठित एसआईटी ने जांच शुरू कर दी है। गृह सचिव भगवान स्वरूप के नेतृत्व में बनी एसआईटी टीम ने पीड़िता के परिवार से मुलाकात की। सात दिन के अंदर हर पहलू पर मंथन किया जाएगा और रिपोर्ट दी जाएगी।

निर्भया की मां ने बढ़ाया मदद का हाथ
दिल्ली सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता निर्भया की मां आशा देवी ने हाथरस पीड़िता के परिवार के लिए मदद का हाथ आगे बढ़ाया है। निर्भया की मां ने कहा कि यदि पीड़िता का परिवार चाहेगा या न्याय दिलाने में परिवार को उनकी मदद चाहिए होगी तो वे परिवार की हर संभव मदद करेंगी।

सामूहिक दुष्कर्म किया

गैसड़ी में घर से एडमिशन लेने के लिए निकली छात्रा का गांव के ही कुछ दरिंदों ने अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के किसी तरह घर पहुंची छात्रा की हालत देख घर वाले परेशान हो गए। वह फौरन उसे लेकर जिला अस्पताल के लिए निकले लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही बेटी ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज कर गिरफ्तार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की छानबीन के दौरान घटना का खुलासा हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है।

मामला गैसड़ी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। इसी गांव की रहने वाली छात्रा मंगलवार सुबह 10 बजे परिजनों से यह बता कर निकली घर से निकली थी कि वह एक निजी महाविद्यालय में दाखिला लेने के लिए जा रही है। छात्रा की मां के अनुसार उसकी बेटी देर शाम तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने बेटी की तलाश शुरू की। इसी बीच छात्रा बदहवास एवं गंभीर हालत में घर पहुंची। छात्रा ने परिजनों को आपबीती सुनाई और कहा कि उसे एक युवक कॉलेज ले गया था। प्रवेश के बाद वही युवक उसे लेकर गैसड़ी बाजार पहुंचा और अपने घर/ दुकान ले गया। जहां उस युवक तथा उसके चाचा ने बारी-बारी उसके साथ दुष्कर्म किया। जिससे छात्रा की हालत खराब हो गई।
इस पर आरोपियों ने घबराकर उसे घर पहुंचने से पहले एक निजी चिकित्सक को बुलाकर छात्रा के इलाज का इलाज कराने की बात कही थी। उन्होंने एक डॉक्टर को घर पर बुलाया भी। लेकिन हालत गंभीर तथा मामला संदिग्ध होने के चलते चिकित्सक ने छात्रा का इलाज करने से मना कर दिया तथा उसे जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही छात्रा की मौत हो गई है। बुधवार सुबह गैसड़ी की पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। परिजनों की आशंका पर पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। इस संबंध में देर शाम पुलिस के आला अफसर कुछ भी बोलने से कतरा रहे थे।
डीएम ने की मामले की पुष्टि
गैसड़ी कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म होने का मामला प्रकाश में आया था। जांच के बाद पता चला कि कॉलेज में दाखिला के लिए छात्रा को एक युवक कॉलेज तक ले गया था। दाखिला के बाद उसे वह वापस ले आया और एक कमरे में युवक तथा उसके चाचा ने युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। हालत खराब होने पर दोनों ने छात्रा का इलाज कराने की भी कोशिश की। मामला ठीक न होने पर दोनों ने छात्रा को गंभीर हालत में घर पर छोड़ आए। परिजन छात्रा को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में उसकी मौत हो गई। आरोपी चाचा शाहिद व भतीजे साहिल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। -कृष्णा करुणेश, डीएम बलरामपुर