कोरोना: देश में मरीजों का आंकड़ा 76 लाख के पार; कई देशों में कोरोना की दूसरी लहर, लेकिन भारत में केस मिलने की रफ्तार कम

0
213

TIO, New Delhi

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (डब्ल्यूएचओ) की एक रिपोर्ट जारी की। इसके मुताबिक यूके, यूएस, स्पेन, फ्रांस समेत दुनिया के कई देशों में कोरोना की दूसरी लहर शुरू हो चुकी है। यहां संक्रमितों के मिलने की संख्या में तेजी देखी गई है। इसके उलट भारत में केस मिलने की रफ्तार तेजी से कम हो रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले हफ्ते भारत में हर 10 लाख की आबादी में 310 लोग संक्रमित मिले। इतनी ही आबादी में ब्राजील में 665, रूस में 706, स्पेन में 936, यूएस में 1153, यूके में 1746 और फ्रांस में 2457 लोग संक्रमित पाए गए। दुनिया में हर 10 लाख की आबादी में औसतन 315 मरीज मिले। मतलब भारत में दुनिया के औसत रफ्तार से भी कम मरीज मिल रहे हैं।

रिकवरी के मामले में भारत दुनिया में सबसे आगे
रिकवरी के मामले में भारत पूरी दुनिया में सबसे आगे हैं। यहां सबसे ज्यादा 67 लाख 63 हजार 145 लोग ठीक हो चुके हैं। टेस्टिंग के मामले में भारत दूसरे नंबर पर है। यहां अब तक 9.50 करोड़ से ज्यादा लोगों की जांच हो चुकी है। सबसे राहत की बात है कि भारत में एक्टिव केस भी तेजी से घटने लगे हैं। 1 सितंबर को डेढ़ महीने में एक्टिव केस में करीब 2 लाख से ज्यादा कमी देखी गई है।

मरीजों का आंकड़ा 76 लाख के पार
देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 76 लाख के पार हो गया है। अब तक 76 लाख 26 हजार 668 लोग संक्रमित हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 1 लाख 15 हजार 556 लोगों की मौत हो चुकी है। 7 लाख 46 हजार 712 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

सोमवार को रिकॉर्ड 24 हजार एक्टिव केस कम हुए

कोरोना के ग्राफ में लगातार गिरावट आ रही है। सोमवार को सिर्फ 45 हजार 490 नए केस आए। 69 हजार 800 मरीज ठीक हो गए। इससे 24 हजार एक्टिव केस कम हो गए। अब 7.47 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। 17 सितंबर को यह आंकड़ा 10.17 लाख तक पहुंच गया था। नए केस में यह तीन महीने की सबसे बड़ी गिरावट है। इससे कम केस 39 हजार 170 केस 20 जुलाई को आए थे।

मध्यप्रदेश
राज्य में सोमवार को 1015 लोग संक्रमित पाए गए। 1287 लोग रिकवर हुए और 13 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 1 लाख 61 हजार 203 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। इनमें 12 हजार 996 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 45 हजार 421 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 2786 मरीजों की मौत हो चुकी है।