भारत और अमेरिका के बीच 2+2 मंत्री स्तरीय बैठक जारी, BECA पैक्ट पर लगेगी मुहर

0
254

TIO NEW DELHI

भारत और अमेरिका के बीच तीसरी 2+2 मंत्री स्तरीय बैठक नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में शुरू हो गई है। अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोंपियो व रक्षा मंत्री मार्क एस्पर अपने भारतीय समकक्षों एस. जयशंकर और राजनाथ सिंह के साथ बैठक में शामिल हुए हैं।

इसमें रक्षा एवं सुरक्षा संबंधों के साथ-साथ प्रमुख क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। यह बैठक ऐसे समय पर हो रही है, जब भारत का चीन के साथ सीमा पर गतिरोध जारी है और इस मुद्दे पर चर्चा होने की भी उम्मीद है।

अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोंपियो व रक्षा मंत्री मार्क एस्पर ने आज सुबह वॉर मेमोरियल पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। भारत और अमेरिका के बीच बेसिक एक्सचेंज एंड कोऑपरेशन एग्रीमेंट ऑन जिओस्पैशिअल कोऑपरेशन (बेका) को लेकर दोनों देशों के बीच समझौता होना है। इस समझौते से भारत को अमेरिकी क्रूज मिसाइलों व बैलिस्टिक मिसाइलों से जुड़ी तकनीक मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा। साथ ही भारत अमेरिका से संवेदनशील सैटेलाइट डाटा भी ले सकेगा इससे दुश्मन देशों की हर गतिविधि पर करीब से नजर रखी जा सकेगी।

इससे पहले अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपियो ने सोमवार को एस जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमेरिकी रक्षा मंत्री मार्क एस्पर से हैदराबाद हाउस में मुलाकात की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वार्ता पर संतुष्टि जताई। माइक पोंपियो ने कहा कि दोनों देशों के बीच रिश्तों गहरे हो रहे हैं।