कोरोना: देश में एक दिन में बढ़े 7.5 हजार एक्टिव केस

0
179

TIO, New Delhi

दिल्ली में कोरोना के सामने इलाज की सुविधाएं बौनी नजर आने लगी हैं। दिल्ली में वेंटिलेटर वाले केवल 250 ICU ही खाली हैं। वहीं, 60 अस्पतालों में मरीजों के लिए जगह नहीं बची है। दिल्ली सरकार के ऑनलाइन कोरोना डेशबोर्ड से यह जानकारी मिली। दिल्ली में बुधवार को संक्रमण के 5 हजार 246 केस मिले थे। जानकारों ने बढ़ती सर्दी और खराब होती एयर क्वालिटी की वजह से केस बढ़ने की आशंका जताई है।

न्यूज एजेंसी के मुताबिक, दिल्ली के जिन अस्पतालों में जगह नहीं है, उनमें केंट का बेस हॉस्पिटल, उत्तरी रेलवे हॉस्पिटल, सर गंगाराम हॉस्पिटल, बत्रा हॉस्पिटल, VIMHANS और इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल शामिल हैं। दिल्ली में एक महीने से भी कम समय में कोरोना से 2 हजार 300 जानें जा चुकी हैं।

लगातार घट रहा रिकवरी रेट

देश में फिर एक बार नए केस ज्यादा रहे और इसके मुकाबले ठीक होने वाले मरीजों की संख्या कम रही। इससे एक्टिव केस में बढ़ोतरी हो गई। बीते 24 घंटे में 44 हजार 699 नए केस आए, 36 हजार 582 मरीज ठीक हुए और 518 की मौत हो गई। इस तरह इलाज करा रहे मरीजों की संख्या, यानी एक्टिव केस में 7586 की बढ़ोतरी हो गई। यह 19 अगस्त के बाद सबसे ज्यादा है। तब 8847 मरीज बढ़े थे।

कुल एक्टिव केस का आंकड़ा भी नौ दिन बाद बढ़कर साढ़े चार लाख के पार हो गया है। इससे पहले 16 नवंबर को 4.53 लाख एक्टिव केस थे। यह घटते हुए 23 नवंबर को सबसे कम 4.37 हजार हो गए थे। देश में अब तक कोरोना के 92.66 लाख केस आ चुके हैं। इनमें से 86.77 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं और 1.35 लाख की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।

इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर रोक 31 दिसंबर तक बढ़ी

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने भारत में कमर्शियल इंटरनेशनल फ्लाइट्स की आवाजाही पर रोक 31 दिसंबर तक बढ़ा दी है। हालांकि, इस दौरान वंदे भारत मिशन के तहत जाने वाली खास उड़ानें जारी रहेंगी। इससे पहले DGCA ने इंटरनेशनल फ्लाइट पर रोक 30 नवंबर तक बढ़ाने का आदेश दिया था। शेड्यूल कमर्शियल इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर रोक 8वीं बार बढ़ाई गई है।

मार्च में अंतरराष्ट्रीय और घरेलू दोनों उड़ानें रद्द की गई थीं

23 मार्च से DGCA ने इंटरनेशनल फ्लाइट पर 24 मार्च से घरेलू उड़ानों पर रोक लगा दी थी। घरेलू उड़ानों को 25 मई से सख्त गाइडलाइन के साथ शुरू कर दिया गया था। इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर लगी रोक को पहली बार 14 अप्रैल को बढ़ाया गया था। तब यह रोक 3 मई तक कर दी गई थी। तब से इसे हर महीने बढ़ाया जा रहा है।

20 राज्यों में दूसरी लहर की आहट

देश में अब 20 राज्य ऐसे हैं, जहां एक्टिव मरीजों की संख्या फिर से बढ़नी शुरू हो गई है। इसमें उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान, पंजाब, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल भी शामिल हैं। इन राज्यों में हर दिन ठीक होने वाले मरीजों से ज्यादा नए केस आ रहे हैं। मतलब यहां कोरोना की दूसरी लहर ने आहट दे दी है। अगर यही आलम रहा तो अगले 3-4 दिन में पूरे देश में दूसरी लहर शुरू हो सकती है।

दिल्ली

केजरीवाल सरकार के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय को कोरोना हो गया है। वे कोरोना संक्रमित होने वाले दिल्ली के तीसरे मंत्री हैं। उनसे पहले उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन संक्रमित हो चुके हैं। हालांकि, अब दोनों नेता ठीक हो चुके हैं।दिल्ली में बुधवार को 99 मरीजों की मौत हुई। अब तक 8720 लोगों की जान गंवा चुके हैं। पिछले 24 घंटे के अंदर 5246 लोग संक्रमित पाए गए। 5361 लोग रिकवर हुए। अब तक 5 लाख 45 हजार 787 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 38 हजार 287 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 4 लाख 98 हजार 780 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 8720 हो गई है।

मध्यप्रदेश

राज्य में बुधवार को 1773 नए मरीज मिले। 996 लोग रिकवर हुए और 14 की मौत हो गई। अब तक 1 लाख 98 हजार 284 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 13 हजार 742 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 81 हजार 345 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 3197 हो गई है।