किसानों के भारत बंद का पूरे देश में दिख रहा असर, कई राज्यों में ट्रेनों को रोका

0
292

TIO NEW DELHI

किसान आंदोलन के समर्थन में आज भारत बंद है। इस बीच, आम आदमी पार्टी (AAP) ने आरोप लगाया है कि केंद्र की पुलिस ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को घर में नजरबंद कर दिया गया है। गैर-भाजपा शासित 13 राज्यों में बंद का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। इन राज्यों में देश की आधी आबादी रहती है और करीब 4.82 करोड़ किसान परिवार रहते हैं। इनमें बड़े राज्य महाराष्ट्र और राजस्थान हैं। महाराष्ट्र में 1.10 करोड़ और राजस्थान में 71 लाख परिवार खेती पर निर्भर हैं। मध्यप्रदेश के होशंगाबाद जिले में सिवनी-मालवा क्षेत्र में मंगलवार सुबह किसान संघों द्वारा केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों के विरोध में बुलाए गए ‘भारत बंद’ के समर्थन में प्रदर्शन किया गया। क्रांतिकारी किसान मजदूर संगठन (केकेएमएस) के बैनर तले प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की और नए कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग की।

  • 20 सियासी दल इसका सपोर्ट कर रहे हैं। कोलकाता में जादवपुर रेलवे स्टेशन पर लेफ्ट (वाम दलों) के कार्यकर्ता ट्रेन रोककर ट्रैक पर बैठ गए।
  • राजस्थान में रोडवेज की बसों के पहिए थमे हुए हैं। हालांकि, इन्हें सिर्फ दोपहर 2 बजे तक बंद करने का फैसला किया गया है। जयपुर में लो फ्लोर बसें भी नहीं चल रहीं।
  • महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में स्वाभिमानी शेतकारी संगठन ने ‘भारत बंद रेल रोको’ के तहत थोड़ी देर के ट्रेन रोकी। बाद में प्रदर्शनकारियों को पटरी से हटाकर हिरासत में ले लिया गया। भुबनेश्वर में भी प्रदर्शनकारियों ने ट्रेनें रोकीं।
  • हैदराबाद की उस्मानिया यूनिवर्सिटी ने 8 दिसंबर को होने वाली सारी परीक्षाएं टाल दी हैं। इसका बदला शेड्यूल छात्रों को बताया जाएगा। 9 दिसंबर की परीक्षाएं यथावत रहेंगी।

इंदौर में मंडी बंद कराने पहुंचे पूर्व मंत्री वर्मा, भारी बल तैनात; भोपाल में किसानों के समर्थन में सिखों ने रैली निकाली
किसानों के मंगलवार को भारत बंद के मद्देनजर मध्य प्रदेश भी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लगाई गई है। प्रदेश में व्यापारी संगठनों ने समर्थन नहीं दिया है, लेकिन कांग्रेस इसके समर्थन में आ गई है। इंदौर और भोपाल में बाजार खुल गए हैं। उज्जैन में कांग्रेसियों ने बंद के समर्थन में रैली निकाली। हल्की बहस भी हुई। कई शहरों में पुलिस अलर्ट पर है। इंदौर में भी पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा बाइक रैली निकालकर छावनी मंडी बंद कराने पहुंच गए हैं। यहां पुलिस तैनात है।

भोपाल : स्पेशल फोर्स के साथ बम निरोधक दस्ता भी तैनात
भोपाल में विशेष सुरक्षा बल और बम निरोधक दस्ता तक तैनात कर दिया है। पुलिसकर्मियों की मार्केट के पास तैनाती की गई है, ताकि जबरन बंद कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। अतिरिक्त सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षा बल भी लगाया गया है। इधर, बम निरोध दस्ता दो दिन से रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और भीड़ भाड़ वाली जगह पर जांच कर रही है, ताकि किसी तरह की शांति भंग न हो सके। किसानों के समर्थन में सिख समुदाय ने बोर्ड ऑफिस से ज्योति टॉकीज चौराहे तक रैली निकाली
इंदौर : सब्जी मार्केट खुला, पूर्व मंत्री पहुंचे बंद कराने
इंदौर. बंद का यहां कुछ ज्यादा असर नजर नहीं आ रहा है। इंदौर में आलू, फ्रूट और सब्जी में कामकाज आमदिनों की तरह ही शुरू हो चुका है। किसानों के फल-सब्जी का लेनदेन अलसुबह से ही चल रहा है। उधर, कांग्रेसी नेता-कार्यकर्ता छावनी समर्थन में अनाज मंडी में धरना देकर कानून वापस लेने की मांग करने की तैयारी में हैं। आप पार्टी भी दोपहर में राजबाड़ा पर बैठेगी। सुबह करीब 10 बजे कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, शहर अध्यक्ष विनय बाकलीवाल और जिला अध्यक्ष सदाशिव यादव कार्यकर्ताओं के साथ बाइक रैली के रूप में छावनी अनाज मंडी पहुंचे। यहां पर नारेबाजी भी की, लेकिन इन्हें संभालने के लिए तीन थानों का बल मौजूद है।
उज्जैन : शहर बंद लेकिन गुटों में बंटी दिखी कांग्रेस
उज्जैन में कांग्रेस ने बाइक से रैली निकाली। अभी तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन चल रहा है। शहर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। बाजार अभी बंद हैं। उज्जैन में कांग्रेसी कई गुटों में बंटे होने से प्रदर्शन मात्र औपचारिकता बनी। कोई गिरफ्तारी देने को तैयार नहीं दिखा।

जबलपुर : बाजार खुला, कांग्रेस और आप पार्टी निकालेगी रैली
यहां भी बाजार आम दिनों की तरह खुलने लगे हैं। कांग्रेसियों और आप पार्टी द्वारा कुछ देर में प्रदर्शन कर बंद कराया जा सकता है। दोपहर दो बजे के आसपास राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। बंद का असर फिलहाल नहीं दिख रहा है।
प्रदेश में खुलने लगा बाजार
भोपाल समेत प्रदेश भर में सभी बाजार और जरूरी सेवाएं पूरी तरह संचालित की जाएंगी। मंगलवार सुबह भोपाल में सभी दुकानें और बाजार सामान्य रूप से खुलने लगे थे। सार्वजनिक परिवहन और अन्य सेवाएं चलती रहेंगी। शासन ने स्वेच्छा से बंद रखने वालों के अलावा अन्य किसी तरह से जबरन बंद कराने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटने की रणनीति तैयार की है।

मध्यप्रदेश में 8 दिसंबर के भारत बंद को कांग्रेस ने समर्थन कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस ने बाकायदा पत्र जारी करते हुए सभी जिला कमेटियों को इसे प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले बंद को लेकर यहां कोई हलचल नहीं थी, लेकिन कांग्रेस के आह्वान के बाद पुलिस-प्रशासन हरकत में आ गया है। चेकिंग के साथ संवेदनशील इलाकों में पुलिस तैनाती की तैयारी तेज कर दी गई है। ट्रांसपोर्ट और पुराने भोपाल का थोक किराना बाजार खुला रहेगा।

राजस्थान में अनाज मंडियां बंद
भारत बंद का कांग्रेस शासित राजस्थान में किसान संगठनों और मंडी कारोबारियों ने समर्थन किया है। यहां पेट्रोल पंप, अस्पताल, मेडिकल शॉप्स सहित जरूरी सेवाओं को छोड़कर बाकी सब कुछ बंद रहेगा।

जयपुर में प्रदेश की सबसे बड़ी फल-सब्जी मंडी मुहाना टर्मिनल भी कल बंद रहेगी। राजस्थान खाद्य पदार्थ व्यापार संघ ने भी बंद का समर्थन करते हुए प्रदेश की सभी 247 अनाज मंडियों को बंद रखने की अपील की है।

महाराष्ट्र में संवेदनशील मार्गों पर बसें नहीं चलेंगी, दूध सप्लाई नहीं
किसानों के भारत बंद का महाविकास अघाड़ी (MVA) में शामिल तीनों दल यानी शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी ने समर्थन किया है। समाजसेवी अन्ना हजारे मंगलवार को किसानों के समर्थन में अपने गांव रालेगण सिद्धि में एक दिन का अनशन करेंगे।

बंद को देखते हुए संवेदनशील मार्गों पर स्टेट ट्रांसपोर्ट (ST) की बसों को नहीं चलाने का फैसला लिया गया है। बंद के दौरान राज्य में मेडिकल स्टोर और किराना दुकानें खुली रहेंगी। दूध उत्पादक संघ ने पूरे राज्य में मिल्क की सप्लाई रोकने का निर्णय लिया है।

इसके अलावा फल और सब्जी की सप्लाई भी नहीं होगी। राज्य में सभी रेस्तरां सुबह 11 बजे से 3 बजे तक बंद रहेंगे। नासिक, पुणे, अहमदनगर और कोल्हापुर में मंडियां भी कल बंद रहेंगी।

पंजाब में पेट्रोल पंप भी शाम 5 बजे तक बंद रहेंगे
कांग्रेस शासित पंजाब में किसान आंदोलन को बड़े पैमाने पर समर्थन मिल रहा है। यहां मंगलवार को पेट्रोल पंप भी सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक बंद रहेंगे। पंजाब पेट्रोल पंप डीलर एसोसिएशन के प्रधान परमजीत सिंह इसकी घोषणा कर चुके हैं। हालांकि, इमरजेंसी सेवाओं और इससे जुड़ी गाड़ियों को पेट्रोल पंप से फ्यूल मिलता रहेगा।

पंजाब में 3470 पेट्रोल पंप हैं, इनमें 4 लाख लीटर से ज्यादा फ्यूल बिकता है। राज्य के छोटे दुकानदार भी बंद के समर्थन में आ गए हैं।

झारखंड में ट्रेनों पर भी असर पड़ सकता है
झारखंड में भाजपा को छोड़कर लगभग सभी राजनीतिक दलों ने भारत बंद को अपना समर्थन दिया है। राज्य के CM हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया में लिखा है कि देश की आन-बान-शान हैं हमारे मेहनती किसान। केंद्र सरकार की देश के मालिक को मजदूर बनाने की साजिश है।

झारखंड में सीटू के महासचिव प्रकाश विप्लव ने बताया कि भारत बंद के दौरान इमरजेंसी को छोड़कर सभी सेवाएं बंद रहेंगी। ट्रेन को भी रोका जाएगा। बस और ट्रक एसोसिएशन ने एक दिन के बंद की अपील की है।

छत्तीसगढ़ में विधायक करेंगे बंद की अगुआई
कांग्रेस शासित छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में बंद का असर देखने को मिलेगा। कांग्रेस ने राजधानी रायपुर में बंद की अगुआई करने का जिम्मा विधायक विकास उपाध्याय पर सौंपा है। सोमवार को एक बैठक में सभी व्यापारियों से विधायकों ने बंद का समर्थन करने की अपील की है।

बाकी गैर-भाजपा शासित राज्यों का हल

केरल: यहां भी बड़े पैमाने पर बंद का असर दिखेगा। राज्य सरकार ने कृषि कानूनों को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने का फैसला किया है।

बंगाल: सीएम ममता बनर्जी ने सोमवार को किसानों के समर्थन में मिदनापुर में कहा- भाजपा सरकार को तुरंत कृषि विधेयकों को वापस लेना चाहिए या फिर केंद्र की सत्ता से हट जाना चाहिए। ममता जिस मंच से भाषण दे रही थीं, वहां सब्जियां भी रखी हुई थीं। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने भारत बंद का खुलकर समर्थन नहीं किया है। दरअसल, कांग्रेस और लेफ्ट बड़े पैमाने पर प्रदर्शन की तैयारी कर रही हैं।

आंध्र और तमिलनाडु: आंध्र में सरकार चला रही YSR और तमिलनाडु की अन्नाद्रमुक सरकार ने भारत बंद का सपोर्ट नहीं किया है।