दिल्ली लौटी फ्लाइट में 5 पॉजिटिव मिले, नए स्ट्रेन का पता लगाने के लिए सैम्पल रिसर्च सेंटर भेजे गए

0
171

TIO NEW DELHI

पूरी दुनिया इस समय कोरोना वायरस के खिलाफ जंग लड़ रही है। वहीं कुछ देशों में टीकाकरण भी शुरू हो गया है। लेकिन इसी बीच ब्रिटेन सहित छह देशों में कोरोना के नए स्ट्रेन (रूप) ने दुनिया की चिंता बढ़ा दी है। यह स्ट्रेन ब्रिटेन के बाद नीदरलैंड्स, डेनमार्क, ऑस्ट्रेलिया, इटली और दक्षिण अफ्रीका में भी पाया गया है।

कोविड का यह नया स्ट्रेन 70 प्रतिशत ज्यादा तेजी से फैल रहा है। इसके खतरे को देखते हुए भारत सरकार ने ब्रिटेन से आने वाली सभी उड़ानों पर 22 दिसंबर रात 11:59 बजे से 31 दिसंबर तक के लिए रोक लगा दी है। 22 दिसंबर की रात तक आने वाले सभी यात्रियों की एयरपोर्ट पर ही कोरोना जांच की जाएगी। कोरोना निगेटिव रिपोर्ट वाले लोगों को भी एक हफ्ते तक होम आइसोलेशन में रहना होगा।

लंदन में कोरोनावायरस का नया स्ट्रेन मिलने से दहशत है। बीती रात वहां से दिल्ली लौटी एक फ्लाइट में सवार 266 लोगों में से पांच की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनके सैम्पल रिसर्च के लिए नेशनल सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल (NCDC) भेजे गए हैं। सभी पैसेंजर्स और क्रू मेंबर्स को आइसोलेशन में रखा गया है। दिल्ली में कोविड-19 के नोडल ऑफिसर ने मंगलवार को यह जानकारी न्यूज एजेंसी को दी।

इस बीच, मुंबई में भी लंदन से लौटीं दो फ्लाइट के यात्रियों को एयरपोर्ट से सीधे होटल ले जाया गया। उन्हें यहां आइसोलेशन में रखा गया है। हालांकि, कुछ यात्रियों ने इस पर नाराजगी जताई और कहा कि उन्हें इस बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं थी। लंदन में हाल ही में कोरोना का नया स्ट्रेन (बदला रूप) मिला है। इसे पहले से 70% ज्यादा संक्रामक माना जा रहा है।

भारतीय छात्र फंसे
ब्रिटेन पर लगे ट्रैवल बैन का असर भारतीय छात्रों पर भी हुआ। ब्रिटेन में क्रिसमस की छुट्टयां शुरू हो चुकी हैं। कई भारतीय देश लौटना चाहते हैं, लेकिन भारत सरकार के अचानक ट्रैवल बैन के फैसले से यह छात्र ब्रिटेन में ही फंस गए हैं। हर साल दिसंबर में अधिकतर भारतीय छात्र देश लौटते हैं। फिलहाल, दोनों देशों टूरिस्ट वीजा जारी नहीं कर रहे हैं। लेकिन, पारिवारिक कारणों से जो लोग ब्रिटेन में पहले से हैं, उनके लिए भी देश लौटना अब मुश्किल हो गया है।

ब्रिटेन में नया एकेडमिक सेशन अगले महीने शुरू होगा। लंदन में इंडियन हाईकमिशन ने सोशल मीडिया पर भारत की सिविल एविएशन मिनिस्ट्री के अपडेट्स जारी किए हैं। भारत से भी कोई फ्लाइट फिलहाल, ब्रिटेन नहीं जाएगी। वंदे भारत मिशन के तहत भी ब्रिटेन से सभी फ्लाइट ऑपरेशन रोक दिए गए हैं।

वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन यानी WHO ने कहा है कि ब्रिटेन में कोरोनावायरस का नया स्ट्रैन बेकाबू नहीं है। WHO का यह बयान इसलिए मायने रखता है क्योंकि शनिवार को ब्रिटेन के हेल्थ सेक्रेटरी ने कहा था कि देश में हालात काबू से बाहर होते जा रहे हैं। WHO के इमरजेंसी चीफ माइकल रायन ने कहा- महामारी के दौर में इससे भी ज्यादा मामले और खतरनाक स्थिति देखी है। हमने उस पर भी काबू किया था। इसलिए, ब्रिटेन के हालात को बेकाबू न मानें। ये जरूर है कि इसे बहुत गंभीरता से लेना होगा।