सागर जिले में ओले गिरने से चना, मसूर की घेंटी झड़ी, गेहूं की बालियों को भी नुकसान

0
276

TIO BHOPAL

मंगलवार को सुबह मौसम बदलने के साथ हुई बूंदाबांदी ने जिलेभर के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। जिलेभर में सुबह बारिश हुई। वहीं देवरी ब्लॉक के महाराजपुर व केसली ब्लाक में ओलावृष्टि हुई। केसली में जहां चना के आकार के ओले गिरे वहीं महाराजपुर में बेर के आकार के ओले करीब दस मिनट तक गिरे। इससे पककर खड़ी फसलों को नुकसान है। ओले गिरने से चना, मसूर की घेंटी व गेहूं की बालियां झड़ने के समाचार हैं। वहीं ओलावृष्टि से लहसुन व प्याज के कंद को नुकसान है। किसानों का कहना है कि महाराजपुर में सुबह छह बजे करीब दस मिनट तक जमकर ओलावृष्टि हुई। ओलों से दहलनी फसलों के अलावा गेहूं व सब्जी को भी नुकसान हुआ है।

रहली ब्लॉक में सुबह पांच बजे से तेज बारिश की खबर है। यहां पककर खड़ी फसल को क्षति पहुंची है। कई किसानों के पहले बोई गई फसल पककर खड़ी है। कुछ की कट चुकी है जो खलियान में रखी है। इन फसलों को नुकसान हुआ है। राहतगढ़, जैसीनगर ब्लॉक में केवल बारिश हुई है। यहां नुकसान की आशंका बहुत कम है, बारिश से केवल फसल भींगी है जो धूप खिलते ही सूख जाएगी। मंगलवार को सुबह मौसम में अचानक बदलाव आया। पिछले सात दिन से सुबह से ही मौसम साफ रहता था। दिन चढ़ने के साथ ही तीखी धूप होती थी, लेकिन मंगलवार को सुबह से बादल छाए हुए थे। बूंदाबांदी हो रही थी। देवरी, केसली में ओलावृष्टि से किसान चिंतित हैं। रहली के दरारिया गांव के किसान सत्तू पटेल का कहना है कि उन्होंने कल ही मसूर की कटाई की थी। गनीमत रही कि फसल को सुरक्षित रखा था, लेकिन अन्य किसानों ने ऐसा नहीं किया, जिससे उन्हें नुकसान की आशंका है।

नरसिंहपुर जिला मुख्यालय से करीब 40 किमी दूर नर्मदा के बरमान खुर्द, बरमान कला, नरवारा आदि गांवों में बारिश की तेज फुहार के बीच ओले भी गिरे हैं। सुबह करीब 7.30 बजे घरों की छतों-टीन, टप्पर पर पत्थर फिंकने जैसी आवाजें सुनकर बाहर आए लोगों को ओले गिरने की जानकारी हुई। इसी तरह जिला मुख्यालय समेत बाकी सभी तहसीलों में भी आसमान में बादल छाए हुए हैं।