TIO NEW DELHI
देश-दुनिया में 7वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर भारत, अमेरिका, रूस और चीन सहित कई देशों में लोगों ने प्राणायाम, अनुलोम-विलोम और सूर्य नमस्कार किया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दिल्ली में अपने सरकारी आवास पर योग आसन किए। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, धर्मेंद्र प्रधान और डॉ. हर्षवर्धन ने भी योग दिवस मनाया।
जम्मू-कश्मीर: सातवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय सैनिकों ने पुंछ इलाके के नागरिकों के साथ योग किया। एक नागरिक ने बताया कि यहां पर हम दोनों ने मिलकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया। यहां पर बच्चों ने भी योग किया, जिससे उन्हें काफी फायदा हुआ है। महाराष्ट्र: मुस्लिम महिलाओं ने 7वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुंबई में योगाभ्यास किया।
हरियाणा सरकार ने योग आयोग का गठन किया
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने योग दिवस के अवसर पर योग आयोग बनाने की जानकारी दी। सीएम मनोहर लाल ने कहा, हरियाणा में हमने योग को आगे बढ़ाने के लिए योग आयोग का गठन किया है। गांव-गांव में योग पहुंचे, इसके लिए 6,700 गांवों में से हमने 1000 गांवों में योग और व्यायामशालाएं स्थापित करने का निर्णय लिया। इसमें से लगभग 550 गांवों में ये योगशालाएं स्थापित हो चुकी हैं, शेष पर काम चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां सब जगह योग का शिक्षण प्रशिक्षण देने के लिए 1000 योग शिक्षक और 22 योग कोच भर्ती करने के पद भी सृजित हो गए हैं। बहुत जल्द उनकी नियुक्ति भी हो जाएगी।
योगी, शिवराज और येदयुरप्पा ने किया योग
दुनिया भर में आज सातवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। कोरोना महामारी को देखते हुए योग दिवस पर बड़े आयोजन नहीं किए गए हैं, लेकिन सभी राज्यों में योग के छोटे—छोटे कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, केंद्रीय मंत्रियों और राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने योगाभ्यास किया। इस दौरान लोगों से योग को दिनचर्या में शामिल करने की अपील भी की। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने योग किया। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी.एस.येदयुरप्पा ने 7वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बेंगलुरु में योगाभ्यास किया।
केंद्रीय मंत्री रविशंकर ने पटना में योग किया
केंद्रीय मंत्री रविशंकर ने पटना में योग किया। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति और संस्कार की एक बहुत बड़ी धरोहर है। प्रधानमंत्री ने इस धरोहर को आज दुनिया के सामने इतने प्रभावी रूप से योग दिवस के रूप में प्रस्तुत किया है। कोरोना काल में इसकी उपयोगिता और योगदान बहुत अनुकरणीय है।