TIO NEW DELHI
कश्मीर में खात्मे की कगार पर पहुंच चुके आतंकी संगठन अब जम्मू संभाग को निशाना बनाने की साजिशें रच रहे हैं। इसके लिए सीमा पार से ड्रोन का सहारा लिया जा रहा है। जम्मू में एक बार फिर से ड्रोन दिखाई दिया है। जम्मू एयरफोर्स स्टेशन के पास बुधवार रात को एक ड्रोन को देखा गया है। जिसके बाद सुरक्षाबल सतर्क हो गए।
इससे पहले भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अरनिया और हीरानगर सेक्टर में पाकिस्तानी ड्रोन की संदिग्ध गतिविधि से हड़कंप मच गया था। अरनिया सेक्टर में बीएसएफ के जवानों ने आसमान में लाल रंग की लाइट देखते ही फायरिंग कर दी।
बताया जा रहा है कि यह पाकिस्तान ड्रोन था, जिसे वापस खदेड़ दिया गया। वहीं कठुआ के हीरानगर सेक्टर में स्थानीय लोगों ने ड्रोन जैसी आवाज सुनी। आसमान में पीले रंग की लाइट भी देखी। दोनों ही जगह एहतियातन तलाशी अभियान चलाया गया लेकिन कोई भी आपत्तिजनक सामग्री या सुराग नहीं लगा।
मंगलवार देर रात को अरनिया सेक्टर में करीब 200 मीटर की ऊंचाई पर लाल रंग की लाइट दिखाई दी। यह लाइट पाकिस्तान की ओर ही थी। ड्रोन के इस तरफ आने की आशंका पर बीएसएफ के जवानों ने फायरिंग की, जिसके तुरंत बाद यह लाइट वाला उपकरण पाकिस्तान की तरफ ही चला गया। उधर, हीरानगर के करोल बिद्दो इलाके में मंगलवार रात करीब 10.30 बजे स्थानीय लोगों ने आसमान में ड्रोन जैसी आवाज सुनी। सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया। आवाज कुछ देर के बाद शांत हो गई।

