विदिशा में कुएं में गिरने से 4 की मौत, मौत के कुएं की वजह से फैला मातम, गूंज रही हैं चीखें

0
270

TIO NEW DELHI

मध्यप्रदेश में विदिशा जिले के गंजबासौदा में गुरुवार रात 9 बजे बड़ा हादसा हो गया। यहां कुएं में एक बच्चे के गिरने के बाद उसे निकालने के लिए पहुंचे लोगों की वजह से कुआं धंस गया। कई लोग अंदर गिर गए। इनकी संख्या स्पष्ट नहीं है, लेकिन सुबह तक 20 लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा चुका था। 4 लोगों के शव भी कुएं से निकाले गए हैं। अब भी वहां रेस्क्यू चल रहा है। रात में रेस्क्यू में लगा ट्रैक्टर भी पलट गया। वहीं बचाव दल के तीन लोग भी घायल हुए हैं। कुएं में अब भी पानी है। कुछ और लोगों के कुएं के मलबे में दबे होने की आशंका है।

रात को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी विदिशा जिले में ही थे। उन्होंने मौके पर अधिकारियों को रवाना कर दिया था। विदिशा के प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग भी भोपाल से विदिशा पहुंचे गए। NDRF और SDRF की टीम मौके पर पहुंच गई थीं। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया था। सुबह तक बचाव कार्य चल रहा है। शुक्रवार सुबह सीएम ने मृतकों के परिवार वालों को 5 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार की सहायता का ऐलान किया है। सीएम ने कहा कि घटना की सतत निगरानी की जा रही है।

गुरुवार की शाम करीब 6 बजे लाल पठार गांव में रवि अहिरवार नामक 13 साल का एक बच्चा 40 फीट गहरे कुएं में गिर गया था। कुएं में पानी भरा था। इसके बाद वहां भीड़ लग गई। भीड़ के वजन से अचानक कुआं धंस गया। इससे वहां खड़े करीब लोग कुएं में गिर गए। घटना की जानकारी लगते ही प्रशासन के अफसर भी मौके पर पहुंच गए। तुरंत JCB और अन्य मशीनों के जरिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। अब तक 20 लोगों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। जिले की गंजबासौदा तहसील के गांव लाल पठार में सुबह तक कुएं से 4 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। वही ग्रामीणों ने घर-घर पता कर 11 लोगों की जानकारी जुटाई है जो रात को घर नही पहुंचे।जिसमें एक दस साल का बालक भी बताया गया है। सुबह एक घण्टे के बाद एनडीआरएफ की टीम ने फिर बचाव कार्य शुरू कर दिया है। गांव में मातम फैला हुआ है, वहीं कुएं के आसपास पुलिस और अधिकारियों का जमावड़ा है।राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने भी घटना पर शोक व्‍यक्‍त किया है। पूरी रात बचाव दल और अधिकारियों के अलावा ग्रामीणों ने भी जागकर ही काटी। हर शव मिलने के बाद उनके स्वजनों की चीखें गूंजने लगी। मौके पर रात भर प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग भी रहे। वे सुबह गंज बासौदा जाकर वापस मौके पर लौट आए। अभी मौके पर कमिश्नर कवींद्र कियावत, एडीजी ए साई मनोहर, कलेक्टर डॉ. पंकज जैन, एसपी विनायक वर्मा मौजूद हैं।ग्रामीणों के अनुसार क्षतिग्रस्‍त कुएं की मरम्‍मत के लिए ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत से गुहार लगाई गई थी, लेकिन इस ओर ध्‍यान नहीं दिया गया। कुएं से ही यह घटना हो गई। गांव के बड़ी संख्‍या में लोग पानी भरने के लिए इसी कुएं पर निर्भर हैं।

ट्रैक्टर पलटा, बचाव दल के 3 लोग मलबे में फंसने से घायल
रात 10.24 बजे लाल पठार के कुएं में पंप लगाकर पानी बाहर निकालते समय एक ट्रैक्टर भी कुएं के मलबे में गिर गया। उसमें बैठे ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बचाव दल में शामिल मौके पर पहुंचे SDRF और होम गार्ड की टीम के 3 लोग कुएं का पानी निकालते समय मलबे में गिर गए। इसमें से रमेशचंद्र रतनलाल शर्मा और लक्ष्मीनारायण विश्वकर्मा की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें विदिशा रेफर कर दिया गया।

खाली करा रहे कुआं
जानकारी के अनुसार कुआं करीब 40 फीट गहरा है। उसमें 25 से 30 फीट पानी है। रेस्क्यू के लिए कुआं खाली कराया जा रहा है। अंधेरा होने के चलते बचाव एवं राहत कार्य में परेशानी आई। सुबह तक कुआं खाली कराया जा रहा था।