पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए उसकी तुलना हिटलर से की

0
149

TIO BHOPAL

पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए उसकी तुलना हिटलर से की है। बुधवार को ट्वीट कर कहा कि चुनाव का आखरी समय आ गया है। भाजपाई कहेंगे हिंदू धर्म खतरे में है, उसे बचाने के लिए सभी भाजपा को वोट दें। यही हिटलर करता था और यही भाजपा करती है। इस पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खतरे में है। दिग्विजय सिंह अपना घर संभाले।

मध्यप्रदेश में एक लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की वोटिंग में 30 अक्टूबर को होनी है। इसको लेकर कांग्रेस और भाजपा नेताओं में बयानबाजी तेज हो गई है। दिग्विजय सिंह ने ट्वीट में कहा है कि जिस तरह से हिटलर ने जर्मनी को बर्बाद किया। उसी तरह भाजपा भारत को बर्बाद कर रही है।

पूर्व सीएम के ट्वीट पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खतरे में है। हिंदू न खतरे में है, न था और न रहेगा। दिग्विजय सिंह जितनी खतरे में कांग्रेस है, उसकी चिंता करो। अपने घर को संभालो। अगली बरसात में यह दीवार भी ढह जाएगी।

आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन
बता दें एमपी में खंडवा लोकसभा सीट और पृथ्वीपुर, रैगांव, जोबट विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों ने सभी सीटों पर पूरा जोर लगा दिया है। इन सीटों पर 30 अक्टूबर को वोटिंग और 2 नवंबर को मतगणना होनी है।

वेब सीरीज आश्रम-3 पर मामले में भी घेरा

राजधानी भोपाल में वेब सीरीज आश्रम-3 विवाद और हंगामा मामला शांत नहीं हो रहा है। अब गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दिग्विजय सिंह पर पलटवार किया है। बुधवार को मीडिया के पूछे सवाल पर नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि यह सब टुकड़े टुकड़े वाले लोग हैं। यह चाहते हैं कि कोई भी अराजक स्थिति बने। अशांति कैसे फैले।

सतना में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान चुनावी दौरे के बीच खाना खाने आदिवासी बसंती के घर पहुंच गए। बसंती ने मुख्यमंत्री के लिए चने की भाजी, भर्ता और चूल्हे पर हाथ से बनी पनपथी रोटी के साथ दाल-चावल, लौकी की सब्जी और खीर बनाई थी। सीएम शिवराज के साथ सांसद गणेश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र त्रिपाठी तथा विधायक शरद कोल ने भी खाने का स्वाद लिया।

सीएम कमरे से बाहर निकले और सीधे चूल्हे के पास गांव की अन्य महिलाओं के साथ बैठी बसंती के पास जा बैठे। उन्होंने भोजन की तारीफ करते हुए कहा, जो स्वाद बहनों के हाथ की बनी रोटियों में है वो कहीं नहीं, क्योंकि उसमें इनका प्रेम भी मिला है। उन्होंने पूछा कि ये हाथ की रोटियां कैसे बनाती हैं। बसंती ने बताया कि गूंथे आटे को हाथ से गोल आकार दिया जाता है। उसकी मोटाई ज्यादा रखी जाती है और उसे आग पर पकाया जाता है। उन्होंने महिलाओं से उनकी समस्याएं पूछीं और कहा इन पर ध्यान जरूर दिया जाएगा।

सीएम आदिवासी बसंती के घर पहुंचे थे। यहां खाने के बाद सीएम चलने को उठ खड़े हुए तो बसंती उनके पैरों पर झुक गई। शिवराज ने उन्हें उठाया और गले से लगा लिया। बसंती ने बताया कि पहला मौका है जब कोई सीएम गांव में आया है। यह उनके जीवन का यादगार क्षण है जब मुख्यमंत्री शिवराज उनके घर आए, खाना खाया और इतनी देर तक बैठ कर उनसे बात की। बसंती ने कहा- चूल्हे से बनी रोटी का स्वाद अलग ही होता है, इसलिए उन्होंने भोजन गैस चूल्हे पर नहीं पकाया।