TIO NEW DELHI
कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। सुबह 10.41 बजे बीएसई सेंसेक्स 1,322.44 अंक या 2.25% की गिरावट के साथ 57,472 के लेवल पर आ गया। वहीं निफ्टी 405.85 अंक या 2.31% गिरकर 17,130 पर पहुंच गया। एक्सपर्ट्स के मुताबिक कोविड-19 के नए वैरिएंट से इकोनॉमी की रिकवरी प्रभावित हो सकती है। इस डर से निवेशकों में घबराहट है और इतनी गिरावट देखने को मिल रही है।
11 में से 10 सेक्टोरल इंडेक्स गिरावट में
फार्मा के अलावा बाकी सभी सेक्टोरल इंडेक्स में गिरावट है। सबसे ज्यादा गिरावट रियल्टी, मीडिया और बैंकिंग स्टॉक्स में देखी जा रही है।
सेंसेक्स के 30 में से 29 शेयर लाल निशान में
सेंसेक्स के 30 में से 29 शेयर लाल निशान में है। बढ़त वाले शेयरों में केवल डॉ. रेड्डीज है। सबसे ज्यादा गिरावट बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, मारूती के स्टॉक में देखने को मिल रही है।
गिरावट के तीन कारण
नया कोविड वैरिएंट:
दक्षिण अफ्रीका में कोरोना वायरस का नया वैरिएंट मिला है। वैरिएंट के सामने आने के बाद भारत सरकार के स्वास्थ्य सचिव ने निर्देश जारी किया है कि भारत आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की सघन कोरोना जांच की जाए।
FII सेलिंग:
एनएसई के पास उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक फॉरेन पोर्टफोलियो इन्वेस्टर (FPI) ने घरेलू स्टॉक्स में 2,300.65 करोड़ रुपए की बिकवाली की है। ये बिकवाली डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (DIIs) की खरीदारी से ज्यादा है। बिकवाली ने निवेशकों के उत्साह को भी कम कर दिया है।
एशियन मार्केट्स से कमजोर संकेत
सभी एशियन मार्केट में भी गिरावट का रुख है, जिसका असर घरलू बाजार पर भी देखने को मिल रहा है। एसजीएक्स निफ्टी, निक्केई, स्ट्रेट टाइम्स, हैंगसेंग, ताइवान वेटेट, कोस्पी, शंघाई कंपोजिट सभी में 1-2% की गिरावट है।