TIO NEW DELHI
कोरोना के नए ओमिक्रॉन वैरिएंट के खतरे के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक बुला ली है। इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अलावा कैबिनेट सचिव राजीव गौबा, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार पीके मिश्रा, स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण, नीति आयोग के सदस्य डॉ. वीके पॉल भी मौजूद रहेंगे। जानकारी के तहत यह बैठक सुबह 10:30 बजे होने वाली है।
कोरोना की स्थिति का लेंगे जायजा
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी देश में कोरोना की स्थिति और टीकाकरण की समीक्षा करने वाले हैं और टीकाकरण की गति बढ़ाने के लिए भी कुछ जरूरी निर्देश दे सकते हैं।
जारी किया जा चुका है अलर्ट
दक्षिण अफ्रीका में पाए गए कोरोना के नए वैरिएंट के बीच कई देशों ने अपने-अपने देश की हवाई उड़ानों को फिर से प्रतिबंधित कर दिया है। इस बीच भारत में भी अलर्ट जारी किया गया है और नए वैरिएंट के खतरे से बचने के लिए दक्षिण अफ्रीकी देश से आने वाले यात्रियों का गहन परीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि कोरोना का नया वैरिएंट डेल्टा व डेल्टा प्लस से कई गुना ज्यादा संक्रामक है। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन (B.1.1.529) की शुरुआती रिपोर्ट्स बेहद चौंकाने वाली हैं। WHO ने इसे वैरिएंट ऑफ कन्सर्न बताया है। द. अफ्रीका के 3 प्रांतों में रोज मिलने वाले 90% केस इसी वैरिएंट के हैं, जो 15 दिन पहले सिर्फ 1% थे। वैज्ञानिकों को यही बात सबसे ज्यादा डरा रही है। क्योंकि, अभी तक सबसे तेजी से फैलने वाला वैरिएंट डेल्टा था, जिससे दुनिया में तीसरी लहर आई थी। अब ओमिक्रॉन से नई लहर का खतरा है, क्योंकि यह डेल्टा से 7 गुना तेजी से फैल रहा है। यही नहीं, यह तेजी से म्यूटेट भी हो रहा है। पकड़ में आने से पहले ही इसमें 32 म्यूटेशन हो चुके हैं। इसे देखते हुए यूरोपीय यूनियन के सभी 27 देशों ने 7 अफ्रीकी देशों से उड़ानों पर रोक लगा दी है। इधर, भारत में नए वैरिएंट का कोई केस नहीं मिला है। फिर भी सिंगापुर, मॉरीशस समेत 12 देशों से आने वाले यात्रियों की गहन जांच होगी।
भारत में कोरोना की स्थिति काबू में है।
गुरुवार को देश में 10,549 नए संक्रमित मिले, जो एक दिन पहले के मुकाबले 15.6% अधिक हैं। 488 मौतें हुईं। इनमें से 384 केरल में हुईं। देश में सक्रिय मरीज 1,10,133 हैं, जो कुल मरीजों के 0.32% हैं और 539 दिनों में न्यूनतम हैं। देश में 49 दिन से लगातार 20 हजार से कम नए केस मिल रहे हैं।
दुनिया में कोरोना वायरस के बढ़ते केस:
- बेल्जियम: एक दिन में 23,350 कोरोना केस दर्ज, अक्टूबर 2020 के बाद एएक दिन में सबसे ज्यादा मामले
- स्विट्जरलैंड: एक दिन में 8,585 नए मामले दर्ज किए गए। यह नवंबर 2020 के बाद एक दिन में सबसे बड़ी बढ़त है।
- जर्मनी: एक ही दिन में 73,887 नए कोरोना मामले मिले हैं। यह एक दिन अब तक की सबसे बड़ी बढ़त है।
- इटली: 1 मई के बाद एक दिन में सबसे ज्यादा 12,448 कोरोना मामले दर्ज किए गए।
- फ्रांस: एक दिन में 32,591 नए केस सामने आए। यह पिछले हफ्ते से 61% ज्यादा है और अप्रैल के बाद एक दिन की सबसे बड़ी ग्रोथ है।