इत्र व्यापारी, सपा MLC के यहां छापेमारी

0
959

TIO NEW DELHI

उत्तर प्रदेश के कन्नौज में एक और इत्र व्यापारी के घर शुक्रवार को इनकम टैक्स विभाग ने छापा मारा है। व्यापारी का नाम पुष्पराज जैन पम्पी है। वो समाजवादी पार्टी से MLC भी हैं। उन्होंने 2022 के लिए 22 फूलों से बना समाजवादी इत्र लॉन्च किया था। पम्पी के कन्नौज, कानपुर, नोएडा और हाथरस के ठिकानों पर छापा मारा जा रहा है। पड़ोसियों के मुताबिक, पुष्पराज घर में ही हैं। टीम ने जिस घर पर रेड डाली है, यहां उनका भाई अतुल जैन अपनी फैमिली के साथ रहता है। पम्पी की फैमिली मुंबई में रहती है। इनकी कोई संतान नहीं है। कन्नौज में पम्पी के दो घर हैं। बता दें, पीयूष जैन का घर भी इसी छिपट्‌टी मोहल्ले में है, जो पम्पी के घर से महज 100 मीटर दूर है।

पुष्पराज सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के करीबी और पार्टी के बड़े फाइनेंसर बताए जाते हैं। पीयूष जैन के यहां छापेमारी के बाद से ही पम्पी चर्चा में थे। इसके अलावा एक और इत्र कारोबारी मलिक मियां के ठिकानों पर भी कन्नौज में छापेमारी चल रही है। यूपी के नोएडा और अंबेडकर नगर में भी 30 से ज्यादा जगहों पर रेड जारी है। पिछली बार भी IT विभाग पुष्पराज के ठिकानों पर छापा मारने की तैयारी में था। टीम को P की तलाश थी। लेकिन टीम गलती से P यानी पीयूष जैन के घर पहुंच गई। अखिलेश यादव आज कन्नौज के दौरे पर जाएंगे। उन्हें यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करनी है। बताया जा रहा है कि यहां पुष्पराज को भी आना था। माना जा रहा है कि कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश करीबियों के ठिकानों पर पड़ रहे छापों पर भी बयान देंगे।

पीयूष पर छापे के बाद मुंबई चला गया था पम्पी
पम्पी जैन के नजदीकियों ने बताया कि जिस दिन कानपुर में पीयूष जैन के यहां छापा पड़ा था। उसके अगले दिन ही पम्पी जैन मुंबई रवाना हो गया था। क्योंकि, उसे पूरी शंका थी कि उसके यहां भी आईटी की टीम पहुंच सकती है। बताया जा रहा है कि मुंबई में पम्पी अपने चार्टर्ड एकाउंटेंट से मिला है।

चर्चा इस बात की भी है कि उसने अपने जरूरी कागजों और नगदी को व्यवस्थित भी किया है। सूत्रों ने तो यहां तक दावा किया कि आयकर टीम पम्पी जैन के घर ही छापा मारना था। लेकिन पी-कोडवर्ड के चलते आयकर अफसरों से गलती हुई और पीयूष जैन उसके शिकंजे में आ गया।

12 देशों में पुष्पराज का कारोबार, 47 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति
पुष्पराज जैन को 2016 में इटावा-फर्रुखाबाद से सपा एमएलसी चुना गया था। वह प्रगति अरोमा ऑयल डिस्टिलर्स प्राइवेट लिमिटेड के सहमालिक हैं। उनके पिता सवैललाल जैन ने 1950 में इस बिजनेस की शुरुआत की थी। पुष्पराज का इत्र का बड़ा कारोबार 12 से ज्यादा देशों में फैला है।

2016 में उनके चुनावी हलफनामे के अनुसार, पुष्पराज और उनके परिवार के पास 37.15 करोड़ रुपए की चल संपत्ति और 10.10 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। कन्नौज के कॉलेज में ही 12 तक पढ़ाई की है।

23 दिसंबर को पीयूष पर आयकर विभाग ने की थी छापेमारी
23 दिसंबर को पीयूष के ठिकानों पर छापा पड़ा। इसके बाद सपा का इत्र बनाने वाले पुष्पराज जैन पम्पी का नाम भी सामने आने लगा। कयास लगाए जा रहे हैं कि 8 दिन बाद पुष्पराज जैन के घर छापे में कुछ खास बरामदगी नहीं हो सकती है। क्योंकि इन दिनों में कोई भी अपनी संपत्ति को ठिकाने लगा सकता है।

सपा और भाजपा में वार-पलटवार
पीयूष जैन के यहां छापेमारी के बाद भाजपा ने उन्हें सपा का बताया तो सपा ने भाजपा से नाता जोड़कर बताया। छापेमारी के बीच 28 दिसंबर को पीएम मोदी कानपुर में ही थे। यहां उन्होंने सपा पर निशाना साधा। बोले- जिन्होंने यूपी में भ्रष्टाचार का इत्र छिड़का था, आज वह सभी के सामने हैं। अब वे लोग क्रेडिट लेने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। थोड़ी ही देर में इस पर अखिलेश का पलटवार आया। उन्नाव से अखिलेश यादव ने कहा- BJP का असली निशाना पुष्पराज उर्फ पम्पी जैन थे। हमारे एमएलसी पुष्पराज जैन ने समाजवादी पार्टी नाम से इत्र बनाया था। BJP ने अपने पीयूष जैन के घर छापा पड़वाया।