TIO BHOPAL
मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमित 22 साल की युवती की मौत हो गई। तीसरी लहर में यह पहली बार है, जब किसी युवा की जान गई है। 15 दिसंबर 2021 के बाद से अब तक 10 मौतें रिपोर्ट हो चुकी हैं। 24 घंटे में प्रदेश के चारों बड़े शहरों में कोरोना विस्फोट हुआ है। इंदौर में सबसे ज्यादा 948 नए मरीज मिले हैं। भोपाल में 562 केस मिले। इनमें 39 बच्चे हैं। ग्वालियर में 333 और जबलपुर में 242 नए संक्रमित मिले।
कमलनाथ के OSD आरके मिगलानी भी कोरोना संक्रमित हो गये हैं। उन्हें चिरायु अस्पताल में भर्ती किया गया है। मिगलानी को दूसरी लहर में भी कोरोना हुआ था। चिरायु अस्पताल के CMD डॉ. अजय गोयनका ने बताया कि मिगलानी को हल्का बुखार और खांसी है।
22 साल की युवती सागर की रहने वाली थी। उसे 10 दिन से सर्दी और बुखार था। घर पर ही इलाज कराती रही। हालत गंभीर होने पर परिवारवाले दो दिन पहले बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज ले आए। कोविड टेस्ट पॉजिटिव निकला। इलाज दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने मौत की वजह कोविड निमोनिया कार्डियोपल्मोनरी अरेस्ट बताया है।
एक मौत छतरपुर में भी हुई है। तीसरी लहर में अब तक की मौतों में ज्यादातर की उम्र 50 के ऊपर थीं। प्रदेश में 15 दिसंबर 2021 तक 10529 मौत हुई हैं। इसके बाद से 10 जनवरी 2022 तक स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में 10538 मौत हो चुकी हैं।
भोपाल में ओमिक्रॉन का पहला केस
भोपाल में 22 साल की लड़की के कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। कोलार निवासी लड़की दिसंबर में US से लौटी थी। सैम्पल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया था। राहत की बात यह है कि उसकी कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग में कोई पॉजिटिव नहीं आया। वह ठीक होने के बाद दोबारा US भी जा चुकी है। भोपाल में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 1962 पहुंच गइ्र है। अस्पताल में 53 मरीज भर्ती हैं।