TIO भिंड
जिले की लहार विधानसभा क्षेत्र में दबोह के जगदीशपुरा गांव में बीते दिनों ओलावृष्टि से फसलों में बड़ा नुकसान हुआ है। गुरुवार को जगदीश पुरा गांव निवासी किसान खेत मे नुकसान का जायजा लेने के लिए पहुंचे। खेतों में बर्बाद फसल देखकर किसान को गहरा सदमा लगा। इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर पाए। इससे उनकी मौत हो गई। ओलावृष्टि से एक दिन पहले किसान की मां की मौत हो गई थी, जिससे वे नुकसान देखने नहीं पहुंचे थे।
दबोह के ग्राम जगदीशपुरा निवासी किसान सेवाराम दोहरे पुत्र भोगी राम दोहरे गुरुवार सुबह खेत पर फसल को हुए नुकसान का जायजा लेने पहुंचे थे। उन्होंने ढाई बीघा खेत में सरसों की फसल की थी, जो ओलावृष्टि से पूरी तरह बर्बाद हो चुकी थी। बर्बादी का मंजर देखकर सेवाराम दोहरे सदमा को बर्दाश्त नहीं कर सके। इससे उन्हें खेत पर ही चक्कर आ गया। आसपास के लोग उनको घर ले गए। उन्हें स्थानीय चिकित्सक को दिखाया गया, लेकिन तब तक दोहरे की दम टूट चुकी थी। बताया गया है कि किसान ने चार वर्ष पूर्व बेटी की शादी के लिए एसबीआई से केसीसी पर 50 हज़ार का लोन लिया था। तीन साल से लगातार फसल खराब होने से वह लोन अदा नहीं कर पा रहे थे। इससे लोन की राशि भी बढ़कर 76000 होना बताई गई है। बिजली के बिल का भी उनके ऊपर 20000 बकाया बताया गया है। उन्हें उम्मीद थी इस बार खेतों में अच्छी फसल होगी, लेकिन ओलावृष्टि ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। ओलावृष्टि से एक दिन पूर्व श्री दोहरे की मां कल्लो देवी का निधन हो गया था। इससे वे खेतों में नहीं जा पाए थे।