कच्चे तेल के दाम में 2008 के बाद सबसे बड़ा उछाल, सेंसेक्स 1,700 पॉइंट से ज्यादा टूटा

0
202

TIO NEW DELHI

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध का आज 12वां दिन है। इधर, रूस ने पूरे यूक्रेन में सीजफायर का ऐलान किया है। यह सीजफायर 12.30 बजे से शुरू होगा। इस दौरान युद्ध में फंसे लोगों को निकालने के लिए ह्यूमन कॉरिडोर बनाया जाएगा। यह दूसरी बार है जब रूस ने यूक्रेन में सीजफायर का ऐलान किया है। इससे पहले दो शहरों में सीजफायर किया गया था। हालांकि रूस ने इसे कुछ घंटों में खत्म करके बमबारी शुरू कर दी थी।

रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग का बुरा असर दिखने लगा है। इसके चलते वैश्विक बाजारों में जोरदार गिरावट आई है, तो दूसरी ओर कच्चे तेल का दाम आसमान पर पहुंच गया है। सोमवार को कच्चे तेल के भाव में साल 2008 के बाद सबसे बड़ा उछाल आया और इसकी कीमत 139 डॉली प्रति बैरल को पार कर गई। 

रूस के यूक्रेन पर हमले के खिलाफ पश्चिमी देश लगातार रूस पर अपने प्रतिबंध तेज करते जा रहे हैं। संयुक्त राज्य अमेरिका और यूरोपीय सहयोगी रूसी तेल के आयात पर प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रहे हैं। इसके चलते ब्रेंट 139.13 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई 130.50  डॉलर पर पहुंच गया। सोमवार को तड़के कच्चे तेल की कीमत में एकाएक 10 डॉलर की तेजी आ गई और इसने 14 साल के उच्चतम स्तर को छू लिया। गौरतलब है कि साल 2008 में कच्चा तेल 147 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया था।   

  • आज भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस और यूक्रेन दोनों के राष्ट्रपतियों से फोन पर बात करने वाले हैं। यह जानकारी केंद्र सरकार ने दी है।
  • जेलेंस्की की अपील पर अमेरिका और NATO ने रविवार को यूक्रेन को 17 हजार एंटी टैंक मिसाइलें और दूसरे हथियारों की खेप भेजी है।
  • रूसी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने यूक्रेन की मदद करने वाले देशों को धमकी दी है कि ऐसा करके वे रूस के साथ जंग को दावत दे रहे हैं।
  • रूसी सेनाओं ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर दो तरफ से हमला बोल दिया है। पूर्व की तरफ से रूसी सेनाएं कीव में दाखिल होने के लिए आगे बढ़ रही हैं। वहीं, पश्चिम की तरफ से रूस के सैनिक आम लोगों को निशाना बना रहे हैं।
  • यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की ने रविवार को कहा कि रूस ने यूक्रेन की डिफेंस इंडस्ट्री से जुड़े संस्थानों पर हमले का ऐलान किया है। इनमें से अधिकतर शहरों के बीच हैं, जहां चारों तरफ आम नागरिक रहते हैं। ऐसे में रूसी हमला सीधे तौर पर नागरिकों का मर्डर है।
  • जेलेंस्की ने रूसी हमले झेल रहे खार्किव, चेर्निहाइव, मारियुपोल, खेरसॉन, होस्टोमेल और वोल्नोवाखा शहरों को सोवियत परंपरा के अनुसार हीरो सिटी की उपाधि दी है। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद सोवियत संघ के 12 शहरों को यह खिताब दिया गया था।
  • रूस और यूक्रेन के बीच पोलैंड में शांति समझौते पर तीसरे दौर की बातचीत हो सकती है।

शेयर बाजार में हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को भारी गिरावट देखने को मिल रही है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 1,161 पॉइंट टूटकर 53,172 पर खुला। इसके बाद ये 10.20 बजे 1,708 पॉइंट की गिरावट के साथ 52,625 पर आ गया है। बैंकिंग शेयर्स की जबरदस्त पिटाई देखने को मिल रही है। सेंसेक्स के 30 शेयर्स में से 29 में गिरावट है। उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 459 अंक नीचे 15,785 पर कारोबार कर रहा है।

शुक्रवार को भी बड़ी गिरावट
इससे पहले शेयर बाजार में शुक्रवार को भी भारी गिरावट रही। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 366 पॉइंट (0.66%) गिरकर 55,102 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 108 अंक (0.55%) टूटकर 16,498 पर बंद हुआ था।

14 साल के रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा कच्चा तेल
रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते कच्चे तेल की कीमत में लगातार उछाल दर्ज किया जा रहा है। सोमवार यानी 7 मार्च, 2022 को तड़के सुबह ग्लोबल बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 130 डॉलर के पार पहुंच गई। इससे पहले कच्चे तेल ने सबसे पहले 2008 में 128 डॉलर का आंकड़ा छुआ था।

सोने में शानदार तेजी
सोने में आज शानदार तेजी देखने को मिल रही है। आज सुबह 10 बजे वायदा बाजार (MCX) में सोना 991 रुपए की बढ़त के साथ 53,550 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। वहीं चांदी भी 1,679 रुपए 70,965 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है।

ऑल टाइम हाई पर पहुंचा डॉलर
आज डॉलर के मुकाबले रुपया 77 पैसे की कमजोरी के साथ 76.93 रुपये के स्तर पर खुला। वहीं, शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 25 पैसे की कमजोरी के साथ 76.16 रुपये के स्तर पर बंद हुआ। इस साल रुपए में अब तक 3.60% की गिरावट आ चुकी है।