कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए वोटिंग शुरू

0
230

TIO NEW DELHI

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को 24 साल बाद वोटिंग हो रही है। इस चुनाव में सीनियर लीडर मल्लिकार्जुन खड़गे फ्रंट रनर माने जा रहे हैं। उनका मुकाबला 2008 में कांग्रेस में शामिल हुए शशि थरूर से है। नामांकन के प्रस्तावक और चुनाव प्रचार में शामिल हुए नेताओं की संख्या पर नजर डालें, तो उसमें थरूर कमजोर नजर आ रहे हैं, लेकिन उनका दावा है कि इस बार गेम पलटेगा। थरूर इस बार परिवर्तन की बात कहते हैं।

शशि थरूर कांग्रेस डेलिगेट्स से अंतरआत्मा की आवाज पर वोट डालने के लिए कह रहे हैं और चुनाव में जीत के अपने पुराने रिकॉर्ड्स को याद कर रहे हैं। आखिर किन रिकॉर्ड्स के जरिए थरूर को कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में उलटफेर का भरोसा है, इसे विस्तार से जानने से पहले कांग्रेस में थरूर के पॉलिटिकल करियर पर नजर डाल लेते हैं। शशि थरूर महज 14 साल पहले कांग्रेस में शामिल हुए थे। तब से लेकर अब तक वे तीन बार सांसद रहे हैं। वहीं, दो बार केंद्रीय राज्यमंत्री बनाए जा चुके हैं।

करीब 22 साल बाद ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के अध्यक्ष पद को गैर गांधी नेता संभालेगा। भोपाल में कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं। सुबह दस बजे से पीसीसी के सभागार में पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने वोट डाला। सुबह साढ़े 11 बजे तक 502 डेलीगेट्स में से 256 वोट डाले जा चुके हैं। इसमें कांग्रेस के सीनियर लीडर मल्लिकार्जुन खडगे और शशि थरूर इस चुनाव में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार हैं।

मप्र कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष अशोक सिंह, महेंद्र सिंह चौहान, जेपी धनोपिया और अजय चौघड़िया को मल्लिकार्जुन खडगे का मतदान अभिकर्ता (पोलिंग एजेंट) बनाया गया है।

मप्र में 502 डेलीगेट्स डालेंगे वोट

कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव में मप्र की ओर से 502 डेलीगेट्स वोट डालेंगे। सुबह 10 बजे से पीसीसी में शाम चार बजे तक वोटिंग का समय तय किया गया है। कांग्रेस चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष रामचंद्र खुटिया, सहायक निर्वाचन अधिकारी चक्रवर्ती शर्मा, क्रांति शुक्ला, तरुण त्यागी ने रविवार शाम पीसीसी पहुंचकर मतदान की तैयारियों का जायजा लिया।