नॉर्थ-ईस्ट के तीन राज्यों के चुनाव नतीजे: रुझानों में त्रिपुरा-नगालैंड में भाजपा की वापसी

0
262

TIO NEW DELHI

त्रिपुरा के चुनावी रुझानों में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है। यहां पार्टी लगातार दूसरी बार सरकार बना रही है। पार्टी को 33 सीटों पर बढ़त मिली है। इस बीच मुख्यमंत्री माणिक साहा के आवास पर अभी से जश्न शुरू हो गया है। कार्यकर्ता एक-दूसरे को अभी से मिठाई खिला रहे हैं। त्रिपुरा, नगालैंड और मेघालय विधानसभा चुनाव की वोटों की गिनती जारी है। 4 घंटे से ज्यादा की काउंटिंग पूरी हो चुकी है। तीनों राज्यों की सभी सीटों पर रुझान सामने आ रहे हैं। नगालैंड और त्रिपुरा में भाजपा को बहुमत मिलता दिख रहा है। मेघालय में NPP सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।

नगालैंड में भाजपा गठबंधन को 39 सीटों और त्रिपुरा में 34 सीटों पर बढ़त है। मेघालय में NPP 25 सीटों पर आगे है। भाजपा यहां 5 सीटों तक सिमटती दिखाई दे रही है।

वोटिंग के बाद आए एग्जिट पोल्स में त्रिपुरा-नगालैंड में भाजपा गठबंधन को बहुमत का अनुमान लगाया गया है। मेघालय में किसी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने का अनुमान है। यानी यहां हंग असेबंली के आसार बन रहे हैं।

  • प्रधानमंत्री रात 8 बजे भाजपा मुख्यालय जाएंगे। 3 राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों पर स्पीच देंगे।
  • हेकानी जाखालू दीमापुर III सीट जीतकर नगालैंड की पहली महिला MLA बन गई हैं। 1963 में नगालैंड राज्य बना, अब तक कोई महिला विधानसभा चुनाव नहीं जीती थी।
  • त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा पश्चिम त्रिपुरा से जीते। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में जनता की जीत हुई है।
  • नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो कोहिमा की नॉर्दन अंगामी II सीट से आगे चल रहे हैं।
  • मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनरॉड संगमा दक्षिण तुरा सीट से आगे चल रहे हैं।