कांग्रेस ने सदन से वॉकआउट कर दिया

0
106

TIO BHOPAL

मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र की आज की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस ने सदन से वॉकआउट कर दिया। कांग्रेस का कहना है, BBC की डॉक्यूमेंट्री के खिलाफ सदन में नियम विरुद्ध तरीके से निंदा प्रस्ताव लाया गया है।

नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा, ऐसा कहा गया कि सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित हुआ, लेकिन मैंने खड़े होकर उसी समय इस प्रस्ताव का विरोध किया था। शून्यकाल में कभी भी कोई संकल्प नहीं लाया जा सकता। कार्य मंत्रणा समिति में भी इसकी कोई चर्चा नहीं हुई थी। विधानसभा के अध्यक्ष नियम विरुद्ध सदन की कार्यवाही संचालित कर रहे हैं। मूकदर्शक बने हुए हैं। सोमवार को सदन में शून्यकाल के दौरान BBC की डॉक्यूमेंट्री ‘इंडिया: द मोदी क्वेश्चन’ के खिलाफ अशासकीय संकल्प (निंदा) प्रस्ताव पास हुआ।

बहस … और सदन से कांग्रेस सदस्यों का वॉकआउट

  • सदन की कार्यवाही शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह बोले- BBC डॉक्यूमेंट्री के खिलाफ प्रस्ताव नियम के तहत नहीं लाया गया।
  • नेता प्रतिपक्ष ने कहा- मैं इसका विरोध करता हूं। यह परंपरा लोकतांत्रिक नियमों के तहत नहीं। सत्ता पक्ष लोकतंत्र की धज्जियां उड़ा रहा है।
  • संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा- प्रस्ताव जब पास हो रहा था, तब कमलनाथ को छोड़कर अन्य कांग्रेस के सदस्य मौजूद थे।
  • सज्जन सिंह वर्मा बोले- अध्यक्ष महोदय, नियम प्रक्रिया के तहत सदन नहीं चल रहा है। नियम प्रक्रिया वाली किताब फेंक रहे हैं।
  • नरोत्तम मिश्रा बोले- यह हमारा देश का विरोध कर रहे हैं। बहस के बाद कांग्रेस सदस्यों ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
  • विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम बोले- BBC के मामले पर न किसी की जीत हुई, न हार। जो हुआ, नियमों के तहत हुआ।

जीतू पटवारी के निलंबन से कांग्रेस नाराज
बजट सत्र के 5वें दिन कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी को स्पीकर ने बजट सत्र की बाकी अवधि के लिए निलंबित कर दिया था। इस पर कांग्रेस ने हंगामा किया था। इसके बाद सत्र 13 मार्च की सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया था। सोमवार से सदन की कार्यवाही फिर शुरू हुई है।