TIO NEW DELHI
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में वोटिंग सुबह 7 बजे से जारी है। यहां 224 सीटों से 2614 उम्मीदवार मैदान में उतरे हैं। कर्नाटक के सभी जिलों में पोलिंग स्टेशन पर सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अपना वोट डालने पहुंच रहे हैं। सुबह 9 बजे तक 8.26% वोट पड़ चुके हैं।
आम लोगों के अलावा सेलिब्रिटीज और नेता भी वोट डालने पहुंच रहे हैं। अभिनेता प्रकाश राज ने शांतिनगर स्थित सेंट जोसेफ इंडियन स्कूल में पोलिंग स्टेशन में मतदान किया। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बीएस येदियुरप्पा ने वोट डालने से पहले शिकारीपुर के हुच्चाराया स्वामी मंदिर और राघवेंद्र स्वामी मठ में दर्शन किए। वर्तमान मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई ने हुबली के हनुमान मंदिर और कावेरी के गायत्री मंदिर में पूजा की।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बेंगलुरु के विजयनगर में पोलिंग बूथ में वोट डाला। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि हम तो हमेशा ही बजरंगबली की पूजा करते हैं, हनुमान चालीसा पढ़ते हैं, पर कांग्रेस चुनाव के वक्त हनुमान भक्त बन जाती है। कर्नाटक तो हनुमान जी की जन्मथली है। यहां आकर कांग्रेस तो अपने मेनिफेस्टो में बजरंगदल को बैन करने की बात कर रही है। बेवकूफी का उदाहरण इससे ज्यादा कुछ नहीं हो सकता।
बेंगलुरु में मतदान करने के बाद अभिनेता प्रकाश राज ने कहा कि हमें साम्प्रदायिक राजनीति के खिलाफ वोट करना है। चुनाव वह जगह है, जहां आपके पास फैसला करने का अधिकार होता है।
कर्नाटक के पूर्व सीएम येदियुरप्पा ने चुनाव शुरू होने से पहले अपने परिवार के साथ शिकारीपुर के श्री हुच्चराया स्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना की। उनके बेटे बीवाई विजयेंद्र शिकारीपुरा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि आज बड़ी संख्या में मतदान का समय है। राज्य के लोगों ने फैसला किया है कि वे एक प्रगतिशील, पारदर्शी और कल्याणकारी सरकार चुनेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुबह कर्नाटक के लोगों से विशेषकर युवा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की।
मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे ने दावा किया है कि चित्तपुर विधानसभा के चमनूर गांव के एक पोलिंग बूथ में वोटिंग रोक दी गई है। उन्होंने कहा कि यहां के प्रिसाइडिंग ऑफिसर लोगों को भाजपा को वोट देने के लिए उकसा रहे हैं।
बेंगलुरु दक्षिण से भाजपा विधायक तेजस्वी सूर्या ने कहा कि बजरंग बली की जन्मभूमि कर्नाटक 13 मई को सभी सवालों के जवाब दे देगी। डीके शिवकुमार और कांग्रेस पार्टी LPG सिलेंडर्स की पूजा कर रहे हैं, उसका हम स्वागत करते हैं। हमें खुशी है कि कांग्रेस किसी तरह की पूजा तो कर रही है।
कर्नाटक मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई ने कहा कि भ्रष्टाचार में कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड ऐसा है कि कई लोग तो जमानत पर बाहर हैं। पूर्व सीएम समेत कई लोगों के खिलाफ लोकायुक्त के पास 60 से ज्यादा केस दर्ज कराए गए हैं।
बजरंग दल को बैन करने के सवाल पर जगदीश शेट्टार ने कहा कि ये कोई सवाल ही नहीं है। अगर कोई संस्था संविधान के खिलाफ कााम करती है तो उसे बैन करने का अधिकार केंद्र सरकार के पास है, न कि राज्य सरकार के पास।