CM शिवराज का ऐलान- MP में योग शिक्षा अनिवार्य होगी:जबलपुर में उपराष्ट्रपति ने किए योगासन; कहा, योग का मूलमंत्र- हींग लगे, न फिटकरी, रंग चोखा
TIO BHOPAL
देश और दुनिया में आज योग दिवस की धूम है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय में योग कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। इतना ही नहीं केंद्र सरकार के कई मंत्रियों ने भी योग दिवस पर अलग-अलग जगह जाकर योग से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लिया है। इनमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तक शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लोगों के साथ योग अभ्यास किया।
वसुधैव कुटुंबकम के लिए योग के ध्येय वाक्य को लेकर बुधवार को मध्यप्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में 9वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मुख्य कार्यक्रम हुआ। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ इस कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा, ‘योग एक दिन का नहीं, हर दिन का है। संस्कारधानी जबलपुर के नर्मदा तट, भेड़ाघाट और बंदरकूदनी से योग को जीवन में अपनाने का आह्वान करता हूं।’
उपराष्ट्रपति ने कहा, ‘हींग लगे, न फिटकरी और रंग चोखा आए, यही योग का मूलमंत्र है। योग किसी व्यक्ति मात्र के लिए नहीं, संपूर्ण मानवता के लिए है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा इतने अधिक वोटों से और कम से कम समय में योग को अंतर्राष्ट्रीय रूप में स्वीकृति देना भारतीय नेतृत्व की दूरदृष्टि की स्वीकृति है। योग जीरो बजट वाला हेल्थ इश्योरेंस (बीमा) है।’
जबलपुर के कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ‘निरोग रहने के लिए योग करें। यह योग केवल योग दिवस के दिन नहीं करना, बल्कि रोजाना करना है। स्वस्थ रहना भी देश की सबसे बड़ी सेवा है। अस्पतालों में भीड़ क्यों लगाएं। योग करें, स्वस्थ रहें, मस्त रहें। योग जोड़ता है।’ CM ने घोषणा करते हुए कहा, ‘मध्यप्रदेश के विद्यालयों में योग की शिक्षा अनिवार्य की जाएगी।’
जबलपुर में राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने कहा, ‘आजकल के बच्चे पिज्जा खाते हैं, साथ में थम्सअप की बोतल पचाने के लिए रखते हैं। तैलीय पदार्थ और तीखा मत खाओ। योगा के साथ सात्विक खुराक भी आवश्यक है।’ योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड में हुआ।
आज देश भर के 180 देश में योग दिवस मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न्यूयॉर्क में हैं। योग दिवस के कार्यक्रम शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन हुआ…
स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने भी किया योग
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने दिल्ली में योग दिवस के अवसर पर योग किया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने कहा कि दुनिया में योग के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ रहा है। दुनिया में कहीं भी योग होता है तो योग करने वाले लोगों के मन में हिंदूस्तान का नाम आता है क्योंकि यह हमारी विरासत है।
महाराष्ट्र: राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुंबई में योग किया।
ओडिशा: केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर बालासोर में योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अंतररार्ष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर INS विक्रांत पर योग दिया।