इंदौर। इंदौर यूं ही देश में सफाई में नंबर वन नहीं है। इसका प्रमाण हमारे शहर ने सोमवार सुबह फिर दिया। हुआ यूं कि दीपावली पर अमावस्या की रात शहर ने जिस तरह की जोरदार आतिशबाजी की, उससे सडक़ों, गलियों, मोहल्लों में पटाखों का खूब कचरा हो गया। किंतु सोमवार सुबह नगर निगम ने विशेष अभियान चलाकर चंद घंटों में शहर साफ कर दिया। नगर निगम ने शहर के बाजारों, कालोनियों, सार्वजनिक स्थानों, रहवासी क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया। इस अभियान का असर यह हुआ कि रविवार रात जो सडक़ें कचरे से अटी पड़ी थीं, वे कुछ ही देर में चकाचक हो गईं। वस्तुत: दीपोत्सव के मौके पर आतिशबाजी के कारण शहर में बड़ी मात्रा में कचरा फैलता है। शहर के विभिन्न स्थानों पर सोमवार सुबह से विशेष सफाई अभियान चलाते हुए निगम अधिकारियों, सफाई मित्र, कर्मचारियों द्वारा सुबह से अपने-अपने क्षेत्र में विशेष समय अभियान चलाते हुए सफाई कार्य किया गया। निगम के दल ने अतिरिक्त संसाधन डंपर, जेसीबी एवं कर्मचारियों के माध्यम से कचरा हटा दिया।