चीन में बाढ़ और भूस्खलन से 34 की मौत:बुलडोजर पर चढ़ाकर लोगों को सुरक्षित निकाला, 80 हजार लोगों का रेस्क्यू किया

0
236

TIO बीजिंग

चीन की राजधानी बीजिंग और आसपास के इलाकों में भारी बारिश और बाढ़ से अब तक 34 लोगों की मौत हो चुकी है।
सरकारी टीवी चैनल सीसीटीवी के मुताबिक बीजिंग के मियुन जिले में 28 और यानछिंग जिले में 2 लोगों की जान गई है। ये दोनों इलाके शहर के बाहरी हिस्सों में स्थित हैं।
बाढ़ के चलते बीजिंग से 80 हजार से ज्यादा लोगों को निकाला गया है। इनमें से करीब 17 हजार मियुन जिले से हैं। लगातार बारिश की वजह से बीजिंग के कुछ हिस्सों में मंगलवार सुबह तक 30 सेंटीमीटर तक पानी गिरने की संभावना जताई गई थी।
बीजिंग से लगे हपेई प्रांत की लुआनपिंग काउंटी में सोमवार को भूस्खलन हुआ। इसमें 4 लोगों की मौत हुई और 8 लोग लापता हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में नेटवर्क बंद है और संपर्क साधना मुश्किल हो गया है।


बीजिंग में हाई अलर्ट, स्कूल और निर्माण कार्य बंद
बीजिंग प्रशासन ने सोमवार रात 8 बजे टॉप लेवल इमरजेंसी रिस्पॉन्स जारी किया। इसके तहत सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है। निर्माण कार्य और बाहरी गतिविधियों पर भी रोक लगा दी गई है।
चीन सरकार ने हपेई प्रांत को 50 मिलियन युआन की इमरजेंसी सहायता भेजी है। साथ ही चेंगदे, बाओडिंग और झांगजियाकौ जैसे प्रभावित शहरों में राहत कार्यों के लिए केंद्रीय टीमें रवाना की गई हैं।
इससे पहले प्रशासन ने मियुन जिले के एक प्रमुख जलाशय से पानी छोड़ने का फैसला किया। यह 1959 में बना था। तब से पहली बार इसका जलस्तर सबसे ज्यादा हो गया था।
शी जिनपिंग ने पूरी ताकत से बचाव अभियान का आदेश दिया
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बाढ़ में लापता लोगों की तलाश और बचाव पूरी ताकत से करने को कहा है।

2 साल पहले भी बीजिंग और हपेई में बाढ़ आई थी
2023 में भी इसी सीजन में बीजिंग और हपेई में भारी बाढ़ आई थी। दर्जनों लोगों की जान गई और हजारों विस्थापित हुए।
इसके अलावा 2021 में हेनान प्रांत में बाढ़ आई थी। रिकॉर्ड बारिश से मेट्रो स्टेशन और शहर की सड़कों में पानी भर गया। 300 से अधिक लोगों की मौत हुई।
चीन में अब तक की सबसे खतरनाक बाढ़ 1931 में आई थी। यह अब तक की सबसे घातक बाढ़ मानी जाती है। अनुमान के मुताबिक इसमें 20 से 25 लाख लोगों की जान गई थी।
बीजिंग और हपेई में बाढ़ क्यों आती है?
बीजिंग उत्तर चीन का हिस्सा है। यहां आमतौर पर बारिश कम कम होती है। लेकिन जुलाई-अगस्त में जब ईस्ट एशियन मानसून सक्रिय होता है, तब यहां अचानक भारी बारिश होती है।
बीजिंग के आसपास की जमीन पथरीली और ऊंची-नीची है। पानी तेजी से नीचे बहता है, जिससे फ्लैश फ्लड यानी अचानक बाढ़ की स्थिति बनती है। मिट्टी की नमी कम होने से बारिश सीधे सतह पर बहती है, जिससे नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है।