MP विधानसभा : कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष का प्रदर्शन:पुड़िया और इंजेक्शन लेकर पहुंचे; कहा- नशे की बड़ी मछली पर कार्रवाई नहीं हो रही

0
177

TIO विधानसभा से शशी कुमार केसवानी

मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का गुरुवार को चौथा दिन है। कांग्रेस आज प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सवाल करेगी। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने विधानसभा अध्यक्ष को ध्यानाकर्षण प्रस्ताव सौंपा है। इस पर प्रश्नोत्तर काल के बाद चर्चा होगी।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, फूल सिंह बरैया और जयवर्धन सिंह ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए प्रदेश की खराब कानून व्यवस्था को लेकर सरकार से जवाब मांगेंगे।
विधायक अभय मिश्रा और सेना महेश पटेल के मामले में भी पुलिस प्रशासन की कार्रवाई को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी विपक्ष ने की है। इससे पहले मंगलवार को विपक्ष सदन से वॉकआउट भी कर चुका है। विधानसभा में इस मामले में मुख्यमंत्री या उनकी ओर से कोई मंत्री जवाब देंगे।
पीएम आवास योजना को लेकर विधायक रोहाणी ने उठाए सवाल
प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर जबलपुर से भाजपा विधायक अशोक रोहाणी के सवाल के जवाब में नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि देश में 50 हजार करोड़ रुपए खर्च कर प्रधानमंत्री आवास बनाए जाने की तैयारी है। इसमें 25000 करोड़ राज्य सरकार और 25000 करोड़ केंद्र सरकार खर्च करेगी।

जबलपुर कैंट विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित आवेदन के मामले में रोहाणी द्वारा मांगी गई जानकारी पर कहा कि इसको लेकर आज ही कलेक्टर से बात की है। तालाब की जमीन पर यह लोग हैं। इन्हें शिफ्ट करने के लिए जल्द ही फैसला होगा, उसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
नरवर में नाला निर्माण में गड़बड़ी की जांच की मांग
करैरा से भाजपा विधायक रमेश प्रसाद खटीक ने नगर परिषद नरवर में लोहड़ी माता मंदिर में नाला निर्माण का मामला उठाया। इस मामले में गड़बड़ी पर किसी और एजेंसी से जांच करने की मांग उन्होंने की।
जिस पर नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि दूसरी एजेंसी से भी जांच करने को तैयार हैं। खटीक ने कहा कि जो भी जांच एजेंसी हो उसमें उन्हें भी शामिल किया जाए। इस पर मंत्री ने कहा कि भोपाल से दो इंजीनियर भेजकर जांच करा लेंगे।
बारिश में अतिक्रमण कार्रवाई को लेकर उठे सवाल
विधानसभा में प्रश्न काल शुरू होने पर नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने साफ निर्देश दिए हैं कि बरसात के दिनों में अतिक्रमण कर बनाया गया कोई भी मकान नहीं गिराया जाएगा। उन्होंने यह बातें कांग्रेस विधायक विपिन जैन के सवाल के जवाब में कहीं।
विपिन जैन ने मंदसौर स्थित कालाखेत शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पर अतिक्रमण का मामला उठाया था। जिसके जवाब में मंत्री ने कहा कि इस मामले में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि दुकानों में नहीं बल्कि दुकानों के बाहर साठीया समुदाय के लोगों द्वारा वर्ष 2002 से अतिक्रमण किया गया है।
पूर्व सीएम कमलनाथ ने इस दौरान खाली जमीनों के इस्तेमाल का मामला उठाया। इस पर मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि भोपाल में भेल की जमीन पर इसको लेकर प्लानिंग की जा रही है।
नशे की बड़ी मछली पर कार्रवाई बाकी- सचिन यादव
कांग्रेस विधायक सचिन यादव ने कहा कि बड़ी मछली अभी भी रह गई है। छोटी मछली पर करवाई हुई है।
कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायक नशे की पुड़िया और इंजेक्शन लेकर पहुंचे।