36 घंटे में 18 इंच बारिश, आधा सूरत डूबा:गुरुग्राम में हाईवे धंसा, 10km लंबा जाम; जबलपुर में 5 मंजिला बिल्डिंग गिरी

0
3

TIO भोपाल/जयपुर/पटना/अहमदाबाद/मुंबई

सूरत और नवसारी में स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी बंद हैं। लोगों से अपील की गई है कि बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।

गुरुग्राम के कई इलाकों में दो-दो फीट पानी भर गया। दिल्ली-जयपुर NH-48 धंस गया है, जिसके कारण 10 किमी लंबा जाम लगा गया। एक नाले में स्कूल बस भी फंस गई। पुलिस ने कंपनियों से अगले कुछ दिनों तक कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम (WFH) देने की अपील की है।

इधर, राजस्थान के जालोर में एक जीप नदी में पलट गई। चित्तौड़गढ़ में बिजली गिरने से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं, मध्य प्रदेश के जबलपुर में मंगलवार शाम को पांच मंजिला इमारत ढह गई।

अरुणाचल में बाढ़-लैंडस्लाइड से 94 हजार लोग प्रभावित

अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश से बाढ़ और लैंडस्लाइड ने 26 जिलों के 94 हजार से ज्यादा लोगों को प्रभावित किया है। 4 लोगों की मौत हुई है, 21 घायल हैं और 2 महिलाएं लापता हैं।

इधर, कर्नाटक के बेलगावी और शिवमोगा में आज स्कूल और आंगनवाड़ी बंद रहेंगे।

देशभर से मौसम की 5 तस्वीरें…

मध्य प्रदेश के जबलपुर में मंगलवार शाम को 5 मंजिला बिल्डिंग गिर गई।
मध्य प्रदेश के जबलपुर में मंगलवार शाम को 5 मंजिला बिल्डिंग गिर गई।
सूरत के होली बंगला इलाके में सड़कों पर कमर तक पानी भर गया।
सूरत के होली बंगला इलाके में सड़कों पर कमर तक पानी भर गया।
राजस्थान के जालोर में जीप नदी में पलट गई।
राजस्थान के जालोर में जीप नदी में पलट गई।
उत्तर प्रदेश के शामली में सड़क पर नदी की तरह पानी बहने लगा। कई गाड़ियां बह गईं।
उत्तर प्रदेश के शामली में सड़क पर नदी की तरह पानी बहने लगा। कई गाड़ियां बह गईं।
गुजरात के सूरत में भारी बारिश के बाद घरों में पानी भर गया।
गुजरात के सूरत में भारी बारिश के बाद घरों में पानी भर गया।
महाराष्ट्र के नालासोपारा में रेलवे स्टेशन पर पानी भर गया।
महाराष्ट्र के नालासोपारा में रेलवे स्टेशन पर पानी भर गया।

देशभर के मौसम से जुड़े अपडेट्स के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…

लाइव अपडेट्स

10 मिनट पहले

मुंबई: 39 ट्रेनें रद्द, लोकल 30 मिनट लेट; तुलसी और विहार झील ओवरफ्लो

  • मुंबई में बारिश से लोकल ट्रेनें 25-30 मिनट की देरी से चल रही हैं। वसई-विरार और दक्षिण गुजरात में जलभराव के कारण 39 ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं। 21 ट्रेनों को बीच रास्ते में रोका गया और 46 ट्रेनों का समय बदला गया।
  • विहार और तुलसी झील मंगलवार रात को ओवरफ्लो हो गई। दोनों झीलें मुंबई को पीने का पानी देने वाले सात जलाशयों में शामिल हैं। हालांकि, सातों जलाशयों में अभी कुल जल भंडारण 41.43% ही है।
  • बीएमसी के मुताबिक, बुधवार सुबह 8 बजे तक बीते 48 घंटे में दक्षिण मुंबई में 61.13 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 86.66 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 86.90 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने दिनभर रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है।
20 मिनट पहले

राजस्थान: धौलपुर में बारिश के बाद कई इलाकों में पानी भरा

राजस्थान के धौलपुर में भारी बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

10:45 AM8 जुलाई 2026

अरुणाचल के 14 गांव 10 दिनों से देश के बाकी हिस्सों से कटे

अरुणाचल प्रदेश के लोअर सियांग जिले के कोयू सर्किल के 14 गांव पिछले 10 दिनों से देश के बाकी हिस्सों से कटे हुए हैं।

28 जून को लगातार बारिश, बादल फटने और आई भीषण फ्लैश फ्लड के बाद इन गांवों में सड़क संपर्क, संचार और जरूरी सेवाएं पूरी तरह प्रभावित हो गई हैं।

10:43 AM8 जुलाई 2026

बारिश में सड़कों पर क्यों लगता है जाम, जानिए वजहें…

10:41 AM8 जुलाई 2026

राजस्थान के धौलपुर में रातभर बारिश से सड़कों पर पानी भर गया

09:55 AM8 जुलाई 2026

महाराष्ट्र: पालघर में लगातार बारिश, कई इलाकों में पानी भरा

महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई-विरार में लगातार बारिश जारी है। पिछले कई दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव बना हुआ है। नालासोपारा-अचोले लिंक रोड और तुलिंज ब्रिज के नीचे अब भी पानी भरा है, जिससे ट्रैफिक प्रभावित हो रहा है।

मुंबई में लगातार बारिश हो रही है

महाराष्ट्र के नाला सोपारा रेलवे स्टेशन पर पानी भरा

महाराष्ट्र के नाला सोपारा में भारी बारिश के बाद रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में पानी भर गया। सड़कों और स्टेशन परिसर में पानी भरने से लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

राजस्थान: अजमेर सहित कई जिलों में 3 इंच तक बारिश

राजस्थान में मानसून के आगे बढ़ने के साथ ही बारिश का दौर भी जारी है। मंगलवार को डूंगरपुर, अजमेर, बांसवाड़ा, बूंदी समेत कई जिलों में 1 से 3 इंच तक बरसात हुई।

वहीं, 8 जुलाई को भी मौसम विभाग ने 3 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दो जिलों को छोड़कर पूरे राज्य में येलो अलर्ट है। 11 जुलाई से राज्य में मौसम साफ रहने की संभावना है।

दिल्ली-मुंबई में भारी बारिश, कई फ्लाइट्स प्रभावित

दिल्ली और मुंबई में हो रही भारी बारिश का असर फ्लाइट्स पर भी पड़ा है। कई उड़ानों में देरी हुई है। इंडिगो, एयर इंडिया और स्पाइसजेट ने यात्रियों से एयरपोर्ट जाने से पहले फ्लाइट का स्टेटस चेक करने और थोड़ा पहले निकलने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में 7 से 9 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी किया है।

मध्य प्रदेश: पन्ना-छतरपुर में बाढ़ जैसे हालात, इंदौर-उज्जैन समेत 28 जिलों में अलर्ट

मध्य प्रदेश के पन्ना, छतरपुर, खंडवा समेत कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। मंगलवार को कई रास्ते बंद हो गए, जबकि नदियां उफान पर आ गईं।

IMD के मुताबिक, अगले चार दिन तक प्रदेश में अति भारी या भारी बारिश का अलर्ट है। यानी, 24 घंटे में 4 से 8 इंच तक बारिश हो सकती है। आज इंदोर-उज्जैन समेत 28 जिलों में बारिश का अलर्ट है।

यूपी: मथुरा में डिलीवरी बॉय नाले में बहा, लोगों ने खींचकर निकाला; 68 जिलों में बारिश का अलर्ट

यूपी में बुधवार सुबह मथुरा और गाजियाबाद में बारिश हो रही है। आज 68 जिलों में बारिश का अलर्ट है। मंगलवार को लखनऊ, प्रयागराज समेत 50 शहरों में बारिश हुई।

मथुरा में 6 घंटे तक बारिश हुई, जिससे नाले ओवरफ्लो हो गए। इसमें एक डिलीवरी बॉय बाइक समेत बहने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे खींचकर निकाला। शामली में इतनी बारिश हुई कि सड़कों पर नदियों जैसा बहाव दिखा। कारें और बाइकें बहने लगीं।

पश्चिम रेलवे की 9 ट्रेनें रद्द, 2 ट्रेनों का रूट छोटा किया

गुजरात में भारी बारिश के कारण सचिन और भेस्तान स्टेशन के बीच ट्रैक पर जलभराव हो गया है। पश्चिम रेलवे ने 8 जुलाई को चलने वाली 9 MEMU ट्रेनें रद्द कर दी हैं। इसके अलावा एक ट्रेन को भेस्तान स्टेशन पर ही रोक दिया गया है, जबकि एक दूसरी ट्रेन भेस्तान से ही रवाना होगी। इन दोनों ट्रेनों का विरार-भेस्तान सेक्शन रद्द रहेगा। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन का लेटेस्ट स्टेटस चेक करने की सलाह दी है।

दिल्ली में बुधवार सुबह तेज बारिश हुई

उत्तराखंड: सभी जिलों में बारिश का अलर्ट, 32 सड़कें बंद, गंगोत्री हाईवे पर मलबा गिरा

उत्तराखंड में आज भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने सभी जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। कई जगह तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि राज्य में 13 जुलाई तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है।

मंगलवार को हुई बारिश के बाद कई पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन हुआ। गंगोत्री हाईवे पर मलबा गिरने से रास्ता बंद हो गया। पूरे राज्य में 32 सड़कें बंद हैं, जिन्हें खोलने का काम चल रहा है। सबसे ज्यादा 107 मिमी बारिश पंतनगर में रिकॉर्ड की गई।

बिहार: 24 जिलों भारी बारिश का अलर्ट, पटना में आज भी छाए रहेंगे बादल

IMD ने राज्य के आज 24 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40kmph की रफ्तार से हवा चल सकती है। पटना समेत 14 जिलों में आज भी बादल छाए रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने 12 जुलाई तक पूरे राज्य में भारी बारिश का 7 दिन का रेड अलर्ट जारी किया है। अगले 48 घंटे में भारी बारिश की संभावना है। अगले 7 से 10 दिनों के दौरान मानसून और ज्यादा मजबूत होगा। पूरी खबर पढ़ें…

सूरत में शॉपिंग सेंटर का फर्स्ट फ्लोर आधा डूबा

एक शॉपिंग सेंटर का ग्राउंड फ्लोर पानी में डूब गया, जबकि फर्स्ट फ्लोर आधा डूब गया। ऐसी ही स्थिति कई मार्केट की रही। सड़कें भी तालाब बन गईं। कामरेज तहसील में शाम 4 बजे तक 10 घंटे में 15 इंच बारिश दर्ज की गई।

वायनाड लैंडस्लाइड- 4 की मौत, 6 लापता

केरल के वायनाड जिले की मेप्पाडी ग्राम पंचायत में कल्लाडी टनल निर्माण स्थल पर भूस्खलन होने से कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और छह अन्य लापता हैं। नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF), पुलिस, फायर एंड रेस्क्यू सर्विस और अन्य सरकारी विभागों सहित कई एजेंसियां ​​खोज और बचाव अभियान में जुटी हैं।

जलवायु परिवर्तन से बदल रहा मानसून का मिजाज

विशेषज्ञों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन और अल नीनो के कारण मानसून का स्वरूप बदल रहा है। जून में बारिश कम रही, लेकिन जुलाई की शुरुआत में मुंबई और पश्चिमी तट पर भारी बारिश हुई। उनका कहना है कि आगे भी कम समय में तेज बारिश और बाढ़ की घटनाएं बढ़ सकती हैं।

अगले 2 दिन मौसम का हाल

9 जुलाई:

  • यूपी के 22 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
  • पश्चिम बंगाल के 2 जिलों में रेड अलर्ट और 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
  • ओडिशा में 5 जिलों में रेड अलर्ट और आठ अन्य जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

10 जुलाई:

  • आंध्र प्रदेश, झारखंड, ओडिशा में भी तेज बारिश की चेतावनी है।
  • असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होगी।
  • सिक्किम, गोवा, तेलंगाना और कर्नाटक में समुद्र के करीबी इलाकों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।