TIO मथुरा

मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार देर रात डेढ़ बजे चलती डबल डेकर AC बस में आग लग गई। देखते ही देखते पूरी बस से 20 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं। समय रहते बस में सवार सभी 40 यात्रियों ने भागकर जान बचाई।
फायर ब्रिगेड ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक बस और उसमें रखा पूरा सामान पूरी तरह जल चुका था।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी। खजुराहो ट्रैवल्स की बस दिल्ली से मध्य प्रदेश के छतरपुर जा रही थी।
बस में आग की 2 तस्वीरें…


हादसे के वक्त यात्री सो रहे थे, धुआं उठते ही चीख-पुकार मची
मध्य प्रदेश का रहने वाला ड्राइवर जितेंद्र 40 यात्रियों को बस (MP 14 ZH 5063) में बैठाकर दिल्ली के कश्मीरी गेट से छतरपुर के लिए निकला था। इसी दौरान मथुरा के राया थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे के राया कट पुल पर बस में आग लग गई।
यात्रियों के मुताबिक, हादसे के वक्त ज्यादातर लोग सो रहे थे। अचानक बस से धुआं उठने लगा। इसके बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। ड्राइवर ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका। सभी यात्री नीचे उतरकर बाहर आ गए, लेकिन जल्दबाजी में उनका सामान बस में ही छूट गया।

सीओ संजीव कुमार राय ने बताया, ‘शनिवार रात 1:38 बजे पीआरवी को बस में आग लगने की सूचना मिली। प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
फायर ब्रिगेड को जानकारी दी गई। कुछ ही देर में दमकल की गाड़ियां पहुंच गईं और आग बुझाई। मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।’


