आरपीआई अध्यक्ष की मायावती से अपील, अखिलेश का साथ छोड़ो और बीजेपी में शामिल हो जाओ

0
334

इलाहाबाद । यूपी में सपा – बसपा के बीच हुए चुनावी समझौते से घबराई मोदी सरकार ने अब बीएसपी मुखिया मायावती को अपने साथ लाने की कवायद शुरू कर दी है। केंद्र की मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री और बीजेपी की सहयोगी पार्टी आरपीआई के अध्यक्ष रामदास अठावले ने मायावती से अखिलेश यादव का साथ छोड़कर बीजेपी से समझौता करने की अपील की है।
Appeal with RPI president Mayawati, quit Akhilesh and join BJP
अठावले ने इलाहाबाद में मीडिया के जरिये मायावती को बीजेपी के साथ दोस्ती करने का आॅफर दिया है तो साथ ही यह भी कहा है कि अगर मीडिया के जरिये हुई इस अपील पर मायावती की तरफ से कोई सकारात्मक जवाब आता है तो वह उनसे सीधे मुलाकात कर उन्हें इसके लिए तैयार करने की भी कोशिश करेंगे।

अठावले के मुताबिक मायावती ने अपने पुराने दुश्मन से समझौता कर ठीक सियासी कदम नहीं उठाया है और शायद उन्होंने यह कदम पिछले लोकसभा चुनाव में मोदी फैक्टर की वजह से पार्टी का खाता नहीं खुलने की वजह से उठाया था। अठावले का कहना है कि मायावती ने बीजेपी के साथ मिलकर यूपी में तीन बार सरकार बनाई है। 2019 में भी मोदी सरकार का आना तय है, ऐसे में मायावती को अखिलेश यादव का साथ छोड़कर बीजेपी से दोस्ती करनी चाहिए और एनडीए का हिस्सा बन जाना चाहिए।

इलाहाबाद में मीडिया से बात करते हुए रामदास अठावले ने बताया कि उनकी सरकार सरकारी नौकरियों के प्रमोशन में आरक्षण को कानूनी जामा पहनाने के लिए अठारह जुलाई से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र में बिल लाने जा रही है। अगर किन्हीं वजहों से मानसून सत्र में यह बिल पेश नहीं हो पाया तो उसे शीतकालीन सत्र में जरूर लाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की मंशा किसी तरह के आरक्षण को खत्म करने की नहीं है। रामदास अठावले ने गरीब सवर्णों को पचीस फीसदी आरक्षण दिए जाने की भी वकालत की है। उनका कहना है कि इस बारे में वह कैबिनेट की बैठकों में भी अपना सुझाव दे चुके हैं। इस बारे में संसद में कानून बनाकर गरीब सवर्णों को आरक्षण दिया जा सकता है।