पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में एक भीषण बस हादसा हुआ है। धूमाकोट तहसील के नैनीडांडा ब्लॉक में पड़ने वाले पिपली-भौन मोटर मार्ग पर ग्वीन पुल के पास रविवार सुबह गढ़वाल मोटर यूजर्स की बस हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में 47 लोगों की मौत हो गई। धूमाकोट के नायब तहसीलदार तीरथ सिंह नेगी के अनुसार इस बस हादसे में 45 यात्री दुर्घटनास्थल पर मारे गए, जबकि दो की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मृतकों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान किया है।
Uttarakhand: buses collapse in Pauri Garhwal, 47 passengers killed
जागरण से लौट रहे थे लोग
इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों के घायल होने की सूचना है। जख्मी लोगों को इलाज के लिए धूमाकोट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। यूके12सी-0159 नंबर की यह बस रविवार सुबह करीब छह बजे भौन गांव से रामनगर की ओर चली थी। इलाके के ही मैरागांव में जागर (जागरण) का आयोजन किया गया था। हादसे का शिकार हुए लोग इसमें शामिल होने के बाद लौट रहे थे।
इसके अलावा बस में दिल्ली लौट रहे ऐसे लोग भी थे जो छुट्टियों में गांव आए थे और दिल्ली के लिए बस पकड़ने के लिए रामनगर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि ग्वीन पुल के पास बेकाबू बस सड़क से करीब 60 मीटर नीचे संगुड़ी गदेड़े ( बरसाती नाले) में जा गिरी। जिले के आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश चन्द्र काला ने बस दुर्घटना में 44 लोगों के मरने की पुष्टि की है। यह दुर्घटना रविवार सुबह करीब 8:45 बजे हुई।
सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मुआवजे का ऐलान किया है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘पौड़ी जिले के धूमाकोट के पास बस दुर्घटना का समाचार सुन कर गहरा दुख हुआ है। मैंने जिला प्रशासन को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ बचाव कार्य में जुट गए हैं और सभी जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं। मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की त्वरित आर्थिक सहायता राशि अविलम्ब उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।’

