जापान में भारी बारिश से चिंतित हुए प्रधानमंत्री आबे, अब तक 100 लोगों की मौत

0
240

हिरोशिमा। जापान की सरकार ने कहा है कि लगातार जारी मूसलाधार बारिश से अब तक 100 लोगों की मौत हो गई है या उनके मारे जाने की आशंका है। प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने आपदा की इस घड़ी को समय के साथ जंग बताया क्योंकि हर गुजरते मिनट के साथ परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। भारी बारिश के बीच आज क्यूशू और शिकोकू द्वीप के लिये नई आपदा चेतावनी जारी की गई है। प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कहा, बचाव अभियान, लोगों की जान बचाना और विस्थापन का कार्य समय के खिलाफ एक लड़ाई है।
Prime Minister Abe worried about heavy rains in Japan, so far 100 people die
चीफ कैबिनेट सेक्रटरी योशिदी सुगा ने सोमवार को एक न्यूज कॉन्फ्रेंस में कहा कि 87 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है तो वहीं, 13 लोगों का कोई अता-पता नहीं है। उन्होंने कहा कि 100 से ज्यादा लोगों के हताहत होने की खबरें मिली हैं जैसे बाढ़ में कार बह गई आदि। उन्होंने बताया कि राहत मिशन में 40 के करीब हेलिकॉप्टर लगे हुए हैं। पश्चिम जापान में बारिश से हालात सबसे अधिक खराब हैं।

कुछ गांव पूरी तरह डूब गए है, जहां मदद पहुंचने तक कुछ लोगों ने अपने घर की छतों पर पनाह ली। मूसलाधार बारिश से अचानक बाढ़ आ गई और भूस्खलन हुआ। इस वजह से अधिकारियों को करीब 20 लाख लोगों को उनकी जगह से हटाना पड़ा। सैकड़ों लोग घायल हुए हैं और दर्जनों घर भी पूरी तरह तबाह हो गए।

हिरोशिमा प्रांत के आपदा प्रबंधन अधिकारी योशीहीदी फुजीतानी ने कहा, हम चौबिस घंटे बचाव अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा, हम बचाए गए लोगों की देखरेख कर रहे हैं और जीवन के बुनियादी ढांचों पानी और गैस को बहाल करने के भी प्रयास जारी हैं। फुजीतानी ने कहा, हम अपना सर्वश्रेष्ठ दे रहे हैं। सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि एक विशेष आपदा प्रकोष्ठ का गठन भी किया गया है। मौसम विज्ञान एजेंसी ने दो नए क्षेत्रों में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया। वहीं, कई क्षेत्रों से अलर्ट हटाया भी गया जहां बारिश थोड़ी हल्की हुई है।