मध्यप्रदेश: राजधानी के आसपास इलाकों में बंद का मिला-जुला असर, कांग्रेसियों ने दुकानें बंद कराई

0
788

भोपाल। पेट्रोल, डीजल मूल्य वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस के भारत बंद का भोपाल और आसपास आंशिक असर देखा जा रहा है। पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से आम आदमी भी परेशान है। लिहाजा अधिकांश जगह दुकानें, प्रतिष्ठान बंद हैं। स्कूल-कॉलेजों की भी छुट्टियां घोषित की गई है। हालांकि भोपाल में कई स्थानों पर पेट्रोल पंप खुले देखे गए हैं। भोपाल में बंद की कमान जिला कांग्रेस कैलाश मिश्रा ने संभाली हुई थी, कुछ लोगों की दुकानें खोलने पर उन्हें फूल देकर आग्रह किया की दुकान बंद करके बंद को सफल बनाएं।
Madhya Pradesh: Convergence of bandh in areas around the capital, Congressmen shut shop
हालांकि कुछ इलाकों में दुकानें खुली रहीं जहां पर किसी कांग्रेसी की सूरत तक नहीं दिखी। सीमित दायरे में ही कांग्रेसी दिखें। जबकि यह प्लॉनिंग पहले से की जानी चाहिए थी कि जिस तरह से बूथ लेबल पर काम होता है उसी तरह से बंद का भी मैनेजमेंट होता है, जिसमें कांग्रेस हमेशा असफल रही है।

कांग्रेस के आह्वान पर बुलाए गए भारत बंद का आंशिक देखा जा रहा है। भोपाल शहर के अधिकांश पेट्रोल पंप खुले हैं। आनंद नगर, पिपलानी, गोविंदपुरा स्थित पेट्रोल पंप खुले थे। इधर कांग्रेसी इकट्ठा होकर जत्थों-जत्थों में दुकानें बंद करा रहे हैं। वे व्यापारियों से बंद को समर्थन देने का आग्रह कर दुकानें-प्रतिष्ठान बंद करा रहे हैं।

कांग्रेस ने कपड़ा व्यापारी संघ, बर्तन एसोसिएशन, हार्डवेयर व्यापारी संघ एवं सर्राफा व्यापारी संघ को पत्र लिखकर बंद के लिए समर्थन मांगा था लिहाजा बड़े बाजार फिलहाल बंद ही हैं। इधर 6 सितंबर को एससी/एसटी एक्ट को लेकर भारत बंद करने वाला सवर्ण समाज भारत बंद के विरोध में उतरा है। भोपाल में सवर्ण समाज की महिलाएं और पुरुषों ने दुकान लगाकर बंद का विरोध किया। उनका कहना है कि वे कांग्रेस का पुरजोर तरीके से विरोध करते हैं क्योंकि आरक्षण उन्हीं की देन है।

सागर में कांग्रेसी गिरफ्तार
इधर भारत बंद के दौरान सागर में कांग्रेसियों और पुलिस के बीच नोंकझोंक हो गई। तीन बत्ती इलाके में कांग्रेसी कार्यकर्ता बंद के समर्थन में जुलूस निकाल रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रोक दिया। पुलिस ने धारा 144 का हवाला देकर कांग्रेसियों को अलग-अलग होने को कहा। इस पर कांग्रेसी पुलिस अधिकारियों से उलझ गए। इसके बाद भी कांग्रेसियों ने जबरन जुलूस निकाला। इस पर पुलिस ने दर्जनों कांग्रेसियों को हिरासत में ले लिया। वहीं सागर में कुछ दुकानें खुली दिखीं तो कांग्रेसी कार्यकतार्ओं उन्हें बंद कराया।

सीहोर में रैली
इधर सीहोर में भारत बंद के मद्देनजर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली। अलग-अलगत जत्थोंं में घूमते हुए कांग्रेसियों ने विभिन्न बाजार में खुली दुकानें बंद कराई। हालांकि कांग्रेसियों के जाते ही व्यापारियों ने थोड़ी देर बाद फिर अपनी दुकानें खोल ली।

हरदा में गांधीगिरी
इधर भारत बंद के दौरान हरदा में कांग्रेसी नेताओं ने लोगों के हाथ जोड़कर दुकाने बंद कराई। कांग्रेस कार्यकर्ता बाजारों में घूमें और जो भी दुकान-शोरुम खुले मिले, व्यापारियों से उन्हें बंद करने का आग्रह किया। कई व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद भी कर दी। इधर बंद के चलते हरदा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं।

छिंदवाड़ा, इटारसी भी बंद
इधर छिंदवाड़ा में भी भारत बंद के चलते बाजार बंद हैं। हालांकि इस बंद से मेडिकल की दुकानों को अलग रखा गया है। लेकिन अधिकांश दुकानें, शोरूम और प्रतिष्ठान बंद है। कांग्रेसी कार्यकर्ता बंद को सफल बनाने के लिए सड़कों पर घूम रहे हैं। वहीं इटारसी में भी बंद अभी तक शांति पूर्ण रहा है। कांग्रेसी कार्यकतार्ओं ने नारेबाजी करते हुए यहां वाहन रैली निकाली। इटारसी में 1 बजे तक बंद का आह्वान किया गया है।