भाजपा से उपकृत कांग्रेस के आईटी सेल का अध्यक्ष बने अभय तिवारी

0
867

भोपाल। तीन दिन पहले मप्र कांग्रेस में आईटी सेल के अध्यक्ष बनाए गए अभय तिवारी को लेकर चौंकाने वाली जानकारी सामने आ रही है। पिछले लंबे समय से मप्र भाजपा के कई सांसद तिवारी के एनजीओ को करोड़ों रुपया दे चुके हैं। ऐसे में सवाल उठाया जा रहा है कि भाजपा से उपकृत तिवारी अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ कितना काम कर पाएंगे। तिवारी का कहना है कि मेरा बिजनेस अलग है और मेरी प्रतिबद्धता अलग।
Abhay Tewari becomes Congress President of IT Cell
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने तीन दिन पहले प्रदेश कांग्रेस के आईटी सेल के अध्यक्ष धर्मेन्द्र वाजपेयी को हटाकर अभय तिवारी को अध्यक्ष बनाया है। मूलत: जबलपुर के रहने वाले अभय तिवारी सोसायटी फार अवेयरनेस एण्ड मोटीवेशन इन बेसिक आसपेक्टस आॅफ लाईफ (संबल) नाम का एनजीओ चलाते है। तिवारी के इस एनजीओ को देवास-शाजापुर के भाजपा सांसद मनोहर ऊंटवाल ने सांसद निधि से उनके क्षेत्र के स्कूलों में क प्यूटर लगाने और प्रशिक्षण देने के नाम पर 1 करोड़ 20 लाख रुपए दिए हैं।

भाजपा के ही उज्जैन के सांसद चिंतामण मालवीय ने उन्हें इसी काम के लिए 48 लाख रुपए दिए है। भाजपा के राज्य सभा सांसद रहे मेघराज जैन ने उन्हें इसी काम के लिए 60 लाख रुपए दिए है। इसकी जानकारी प्रदेश कांग्रेस में आते ही हलचल शुरू हो गई है और तिवारी को लेकर पूरी जानकारी मंगाई जा रही है।

इस संबंध में अभय तिवारी का कहना है कि मैंने सिर्फ भाजपा सांसदों से ही नहीं, कांग्रेस सांसदों के लिए भी काम किया है। मेरी प्रतिबद्धता कांग्रेस के साथ है। एनजीओ अपना व्यवसाय करता है और मैं अपना काम।
अभय तिवारी, अध्यक्ष आईटी सेल

अभय तिवारी ने भाजपा सांसदों के लिए काम किया है, इसकी मुझे जानकारी नहीं है। यदि कोई जानकारी आएगी तो वरिष्ठ नेताओं से चर्चा करेंगे।
शोभा ओझा, अध्यक्ष मीडिया विभाग मप्र कांग्रेस