पहाड़ों में बर्फबारी के बाद पूरा देश शीतलहर की चपेट में, राजस्थान के फतेहपुर में पारा माइनस 4.5 पर पहुंचा

0
251

नई दिल्ली। पहाड़ों में बर्फबारी के बाद देश में ठंड अपने शबाब पर आ रही है। आलम यह है कि मैदानी राज्यों में ठंड शिमला और मनाली से ज्यादा लग रही है। राजस्थान जहां पारा माइनस में चला गया है वहीं दिल्ली में शिमला से ज्यादा ठंड पड़ रही है। कश्मीर घाटी के लगभग सभी इलाकों में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे चल रहा है। माता वैष्णो देवी आधार शिविर कटरा का न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री रहा।
After the snowfall in the mountains, the whole country was hit by cold wave, the mercury minus 4.5 in Fatehpur, Rajasthan
राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर में पारा माइनस 4.5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। खेतों में फसलों पर बर्फ जम गई। राजस्थान के एकमात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में न्यूनतम तापमान माइनस दो डिग्री रहा। राज्य के कई शहरों में शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली में पारा 5 डिग्री पर पहुंचा
राजधानी दिल्ली में भी कड़ाके की ठंड ने लोगों को बेहाल कर दिया है। यहां पारा 5.2 डिग्री पर पहुंच गया है और कड़ाके की ठंड ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। दिल्ली की सर्दी अब और ठिठुराएगी। दो दिनों से पांच डिग्री पर ठिठका न्यूनतम तापमान गिरकर चार डिग्री तक जाएगा। अगले दो दिनों तक शीतलहर चलने की संभावना है। बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.2 दर्ज किया गया। अगले दो से तीन दिनों में दिल्ली-एनसीआर में तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

शिमला से ठंडा पंजाब
पंजाब में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। बठिंडा बुधवार को शिमला, धर्मशाला, कांगड़ा व ऊना से भी ज्यादा ठंडा रहा। शीतलहर व पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी के प्रभाव के चलते बठिंडा में न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। जबकि इसके विपरीत शिमला में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब में फिरोजपुर में न्यूनतम तापमान 2.4 रिकॉर्ड किया गया।

मध्यप्रदेश में भी 2 डिग्री पहुंचा पारा
मध्यप्रदेश में भी हाल कुछ ऐसे ही हैं। राज्य के पचमढ़ी में तो पारा 2 डिग्री तक पहुंच गया है वहीं निमाड़ के खरगोन में 4.8 डिग्री पर तामपान रहा। मालवा की बात करें तो इंदौर, उज्जैन और भोपाल में 5-8 डिग्री तक पारा रहा।