अनंत कुमार की बंगलूरू सीट से ‘युवा चेहरा’ तेस्जवी को उतारने की घोषणा की

0
193

नई दिल्ली। भाजपा ने केंद्रीय मंत्री रहे दिवंगत नेता अनंत कुमार की बंगलूरू दक्षिण लोकसभा सीट से 28 वर्षीय एलएस तेजस्वी सूर्य को मैदान में उतारने की घोषणा की है। यहां तेजस्वी के खिलाफ कांग्रेस के दिग्गज नेता बीके हरिप्रसाद चुनावी मैदान में होंगे। पार्टी के इस फैसले ने अनंत कुमार की पत्नी तेजस्विनी को भी चौंका दिया है। बंगलूरू दक्षिण लोकसभा सीट से भाजपा के दिवंगत नेता अनंत कुमार सांसद रहे थे। उनके निधन के बाद से ही यह सीट खाली थी। इस बार उनकी पत्नी तेजस्विनी को टिकट मिलने की उम्मीद जताई जा रही थी। प्रदेश भाजपा भी तेजस्विनी को टिकट देने के पक्ष में ही थी, लेकिन घोषणा के बाद यह साफ हो गया है कि आगामी चुनावों के लिए तेजस्विनी का पत्ता कट चुका है।

पार्टी के इस फैसले को अनंत कुमार की पत्नी डॉ. तेजस्विनी ने भी चौंकाने वाला निर्णय बताया है। हालांकि उन्होंने कहा कि वह पार्टी के निर्णय के साथ खड़ी हैं। अब प्रश्न नहीं पूछे जाने चाहिए। अगर हमें देशहित में हाथ बंटाना है तो हमें नरेंद्र मोदी के साथ काम करना होगा। कर्नाटक में भाजपा का लोकप्रिय चेहरा बन चुके तेजस्वी सूर्य बसावनगुड़ी के विधायक रवि सुब्रमण्यम के भतीजे और भाजपा के प्रदेश युवा मोर्चा के सचिव भी हैं। सोमवार देर रात भाजपा द्वारा की गई घोषणा के बाद तेजस्वी ने ट्वीट कर के अपनी खुशी और उत्साह जाहिर किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा को धन्यवाद देते हुए कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रधानमंत्री और सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी ने एक 28 वर्षिय युवा पर विश्वास कर के उसे अपने संसदिय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का मौका दिया है। ऐसा केवल भाजपा में ही संभव है।
बता दें कि भाजपा ने इसके साथ ही बंगलूरू ग्रामीण के पूर्व विधायक अश्वत्थ नारायण के नाम की घोषणा की। नारायण इस सीट पर कांग्रेस के दिग्गज नेता डीके शिवकुमार के भाई डीके सुरेश के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे।