अंडमान: आदिवासियों के बीच ईसाई धर्म के प्रचार के लिए गया था अमेरिकी नागरिक

0
434

पोर्ट ब्लेयर। अंडमान के सेंटिनल द्वीप में मारे गए 27 साल के अमेरिकी नागरिक जॉन ऐलन चाऊ का मकसद इन अनजान आदिवासियों के बीच ईसाई धर्म का प्रचार करना था। चाऊ ने दो बार इस द्वीप पर पहुंचने की कोशिश की थी। 14 नवंबर को उनकी पहली कोशिश नाकाम रही थी। इसके बाद 16 नवंबर को वह पूरी तैयारी के साथ पहुंचे लेकिन कहा जा रहा है कि गुस्साए आदिवासियों ने उनको तीरों से मार डाला। चाऊ इससे पहले पांच बार अंडमान आ चुके थे।
Andaman: American citizens were among the tribals to promote Christianity
27 साल के चाऊ का शव अभी तक बरामद नहीं हो सका है। अमेरिका के 27 वर्षीय जॉन ऐलन चाऊ सात मछुआरों के साथ बिना इजाजत एडवेंचर ट्रिप पर नॉर्थ सेंटिनल द्वीप गए थे। चाऊ सेंटिनेलीज जनजाति के लोगों के साथ मित्रता की कोशिश कर रहे थे। कहा जा रहा है कि उनके शव को रेत में ही गाड़ दिया गया है। पुलिस ने 6 मछुआरों और अंडमान निवासी के एस ऐलेक्जेंडर को चाऊ की मदद करने और नियम तोड़ने के लिए गिरफ्तार किया है।

अंडमान व निकोबार डीजीपी दीपेंद्र पाठक ने बताया, ‘चाऊ छठी बार पोर्ट ब्लेयर की यात्रा कर रहे थे। उन्होंने मछुआरों को उत्तरी सेंटिनल आइलैंड भेजने में मदद के लिए 25 हजार रुपये दिए थे। मछुआरे 15 नवंबर की रात उन्हें आइलैंड के पश्चिमी सीमा तक एक छोटी नाव से ले गए। वहां से अगले दिन चाऊ एक नाव लेकर अकेले ही आइलैंड तक गए। पुलिस ने 13 पन्नों का नोट अपने कब्जे में ले लिया है जिसे चाऊ ने लिखा था और द्वीप पर जाने से पहले मछुआरों को सौंप दिया था।

शव के पास आदिवासी कर रहे थे अनुष्ठान
सूत्रों ने बताया, चाऊ अपने दोस्त ऐलेक्जेंडर के यहां पोर्ट ब्लेयर में रह रहे थे और 16 नवंबर को उत्तरी सेंटिनल द्वीप गए थे। आइलैंड में चाऊ ने सेंटिनेलीज के साथ मित्रता करने की कोशिश की। उन्हें फुटबॉल, फिशिंग लाइन और मेडिकल किट भी गिफ्ट किए। 17 नवंबर को करीब सुबह साढ़े छह बजे किनारों से लौटकर आए मछुआरों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने आदिवासियों को किसी लाश के पास अनुष्ठान करते हुए देखा, जो संभवतया चाऊ की हो सकती है।

हवाई सर्वेक्षण के बाद भी शव को कब्जे में नहीं लिया जा सका
मछुआरे पोर्ट ब्लेयर लौटकर आए और ऐलेक्जेंडर को सारी बताई। इसके बाद ऐलेक्जेंडर ने चाऊ की मां को उसकी हत्या के बारे में बताया। उन्होंने चेन्नै में यूएस वाणिज्य दूतावास में अमेरिकी नागरिक सेवाओं के वाइस कंसुलेट जनरल डेविड एन रॉबर्ट्स को ईमेल लिखा। पाठक ने बताया कि भारतीय तटरक्षक द्वीप के नजदीक पहुंचे और एसपी जतिन नारीवाल ने हवाई सर्वेक्षण भी किया, लेकिन शव को नहीं ढूंढ सके। पुलिस वन और आदिवासी कल्याण विभाग से मदद लेकर प्रयास कर रही है।

पुलिस ने मामले में मछुआरे सॉ जंपो, सॉ टैरे, सॉ वाटसन, सॉ मोलियन, एम भूमि, सॉ रेमिस और ऐलेक्जेंडर को आदिवासी जनजातियों (विनियमन) अधिनियम की सुरक्षा का उल्लंघन करने और चाऊ की मौत का कारण बनने के लिए गिरफ्तार किया है।
धर्म प्रचार के इरादे से गए थे सेंटिनल!
बताया जा रहा है कि आदिवासी इतने गुस्से में थे कि उन्होंने शव लेने पहुंचे हेलिकॉप्टर को भी नहीं उतरने दिया। आदिवासी अपने यहां किसी भी घुसपैठ को हमले की तरह देखते हैं। यह भी कहा जा रहा है कि चाऊ का मकसद उस द्वीपीय इलाके के लोगों में ईसाई धर्म का प्रचार करना था। नवंबर की 14 तारीख को इनकी पहली कोशिश नाकाम रही, फिर वह 16 नवंबर को पूरी तैयारी के साथ पहुंचे।