रोहित शेखर की हत्या के आरोप में पत्नी अपूर्वा शुक्ला गिरफ्तार

0
515

नई दिल्ली। रोहित शेखर तिवारी की संदिग्ध हालातों में हुई मौत के बाद पुलिस ने उनकी पत्नी अपूर्वा शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आज दोपहर तीन बजे इस मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। बता दें रविवार को पुलिस ने अपूर्वा शुक्ला और घर के दो नौकरों को हिरासत में लिया था। शनिवार रात को भी क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने अपूर्वा से करीब 8 घंटे तक पूछताछ की थी।

गौरतलब है कि स्व। एनडी तिवारी की पत्नी और रोहित शेखर की मां उज्जवला ने शुक्रवार को कहा था कि उनके बेटे और बहू अपूर्वा के बीच रिश्ते अच्छे नहीं थे। उन्होंने कहा था कि यह मेरे लिए झटके से कम नहीं है। मैं विश्वास नहीं कर पा रही हूं कि मेरे बेटे की हत्या की गई है। उन्होंने कहा कि ऐसा क्या था जो रोहित दोपहर में 4 बजे तक सोता रहा। शेखर और उसकी पत्नी के बीच शादी के पहले ही दिन से विवाद थे।

इससे पहले आई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मौत से कुछ दिन पहले रोहित शेखर और उनकी पत्नी अपूर्वा के बीच काफी झगड़ा हुआ था। झगड़े के बाद अपूर्वा अपने मायके इंदौर चली गई थीं। करीब 15 दिन पहले ही वह दिल्ली लौटी थीं।