जोरहाट। असम के जोरहाट मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में पिछले 9 दिन में 18 नवजात शिशुओं की मौत की खबर से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। विभाग ने डायरेक्टर आॅफ मेडिकल एजुकेशन के नेतृत्व में मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। साथ ही, शनिवार को यूएनआईसीईएफ (युनाइटेड नेशन्स इंटरनैशनल चिलड्रन्स इमरजेंसी फंड) का एक प्रतिनिधि अस्पताल का दौरा करने वाला है।
Assam: 18 newborn infant deaths in Jorhat Medical College in 9 days
मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल और चीफ सुपरिंटेंडेंट देबाजीत हजारिका ने तीन बच्चों की मौत की पुष्टि की है और बताया है कि पीडियाट्रिक्स विभाग के हेड प्रणबजीत बिस्वनाथ के नेतृत्व में आंतरिक जांच कर रिपोर्ट शुक्रवार को दी गई है। उन्होंने बताया, ‘आंतरिक जांच समिति की रिपोर्ट के मुताबिक 1 नवंबर से अब तक स्पेशल केयर न्यूबॉर्न यूनिट(एससीएनयू) में 15 बच्चों की मौत जटिल डिलिवरी और जरूरी इन्फ्रास्ट्रक्चर की कमी के चलते हो गई।’
उन्होंने बताया कि 10 बच्चों की मौत जन्म के वक्त कम वजन और तीन की मौत दिल से जुड़ी बीमारी के कारण हो गई। पिछले तीन दिन में तीन बच्चों की मौत हो गई। रेकॉर्ड्स के मुताबिक मेडिकल कॉलेज के नए एससीएनयू में केवल 40 बच्चे आ सकते हैं लेकिन अस्पताल ने 1 नवंबर से 6 नवंबर के बीच बेड शेयर करवाते हुए 80 बच्चे भर्ती कर लिए। हजारिका ने बताया कि सरकार से एससीएनयू की क्षमता 40 से बढ़ाकर 100 करने की मांग की है।

