एस्ट्रोनॉट शुभांशु दिल्ली पहुंचे, पीएम से मिलेंगे:एयरपोर्ट पर मंत्री जितेंद्र सिंह ने स्वागत किया; लखनऊ में मां बोलीं- बेटे का बेसब्री से इंतजार

0
127

TIO लखनऊ

लखनऊ के एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला अमेरिका से भारत आ गए हैं। वे रविवार सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरे। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने उनका स्वागत किया। शुभांशु के पिता शंभु दयाल शुक्ला भी साथ थे।

शुभांशु आज पीएम मोदी से मिल सकते हैं। इसके बाद बेंगलुरु जाएंगे। 23 अगस्त को इसरो के इंटरनेशनल स्पेस-डे सेलिब्रेशन में शामिल होंगे। 25 अगस्त को अपने घर लखनऊ आ सकते हैं।

शुभांशु ने 16 अगस्त को टेक्सास के जॉर्ज बुश इंटर कॉन्टिनेंटल एयरपोर्ट (IAH) से भारत के लिए उड़ान भरी थी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करके जानकारी दी थी। लिखा था- यूं ही चला चल राही… जीवन गाड़ी है, समय पहिया। मुझे अपने देश पहुंचने की बेसब्री है।

एक्सियम मिशन-4 के तहत 25 जून को शुभांशु शुक्ला सहित चार एस्ट्रोनॉट इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन के लिए रवाना हुए थे। 26 जून को भारतीय समयानुसार शाम 4:01 बजे ISS पहुंचे थे। 18 दिन रहने के बाद 15 जुलाई को पृथ्वी पर लौटे थे। कैलिफोर्निया के तट पर लैंडिंग हुई थी।

दिल्ली में प्रौद्योगिकी और पृथ्वी विज्ञान मंत्री जितेंद्र सिंह, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और अन्य लोगों ने शुभांशु और उनके परिवार का गर्मजोशी से स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद शुभांशु ने बेटे किआश को गले लगाया।

भारत वापस आने के लिए विमान में बैठते ही मेरे दिल में कई तरह की भावनाएं उमड़ रही हैं। मुझे उन शानदार लोगों को पीछे छोड़कर जाने का दुख है, जो इस मिशन के दौरान एक साल से मेरे दोस्त और परिवार थे। मैं मिशन के बाद पहली बार अपने दोस्तों, परिवार और देशवासियों से मिलने को लेकर उत्साहित हूं।

मुझे लगता है कि जिंदगी यही है… सबकुछ एक साथ। मिशन के दौरान और बाद में सभी से अविश्वसनीय प्यार और समर्थन मिला। मुझे अपने देश पहुंचने की बेसब्री है। मैं आप सभी के साथ अपने अनुभव साझा करने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। अलविदा कहना मुश्किल होता है, लेकिन हमें जिंदगी में आगे बढ़ते रहना चाहिए।

जैसा कि मेरी कमांडर @astro_peggy (पैगी व्हिटसन) प्यार से कहती हैं- अंतरिक्ष उड़ान में एकमात्र स्थिर चीज बदलाव है। मेरा मानना है कि यह बात जिंदगी पर भी लागू होती है। मुझे लगता है- यूं ही चला चल राही…जीवन गाड़ी है… समय पहिया।

शुभांशु शुक्ला स्पेस स्टेशन में 18 दिन रहने के बाद 15 जुलाई को पृथ्वी पर लौटे थे।
शुभांशु शुक्ला स्पेस स्टेशन में 18 दिन रहने के बाद 15 जुलाई को पृथ्वी पर लौटे थे।

मां बोलीं- बेटे को सीने से लगाकर प्यार-दुलार करूंगी शुभांशु की मां आशा शुक्ला ने दैनिक भास्कर से कहा-वो मेरे लिए पत्नी और बच्चों के साथ अमेरिका से वापस आया है। बेटा 25 अगस्त को लखनऊ पहुंचेगा। एक मां जैसे अपने बच्चे का स्वागत करती है, वैसे ही हम भी उसका स्वागत करेंगे।

उसे सीने से लगाकर बहुत सारा प्यार-दुलार करूंगी। ये गर्व का पल है। पूरे देश के लिए ये अद्भुत क्षण है। ऐसे में हर कोई उनसे मिलना चाहता है। अब मेरे अलावा वो पूरे देश का भी बेटा बन चुका है। मुझे पता चला है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में बेटे से मुलाकात करेंगे, लेकिन अभी आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।

मां ने कहा- यह पूरे देश के लिए अद्भुत क्षण है।

16 महीने बाद लखनऊ आएंगे शुभांशु मां आशा शुक्ला ने बताया- अगस्त 2024 में शुभांशु अमेरिका के लिए रवाना हुए थे। इससे 4 महीने पहले यानी अप्रैल में लखनऊ से बेंगलुरु गए थे। तब उनसे भेंट नहीं हुई थी। अब करीब 16 महीने बाद वो लखनऊ आएंगे तो मुलाकात होगी।

अमेरिका जाने से पहले ISRO में उनकी कई महीनों की ट्रेनिंग हुई थी। इसके बाद फाइनली अमेरिका गए थे। 18 दिन के अंतरिक्ष मिशन के बाद वे 15 जुलाई को अमेरिका लौटे थे।

लखनऊ में शुभांशु के घर में रविवार को बेहद कम चहल-पहल है।
लखनऊ में शुभांशु के घर में रविवार को बेहद कम चहल-पहल है।

लखनऊ में तैयारी, सीएम को न्योता भेजा गया शुभांशु ने जिस लखनऊ के सिटी मॉन्टेसरी स्कूल से पढ़ाई की है, उसके प्रवक्ता ऋषि खन्ना ने बताया कि 25 अगस्त को शुभांशु के स्वागत में एयरपोर्ट से लेकर सीएमएस गोमतीनगर एक्सटेंशन तक रैली निकाली जाएगी।

इसके बाद CMS के गोमतीनगर एक्सटेंशन ब्रांच में ही उनका सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें सीएम योगी को आमंत्रित किया गया है। इस दौरान उनके परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहेंगे।